इस्लामाबाद वार्ता बेनतीजा, जेडी वेंस बोले- ईरान ने ठुकराईं शर्तें, अमेरिका बिना समझौते लौटा

इस्लामाबाद में 21 घंटे चली अमेरिका-ईरान वार्ता बेनतीजा रही है। जेडी वेंस ने कहा कि ईरान ने अमेरिका की शर्तें ठुकरा दी हैं।

अमेरिक के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस
i
user

नवजीवन डेस्क

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच चली 21 घंटे लंबी गहन वार्ता बेनतीजा रही है। अमेरिक के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट कहा, “दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके। मुझे लगता है कि यह अमेरिका से ज्यादा ईरान के लिए बुरी खबर है। हमने समझौता नहीं किया है। उन्होंने हमारी शर्तें स्वीकार नहीं करने का विकल्प चुना है।”

वेंस ने यह भी कहा कि अमेरिका बातचीत के लिए खुले मन से आया था, लेकिन अब बिना किसी समझौते के लौट रहा है।

 21 घंटे की बातचीत, लेकिन नहीं बनी सहमति

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुई इस उच्चस्तरीय वार्ता को लेकर वेंस ने कहा, “हम पिछले 21 घंटों से इस पर काम कर रहे हैं और ईरानियों के साथ कई ठोस चर्चाएं हुई हैं… यह अच्छी खबर है। लेकिन बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके।”

उन्होंने दोहराया कि अमेरिका ने अपनी ओर से पूरी कोशिश की, लेकिन अंत में सहमति नहीं बन पाई।


परमाणु मुद्दे पर अड़ा गतिरोध

इस वार्ता में सबसे बड़ा विवाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर रहा। वेंस ने कहा कि अमेरिका ने अपनी “लाल रेखाएं” स्पष्ट कर दी थीं और यह भी बताया था कि किन मुद्दों पर समझौता संभव है और किन पर नहीं।

उन्होंने कहा कि अमेरिका ने “अंतिम और सर्वोत्तम प्रस्ताव” रखा था, लेकिन ईरान ने उसे स्वीकार नहीं किया। अमेरिका का स्पष्ट रुख था कि उसे यह गारंटी चाहिए कि ईरान भविष्य में कभी भी परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं करेगा।  

पाकिस्तान की भूमिका की सराहना

वेंस ने बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका की सराहना करते हुए कहा, “बातचीत में जो भी कमियां रहीं, वह पाकिस्तानियों की वजह से नहीं थीं। उन्होंने बेहतरीन काम किया और हमारे तथा ईरानियों के बीच दूरी कम करने की पूरी कोशिश की।”

उन्होंने साफ किया कि वार्ता की विफलता के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार नहीं है, बल्कि यह दोनों पक्षों के बीच शर्तों पर सहमति न बन पाने का परिणाम है।


जेडी वेंस अपनी टीम के साथ अमेरिका रवाना

ईरान के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी टीम के साथ इस्लामाबाद से अमेरिका के लिए रवाना हो गए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia