चीन पर 1 फरवरी से 10% टैरिफ लगाएगा अमेरिका? राष्ट्रपति ट्रंप शुल्क लगाने के बारे में कर रहे विचार
ट्रंप ने कहा, ‘‘हम चीन पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने पर विचार कर रहे हैं, जो मेक्सिको और कनाडा को चीन द्वारा ‘फेंटानिल’ भेजने के तथ्या पर आधारित होगा।’’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उनकी टीम एक फरवरी से चीन पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने के बारे में विचार कर रही है। ट्रंप ने कहा कि चीन पर शुल्क लगाने का निर्णय इस तथ्य पर आधारित होगा कि वह मेक्सिको और कनाडा को ‘फेंटानिल’ भेज रहा है या नहीं।
‘फेंटानिल’ एक तरह का मादक पदार्थ है जो हेरोइन से 50 गुना अधिक शक्तिशाली और नशा पैदा करने वाला पदार्थ है।
ट्रंप ने ‘व्हाइट हाउस’ में ओरेकल के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) लैरी एलिसन, सॉफ्टबैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मासायोशी सोन और ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, ‘‘हम चीन पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने पर विचार कर रहे हैं, जो मेक्सिको और कनाडा को चीन द्वारा ‘फेंटानिल’ भेजने के तथ्या पर आधारित होगा।’’
एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि वह शुल्क एक फरवरी से प्रभावी करने पर विचार कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मेक्सिको और चीन पर हम 25 प्रतिशत शुल्क लगाने के बारे में बात करते रहे हैं।’’
एक अन्य सवाल के जवाब में, ट्रंप ने कहा कि पिछले हफ्ते जब उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से बात की थी, तो ‘‘शुल्क के बारे में बहुत ज्यादा बात नहीं की।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने चिनफिंग से यूक्रेन में युद्ध रोकने के संबंध में हस्तक्षेप करने को कहा है, इस पर ट्रंप ने कहा कि चीन ने इस संबंध में बहुत ज्यादा कुछ नहीं किया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
