यूक्रेन ने रूस के सोची तट के पास ऑयल टैंकर पर किया हमला, 23 भारतीयों को बचाया गया
जहाज पर सवार सभी 23 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी चालक दल के सदस्य भारतीय नागरिक हैं।

रूस के दक्षिणी तट के पास काला सागर में एक ऑयल टैंकर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। रूस के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, लाइबेरिया के झंडे वाले इस टैंकर को यूक्रेन के एक नेवल ड्रोन ने निशाना बनाया था। हमले के बाद टैंकर से उठता काला धुआं रूस के रिसॉर्ट शहर सोची के कुछ इलाकों से भी साफ दिखाई दिया।
राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 23 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी चालक दल के सदस्य भारतीय नागरिक हैं। आग इतनी तेज थी कि दमकलकर्मियों को शुरुआती दौर में उस पर काबू पाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर सामने आए सोची के वीडियो और तस्वीरों में समुद्र के किनारे जहाज से उठती आग की ऊंची लपटें और आसमान में फैलता घना काला धुआं नजर आया। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए समुद्र तटों और कुछ तटीय इलाकों में लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी।
सिरियस फेडरल टेरिटरी के प्रमुख दिमित्री प्लिशकिन ने भी टैंकर में आग लगने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके के समुद्र तटों को कुछ समय के लिए बंद किया गया है। साथ ही, समुद्र और हवा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्लिशकिन के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन रूस की हाइड्रोमेटियोरोलॉजिकल सर्विस के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रख रहा है। अधिकारियों ने लोगों से एहतियात के तौर पर घरों के अंदर रहने और खिड़कियां बंद रखने की अपील की है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का असर काला सागर में समुद्री परिवहन और ऊर्जा ढांचे पर भी लगातार देखने को मिल रहा है। दोनों पक्ष एक-दूसरे से जुड़े ऊर्जा केंद्रों और कमर्शियल शिपिंग को निशाना बनाने के आरोपों का सामना कर रहे हैं।
रूस पर हाल में रोमानियाई तट के पास यूक्रेनी सामान ले जाने वाले अनाज जहाजों पर हमले के आरोप लगे हैं। वहीं, यूक्रेन लगातार रूस के तेल और ऊर्जा ढांचे को निशाना बना रहा है। कीव का कहना है कि रूस के शहरों और बुनियादी ढांचे पर किए जा रहे हमलों के जवाब में ये कार्रवाई की जा रही है।
