अमेरिकी उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने वाली कमला हैरिस कौन हैं? जिन पर भारत-अमेरिका, दोनों देशों को है गर्व!

अमेरिकी उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने वाली कमला हैरिस ने कई मिसालें कायम की हैं। हैरिस सेन फ्रांसिस्को की डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी बनने वाली पहली महिला, पहली भारतीय मूल और पहली अफ्रीकी अमेरिकी हैं। ओबामा के कार्यकाल में वह ‘फीमेल ओबामा’ के नाम से मशहू थीं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अमेरिका में अपना लोहा मनवाने और उपराष्ट्रपति पद पर जीत का पर्चम लहराने वाली भारतीय मूल की कमला हैरिस के परिवार में जश्न का माहौल है। कमला हैरिस के पैतृक गांव तमिलनाडु के थुलेसेंद्रपुरम में लोग जश्न मना रहे हैं मिठाइयां बांट रहे हैं। बिटिया की जीत की खुशी में लोग नाच और गा रहे हैं। पैतृक गांव में महिलाओं ने रंगोली बनाकर कमला हैरिस को जीत की बधाई दी है।

तमिलनाडु के थुलेसेंद्रपुरम से कमला हैरिस की मां का अमेरिका तक का सफर इतिहास बन गया है। हर कोई उनके बारे में बात कर रहा और उनकी चर्चा कर रहा है। जो लोग उनके बार में नहीं जानते, उनके मन में एक सवाल है और वो यह है कि अमेरिका में उपराष्ट्रपति पद पर चुनाव जीतने वाले कमला हैरिस कौन हैं?

‘फीमेल ओबामा’ के नाम से मशहूर कमला हैरिस सीनेट की सदस्य पहली बार ही बनी थीं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने वाले जो बिडेन ने अगस्त में उप राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी के रूप में कमला हैरिस को चुना था। राष्ट्रपति पद के अपने सपनों को हैरिस ने चुनाव प्रचार और वित्तीय संसाधनों के अभाव का हवाला देते हुए त्याग दिया था। अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी बिडेन की किसी समय में हैरिस कटु आलोचक रहीं 56 साल की कमला हैरिस सीनेट के तीन एशियाई अमेरिकी सदस्यों में से एक हैं।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति पद पर जीत का पताका फहराने वाली कमला हैरिस ने कई मिसालें कायम की हैं जो अमेरिका के साथ भारत के लिए भी एक नजीर बन गया है। हैरिस सेन फ्रांसिस्को की डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी बनने वाली पहली महिला, पहली भारतीय मूल और पहली अफ्रीकी अमेरिकी हैं। ओबामा के कार्यकाल में वह ‘फीमेल ओबामा' के नाम से मशहू थीं।


20 अक्टूबर, 1964 को कैलिफोर्निया के ओकलैंड में जन्मी कमला देवी हैरिस की मां श्यामला गोपालन 1960 में भारत के तमिलनाडु से यूसी बर्कले आई थीं। वहीं, हैरिस के पिता डोनाल्ड जे हैरिस 1961 में ब्रिटिश जमैका से इकोनॉमिक्स में स्नातक की पढ़ाई करने यूसी बर्कले आए थे। यहीं पढ़ाई के दौरान दोनों की मुलाकात हुई और मानव अधिकार आंदोलनों में हिस्सा लेने के दौरान उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया।

हाई स्कूल के बाद हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने वाली कमला हैरिस जब 7 बरस की थीं तभी उनके माता-पिता एक दूसरे से अलग हो गए। कमला और उनकी छोटी बहन माया अपनी मां के साथ रहीं। दोनों बहनों के जीवन पर मां का बहुत प्रभाव रहा है। कहते हैं कि वह दौर अश्वेत लोगों के लिए सहज नहीं था। कमला और माया की परवरिश के दौरान उनकी मां ने दोनों को अपनी पृष्ठभूमि से जोड़े रखा और उन्हें अपनी साझा विरासत पर गर्व करना सिखाया। वह भारतीय संस्कृति से गहरे से जुड़ी रहीं।

कमला हैरिस ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ाई के बाद कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। 2003 में वह सेन फ्रांसिस्को की शीर्ष अभियोजक बनीं। 2010 में वह कैलिफोर्निया की अटॉर्नी बनने वाली पहली महिला और पहली अश्वेत थीं। 2017 में कमला हैरिस कैलिफोर्निया से जूनियर अमेरिकी सीनेटर चुनी गईं। हैरिस ने 2014 में जब अपने साथी वकील डगलस एम्पहॉफ से विवाह किया तो वह भारतीय, अफ्रीकी और अमेरिकी परंपरा के साथ साथ यहूदी परंपरा के साथ भी जुड़ गईं। आज कमला हैरिस पर भारत और अमेरिका दोनों देशों के लोगों को गर्व है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 08 Nov 2020, 10:16 AM