Video: बांग्लादेश में बड़ा हादसा, राजबारी में बस के नदी में गिरने से 24 लोगों की मौत, लापता लोगों की तलाश जारी

स्थानीय अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, 24 शव बरामद किए गए हैं। बस के अंदर से 11 महिलाओं, छह पुरुषों और पांच बच्चों समेत 22 लोगों के शव मिले।

फोटो: स्क्रीनग्रैब
i
user

नवजीवन डेस्क

बांग्लादेश में एक बस के परिवहन नौका पर चढ़ने की कोशिश के दौरान नदी में गिर जाने से कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बस दक्षिण-पश्चिमी राजबारी जिले में दौलाडिया टर्मिनल पर बुधवार शाम करीब सवा पांच बजे पद्मा नदी में गिर गई।

अधिकारियों का अनुमान है कि ढाका जा रही इस बस में बच्चों समेत करीब 40 यात्री सवार थे और उनमें से अधिकतर ईद की छुट्टियां मनाकर राजधानी लौट रहे थे।

स्थानीय अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, 24 शव बरामद किए गए हैं। बस के अंदर से 11 महिलाओं, छह पुरुषों और पांच बच्चों समेत 22 लोगों के शव मिले।

दमकल सेवा के अधिकारी सोहेल राणा ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमजा (बचाव पोत) ने क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला।’’

उन्होंने बताया कि गोताखोरों ने इससे पहले दो महिलाओं के शव बरामद किए थे और शेष 22 शव खराब मौसम के बीच छह घंटे के प्रयास के बाद बस को नदी से बाहर निकाले जाने पर बुधवार मध्यरात्रि के करीब मिले।

राणा ने बताया कि दमकल सेवा और तटरक्षक बल के गोताखोर सेना और पुलिस की मदद से लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।


राजबारी जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बचाव अभियान की अद्यतन जानकारी लेने के लिए उनसे फोन पर बात की और हादसे की जांच के आदेश दिए।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने पहले बताया था कि करीब 11 यात्री तैरकर किनारे पहुंचने में सफल रहे या उन्हें बचा लिया गया।

टर्मिनल के पर्यवेक्षक मोनिर हुसैन ने कहा, ‘‘जब बस पंटून (जलाशय में तैरता पुल) से नौका की ओर बढ़ रही थी तभी एक छोटी सहायक नौका पंटून से टकरा गई और बस चालक के स्टेयरिंग पर से नियंत्रण खो देने के कारण बस नदी में जा गिरी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बस हमारी आंखों के सामने नदी में गिर गई और हम कुछ नहीं कर सके।’’

दौलाडिया स्वास्थ्य संस्थान के चिकित्सकों ने कहा कि दो महिलाओं के शव लाए गए जबकि एक अन्य महिला का उपचार किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों में से कई एक ही परिवार के सदस्य थे और उनमें से कई लोग बाहर खड़े होने के कारण बच गए लेकिन उनके रिश्तेदार बस के भीतर थे जिस कारण वे डूब गए।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia