दुनिया की खबरें: यमन की राजधानी सना में हवाई हमले, गैस स्टेशन और तेल कंपनी की इमारत को बनाया निशाना
हूती विद्रोहियों की ओर से संचालित अल-मसीरा टीवी के अनुसार, सऊदी हवाई हमलों ने सना के उत्तर में बनी अल-हारिथ जिले में स्थित अल-मफजर गैस स्टेशन को निशाना बनाया।
यमन की राजधानी सना में मंगलवार को एक गैस सुविधा और एक तेल कंपनी की इमारत पर हवाई हमले किए गए। हूती समूह ने इन हमलों के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है। हमलों के बाद कई जगह आग लग गई और आसपास के कुछ घरों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा।
हूती विद्रोहियों की ओर से संचालित अल-मसीरा टीवी के अनुसार, सऊदी हवाई हमलों ने सना के उत्तर में बनी अल-हारिथ जिले में स्थित अल-मफजर गैस स्टेशन को निशाना बनाया। हमले के कारण गैस ले जा रहे कई टैंकर ट्रेलरों में आग लग गई। चैनल के मुताबिक, आग बुझाने और स्थिति को काबू में करने के लिए सिविल डिफेंस की टीमें लगातार काम कर रही हैं।
एक अन्य हमले में लड़ाकू विमानों ने यमन पेट्रोलियम कंपनी की इमारत को निशाना बनाया। यह सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी है, जो हूती नियंत्रण वाले क्षेत्रों में ईंधन के वितरण और बिक्री का काम करती है। यह इमारत सना के दक्षिणी हिस्से में स्थित है।
रिपोर्ट के अनुसार, इन हवाई हमलों से आसपास के कई घरों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा।
स्थानीय निवासी ने समाचार एजेंसी शिन्हुआ को बताया कि विस्फोट इतने तेज थे कि आसपास के इलाकों में झटके महसूस किए गए। कई घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा और आग फैलने के कारण कई परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े। फिलहाल नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है और अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, सऊदी अरब की ओर से इन कथित हमलों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। हूती समूह दावा करता रहा है कि उसने सऊदी हवाई अड्डों, तेल प्रतिष्ठानों और सैन्य ठिकानों पर कई मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। वहीं सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती नियंत्रण वाले इलाकों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं।
इससे पहले शनिवार को भी सना के पास एक गांव पर हुए हवाई हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई थी। अल-मसीरा टीवी ने उस हमले के लिए भी सऊदी लड़ाकू विमानों को जिम्मेदार ठहराया था। चैनल के मुताबिक, सना के पूर्व में बनी हुशैश जिले के अश-शारियाह गांव में पांच रिहायशी घर पूरी तरह तबाह हो गए थे। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
रूस और यूक्रेन ने युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में चार घंटे तक वार्ता की
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में मंगलवार को अबू धाबी में चार घंटे तक त्रिपक्षीय वार्ता हुई।
‘व्हाइट हाउस’ ने बातचीत शुरू होने से पहले कहा कि अबू धाबी में दो दिन तक चलने वाली यह वार्ता फरवरी के बाद इस तरह की पहली बैठक है और इसमें मुख्य रूप से सुरक्षा संबंधी गारंटी पर चर्चा होगी।
अमेरिका इस साल तीन दौर की बातचीत होने के बाद रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त कराने के लिए फिर से प्रयास कर रहा है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप का यह सबसे बड़ा संघर्ष 24 फरवरी 2022 को रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला किए जाने के बाद शुरू हुआ था।
‘आरआईए नोवोस्ती’ समाचार एजेंसी ने बताया कि पहले दिन करीब चार घंटे चर्चा हुई।
यूक्रेन की विदेश खुफिया सेवा के प्रेस कार्यालय के अनुसार, बातचीत बुधवार को फिर शुरू होने की उम्मीद है।
ईरान से खतरे के चलते अमेरिकी वायुसेना ने इंग्लैंड सैन्य अड्डे से ईंधन भरने वाले विमानों को हटाया
अमेरिकी वायुसेना ने ईरान से खतरे के मद्देनजर इंग्लैंड के पूर्वी हिस्से में स्थित अपने सैन्य अड्डे से हवा में ईंधन भरने वाले विमानों को हटा लिया है। ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने मंगलवार को अपनी खबर में यह जानकारी दी।
अखबार ने इस फैसले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया कि आरएएफ मिल्डेनहॉल में तैनात ईंधन भरने वाले दो विमानों को सोमवार को जर्मनी भेज दिया गया। इसके अलावा, बाद में कई अन्य विमानों को भी यूरोप के दूसरे सैन्य अड्डों पर स्थानांतरित कर दिया गया।
‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों को सोमवार को नए खतरे के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने विमानों को दूसरे स्थानों पर भेजने का फैसला किया।
इस बारे में ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के पूछे जाने पर अमेरिकी यूरोपीय कमान के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें इस खबर की जानकारी है। हालांकि, उन्होंने केवल इतना कहा कि वायुसेना विभिन्न कारणों से विमानों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजती रहती है, जिनमें प्रशिक्षण और वास्तविक अभियान संबंधी जरूरतें शामिल हैं।
बांग्लादेश में मदरसे में लगी आग: धुएं के कारण 79 छात्र बीमार, चार की हालत गंभीर
बांग्लादेश में मंगलवार को एक मदरसे में आग लगने के बाद धुएं के कारण कम से कम 79 छात्र बीमार हो गए, जिनमें से चार छात्रों की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज डॉट कॉम’ ने अग्निशमन विभाग के हवाले से बताया कि आग राजधानी ढाका से करीब 16 किलोमीटर दूर नारायणगंज स्थित जामिया अशरफिया मदरसे में लगी।
छात्रों को इलाज के लिए ढाका के ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी’ में ले जाया गया। चिकित्सा संस्थान के चिकित्सक डॉ. सुल्तान महमूद शिकदर ने बताया कि इनमें से 63 छात्रों को अस्पताल में भर्ती किया गया या आपातकालीन निगरानी में रखा गया, जबकि शुरुआती इलाज के बाद 16 छात्रों को छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने बताया कि 14 से 22 साल की उम्र के चार छात्र गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं, जिनमें से एक छात्र को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
