दुनिया की खबरें: रूस पर यूक्रेन का भीषण ड्रोन हमला, वेनेजुएला में भूकंप के बाद मलबे से अपनों को ढूंढ रहे लोग

वेनेजुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 589 हो गई है। रोड्रिगेज ने कहा कि हम मलबे में फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हम इस काम में दिन-रात जुटे हुए हैं।

फोटो: PTI
i

वेनेजुएला में बुधवार को आए दो विनाशकारी भूकंप के झटकों से तबाह उत्तरी शहरों में लोग अपने लापता प्रियजनों को मलबे में तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच, देश में भूकंप में मरने वाले की संख्या बढ़कर 589 हो गई है जबकि हजारों अन्य लोग घायल हुए हैं।

कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने घोषणा की कि देश में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 589 हो गई है। उन्होंने सरकारी और सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दुनिया भर से आए बचाव दलों की अगवानी करते हुए यह जानकारी साझा की।

रोड्रिगेज ने कहा, ‘‘हम मलबे में फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हम इस काम में दिन-रात जुटे हुए हैं।’’

कार्यवाहक राष्ट्रपति ने कहा कि बुधवार शाम आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप से ला गुएरा राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि वहां सेना तैनात कर दी गई है और बचाव दल जीवित बचे लोगों की तलाश करने के साथ-साथ भोजन और पानी भी बांट रहे हैं।

भूकंप के बाद हज़ारों लोगों के लापता होने और ज़ोर-शोर से बचाव कार्य जारी रहने के कारण हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन ने कहा कि वेनेजुएला में भूकंप से 67 लाख तक लोग प्रभावित हो सकते हैं, जिनमें से लगभग 20 लाख लोग अकेले राजधानी काराकस में प्रभावित होंगे।

अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस की क्षेत्रीय निदेशक लॉयस पेस ने कहा, ‘‘लोग अपने घरों में वापस जाने से डर रहे हैं।’’

घायलों को धूल और खून से लथपथ हालत में मलबे से बाहर निकाला गया। इनमें बच्चे और पशु भी शामिल थे। वेनेजुएला के सरकारी टेलीविजन ने बचाव अभियानों के मार्मिक दृश्य प्रसारित किए। इनमें एक महिला सीमेंट के भारी स्लैब के नीचे फंसी हुई दिखाई दी और मलबे से उसके एक पैर का हिस्सा ही दिखाई दे रहा था, बचाव दल ने काफी प्रयास के बाद उसे जीवित बाहर निकाल लिया। लेकिन काराकस के बाहर सीमित संख्या में ही सरकारी बचाव दल दिख रहे हैं।

दुबई में मिसाइल के आने की चेतावनी देते हुए अलर्ट जारी किया गया

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अधिकारियों ने शुक्रवार को दुबई के लिए मिसाइल हमले का अलर्ट जारी किया। स्थानीय समयानुसार शाम 5:15 बजे के तुरंत बाद जारी की गई इस चेतावनी का कारण तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका।

ओमान के तट के पास बृहस्पतिवार को एक टैंकर पर ड्रोन हमले के लिए ईरान पर शक जताया जा रहा है।

ईरान, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने नियंत्रण को लेकर इस क्षेत्र और अमेरिका को लगातार चुनौती दे रहा है, जबकि ईरान युद्ध को लेकर अभी एक अंतरिम समझौता जारी है।

कुछ मिनटों बाद अधिकारियों ने बिना कोई विस्तृत जानकारी दिए ‘ऑल क्लियर’ (खतरा टल जाना) का संकेत दे दिया। ‘एपी’ की खबर के अनुसार, दुबई की तरफ मिसाइल के आने के अलर्ट के बाद अधिकारियों ने लोगों से ‘पिछले अलर्ट को नजरअंदाज’ करने के लिए कहा।


यूक्रेन ने रूस पर भीषण ड्रोन हमला किया, मॉस्को ने 660 ड्रोन नष्ट किए

रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि उसने वायु रक्षा प्रणाली के जरिये 12 रूसी क्षेत्रों के ऊपर, साथ ही अवैध रूप से कब्जाए गए क्रीमिया और आसपास के क्षेत्र में रातभर में यूक्रेन के 660 ड्रोन को बीच में रोक कर उन्हें नष्ट कर दिया।

रूस की ओर से 2022 में यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर किए गए आक्रमण के बाद से इसे सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है। यूक्रेन का इससे पहले का सबसे बड़ा हमला 17 मई को हुआ था, जब उसने 556 ड्रोन दागे थे।

यह बड़ा हमला यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा ‘एक्स’ पर दिए गए बयान के कुछ घंटों बाद हुआ। जेलेंस्की ने कहा था कि उन्होंने ‘‘40 दिनों का एक अभियान’’ शुरू करने का आदेश दिया है। माना जा रहा है कि इसका आशय हमलों में तीव्रता लाने से है, जिसका उद्देश्य रूस को युद्ध समाप्त करने के लिए मजबूर करना है।

पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन ने रूस के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा केन्द्रों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। इन हमलों से रूस में ईंधन की कमी और सैन्य आपूर्ति लाइनों में बाधा उत्पन्न हुई है, जिससे चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध में मॉस्को के सैन्य अभियानों पर असर पड़ा है।

मॉस्को के दक्षिण में स्थित तुला क्षेत्र में एक निजी घर इस हमले में क्षतिग्रस्त हो गया और एक महिला घायल हो गई। क्षेत्रीय गवर्नर दिमित्री मिल्यायेव ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बिजली की लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है और नोवोमोस्कोव्स्क शहर में एक अज्ञात औद्योगिक इकाई को नुकसान पहुंचा है।

रूस के स्वतंत्र ऑनलाइन माध्यम ‘एस्ट्रा’ ने अपनी खबर में कहा कि नोवोमोस्कोव्स्क में एक रासायनिक संयंत्र और एक जलविद्युत संयंत्र पर भी हमला हुआ और उनमें आग लग गई। अधिकारियों की ओर से भी इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने भी बताया कि राजधानी की ओर आने वाले 47 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। हालांकि उन्होंने किसी प्रकार की जनहानि या क्षति की जानकारी नहीं दी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए