2028 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले ट्रंप से दूरी बना रहे हैं वेंस, अमेरिका के पूर्व एनएसए बोल्टन का बड़ा दावा
बोल्टन ने वेंस की टिप्पणी को ‘‘पूरी तरह गलत’’ और ‘‘राजनीतिक रूप से बड़ी गलती’’ बताया। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ने अर्थव्यवस्था, बढ़ती कीमतों और ट्रंप की शुल्क नीतियों को लेकर मतदाताओं की व्यापक नाराजगी को नजरअंदाज किया।

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जॉन बोल्टन ने कहा है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में संभावित उम्मीदवार बनने की तैयारी के तहत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दूरी बनाने की कोशिश कर रहे हैं और वह रिपब्लिकन पार्टी को मध्यावधि चुनाव में हुए नुकसान के लिए ईरान युद्ध को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
‘पीटीआई’ को दिए एक साक्षात्कार में बोल्टन ने वेंस की टिप्पणी को ‘‘पूरी तरह गलत’’ और ‘‘राजनीतिक रूप से बड़ी गलती’’ बताया। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ने अर्थव्यवस्था, बढ़ती कीमतों और ट्रंप की शुल्क नीतियों को लेकर मतदाताओं की व्यापक नाराजगी को नजरअंदाज किया।
बोल्टन ने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि वेंस के बयान के पीछे एक कारण यह है कि यह उनके 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीवार बनने के अभियान की शुरुआत है। वह यहां राजनीतिक रूप से बेहद जोखिम भरा कदम उठा रहे हैं।’’ बोल्टन ने तर्क दिया कि ईरान युद्ध मतदाताओं की नाराजगी का इकलौता कारण नहीं था। उन्होंने कहा कि ट्रंप की ओर से शुल्क लगाए जाने के कारण महंगाई काफी अधिक बढ़ गई।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोल्टन ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन प्रशासन की तुलना में आर्थिक चिंताओं को बेहतर ढंग से दूर करने का वादा किया था, लेकिन पद संभालने के बाद वह ऐसा करने में नाकाम रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘मतदाताओं ने उनकी बात पर भरोसा किया। उन्होंने कहा कि हमें भरोसा है कि ट्रंप इन मुद्दों को बाइडन और (पूर्व उपराष्ट्रपति) कमला हैरिस से बेहतर ढंग से संभाल सकते हैं। इसलिए वह चुनाव जीतकर सत्ता में आए, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। बल्कि, अगर कुछ हुआ है तो वह यह है कि (ट्रंप) और अधिक समस्याएं पैदा कर रहे हैं।’’
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
