बांग्लादेश में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा, कई जिलों में झड़पें, घरों को किया आग के हवाले

पांच जिलों में बढ़ती हिंसा के बीच कम से कम नौ लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक घर को आग के हवाले कर दिया गया।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

बांग्लादेश में चुनाव के बाद भी अलग-अलग इलाकों से हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। पांच जिलों में बढ़ती हिंसा के बीच कम से कम नौ लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक घर को आग के हवाले कर दिया गया।

नटोर जिले में BNP गुटों के बीच झड़प, छह घायल

हिंसा के बीच शनिवार रात नटोर जिले के लालपुर उपजिला में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच झड़प हो गई। इस घटना में कम से कम छह लोग घायल हुए।

बांग्लादेशी अखबार द डेली स्टार के अनुसार, लालपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद मोजिबर रहमान ने बताया कि पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और मौके से एक बंदूक भी बरामद की गई है। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।

शेरपुर में जमात पर हमले का आरोप, BNP कार्यकर्ता घायल

एक अन्य घटना में शेरपुर जिले के सदर उपजिला में जमात-ए-इस्लामी के सदस्यों पर हमला करने का आरोप लगा है, जिसमें एक BNP कार्यकर्ता घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान 35 वर्षीय गियासुद्दीन रसेल के रूप में हुई है, जो शेरपुर-1 सीट से BNP की पराजित उम्मीदवार संसिला जेब्रिन प्रियंका के चुनाव एजेंट थे।

फेनी जिले में जमात कार्यकर्ता पर हमला

फेनी जिले के दगनभुयान उपजिला के दक्खिन भबानीपुर गांव में भी शनिवार को हिंसा की खबर सामने आई। यहां कथित तौर पर BNP कार्यकर्ताओं ने एक जमात समर्थक नूरुल अबसार बेलाल पर उनके घर में हमला किया। घायल को पहले स्थानीय हेल्थ कॉम्प्लेक्स ले जाया गया, बाद में फेनी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हिंसा की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकार पर हमला

जमालपुर जिले के दीवानगंज उपजिला में चुनाव बाद की हिंसा को कवर कर रहे स्थानीय पत्रकार शमसुल हुदा रतन पर भी हमला किए जाने का आरोप है। रतन ने बताया कि वह मोंडोल बाजार में जानकारी जुटा रहे थे, तभी BNP की यूथ विंग जुबो दल के एक नेता और उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं अभी भी बीमार हूं और इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराऊंगा।”

खुलना में जमात समर्थक के घर में आगजनी

शनिवार रात खुलना जिले के फुलतला उपजिला के मशियाली गांव में एक गैंग द्वारा जमात समर्थक शोकोर अकुंजी के घर में आग लगा दी गई।
शोकोर के बेटे अब्दुर रज्जाक ने कहा कि वे हमलावरों की पहचान नहीं कर सके हैं।

चुनावी हिंसा पर मानवाधिकार संगठन की रिपोर्ट

ढाका स्थित ह्यूमन राइट्स सपोर्ट सोसाइटी (HRSS) ने अपनी ताजा रिपोर्ट में बताया कि 13वें नेशनल पार्लियामेंटरी चुनाव के दौरान अक्टूबर 2025 से 14 फरवरी के बीच चुनाव से जुड़ी हिंसा में कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 2,503 लोग घायल हुए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक 34 लोगों को गोली लगी, जबकि 500 से अधिक घरों, वाहनों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, चुनाव कार्यालयों और मतदान केंद्रों में तोड़फोड़, लूटपाट या आगजनी की गई।