US Midterm Elections: नतीजों के बाद ईरान में जश्न, तेहरान में ट्रंप-नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन, विरोध में पोस्टर जलाए

अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के खराब प्रदर्शन के पीछे कई अहम कारण माने जा रहे हैं। इनमें ईरान के साथ सैन्य तनाव और देश में लगातार बढ़ती महंगाई प्रमुख मुद्दे रहे।

फोटो: सोशल मीडिया
i

अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। चुनावी नतीजों का असर ईरान में भी देखने को मिला। राजधानी तेहरान में सरकार समर्थकों और कट्टरपंथी संगठनों के लोगों ने ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के पोस्टर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के कमजोर प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की और ट्रंप प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

ईरान युद्ध और महंगाई ने बढ़ाई ट्रंप की मुश्किलें

अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के खराब प्रदर्शन के पीछे कई अहम कारण माने जा रहे हैं। इनमें ईरान के साथ सैन्य तनाव और देश में लगातार बढ़ती महंगाई प्रमुख मुद्दे रहे। चुनाव प्रचार के दौरान पेट्रोल की कीमतों और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के महंगे होने से आम अमेरिकी नागरिकों में नाराजगी देखने को मिली।

विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने इन मुद्दों को चुनाव प्रचार में प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा ईरान के साथ जारी संघर्ष को लेकर भी अमेरिकी मतदाताओं के बीच चिंता बनी हुई थी। चुनाव परिणामों ने दिखाया कि विदेश नीति के फैसले और घरेलू आर्थिक हालात किसी भी सरकार के राजनीतिक भविष्य को प्रभावित कर सकते हैं।

ट्रंप बोले- मौका मिला तो ईरान पर फिर करेंगे हमला

चुनावी नुकसान के बावजूद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के अपने फैसले का बचाव किया। उन्होंने स्वीकार किया कि ईरान के साथ युद्ध के चलते पेट्रोल की कीमतों में इजाफा हुआ, जिसका सीधा असर अमेरिकी नागरिकों की जेब पर पड़ा।

वहीं, डेमोक्रेट्स की ओर से महाभियोग लाए जाने की संभावनाओं पर ट्रंप ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की कार्रवाई की कोई चिंता नहीं है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर विपक्ष ने महाभियोग की कोशिश की तो उसे इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

जेडी वेंस ने भी ईरान युद्ध को माना चुनावी नुकसान की वजह

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी रिपब्लिकन पार्टी के कमजोर चुनावी प्रदर्शन के पीछे ईरान युद्ध को एक बड़ी वजह बताया। उनके मुताबिक, युद्ध के कारण पैदा हुई आर्थिक परेशानियों ने मतदाताओं के रुख को प्रभावित किया।

वेंस के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी बात में दम है, लेकिन ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना अमेरिका के लिए जरूरी था। इससे साफ है कि चुनाव में नुकसान के बाद भी ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ अपनी सैन्य और विदेश नीति को सही ठहराने में जुटा हुआ है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए