दुनिया की खबरें: बांग्लादेश में कपड़ा श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन,100 फैक्ट्रियां बंद, 16 दिसंबर को हसीना की वापसी!
पुलिस ने बताया कि कई कपड़ा कारखानों के श्रमिक सुबह काम पर आए लेकिन बाद में उन्होंने अधिक वेतन की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन मौचक, भोगरा बाईपास, सलना, मेंबरबारी, कोनाबारी, जरून और बाघेर बाजार सहित कई औद्योगिक क्षेत्रों में फैल गया।

बांग्लादेश के गाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में कई कपड़ा कारखानों के श्रमिकों ने मंगलवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर ढाका-टांगेल और ढाका-मयमनसिंह राजमार्गों को अवरुद्ध कर दिया, जिसके चलते 100 से अधिक कारखाने बंद रहे।
पुलिस ने बताया कि कई कपड़ा कारखानों के श्रमिक सुबह काम पर आए लेकिन बाद में उन्होंने अधिक वेतन की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश (यूएनबी) के अनुसार, यह विरोध प्रदर्शन मौचक, भोगरा बाईपास, सलना, मेंबरबारी, कोनाबारी, जरून और बाघेर बाजार सहित कई औद्योगिक क्षेत्रों में फैल गया।
मंगलवार को सुबह लगभग 9 बजे (स्थानीय समय) श्रमिक गाजीपुर सदर उपजिला के मेंबरबारी और बाघेर बाजार के नतून बाजार क्षेत्रों में ढाका-मयमनसिंह राजमार्ग पर पहुंचे और राजमार्ग के दोनों ओर यातायात अवरुद्ध कर दिया। बाद में, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और धमाकों का इस्तेमाल किया।
इसी बीच, अन्य क्षेत्रों के श्रमिकों ने ढाका-टांगेल राजमार्ग की ओर मार्च करने का प्रयास किया। इसके जवाब में, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और ध्वनि प्रक्षेपास्त्रों का प्रयोग किया। परिणामस्वरूप, कई कारखानों ने अवकाश घोषित कर दिया।
श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन मौचक, भोगरा बाईपास, सलना और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों तक भी फैल गया। नौजोर क्षेत्र के श्रमिकों ने चंदना चौरास्ता पर यातायात बाधित करने का प्रयास किया, जबकि भोगरा बाईपास क्षेत्र में श्रमिकों ने सड़कें अवरुद्ध कर दीं। यूएनबी की रिपोर्ट के अनुसार, गाजीपुर के देगेर चाला में पुलिस और श्रमिकों के बीच झड़पें हुईं।
बांग्लादेश अवामी लीग का ऐलान,'16 दिसंबर को आ रही हैं जननेता, जय बांग्ला'
क्या बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना स्वदेश लौटने की पूरी तैयारी कर चुकी हैं, क्या उन्होंने दिन तय कर लिया है? इन सवालों का जवाब उनके दल ने मंगलवार को दिया। बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट डाली हैं, जिनमें '16 दिसंबर को आ रही हैं जननेता' और 'जय बांग्ला' लिखा गया है।
बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी तस्वीर के साथ बांग्ला में लिखा, "16 दिसंबर तय, तैयार रहो बांग्लादेश, जय बांग्ला।" दूसरी पोस्ट में जनता को बताया गया," जननेता 16 दिसंबर को बांग्लादेश पहुंच रही हैं।"
16 दिसंबर का दिन बांग्लादेश के लिए काफी अहम है। 16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मुक्ति वाहिनी बांग्लादेश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले लोगों का संगठन था।
मंगलवार की इन पोस्ट्स से पहले रॉयटर्स न्यूज एजेंसी ने वतन वापसी की तारीख बताई थी। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के हवाले से बताया था कि वे 16 दिसंबर को अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए तारिक रहमान की सरकार से विमान भेजने को भी कहा है। वह सरकारी एयरलाइन 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' की फ्लाइट से स्वदेश लौटना चाहती हैं।
उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बयान में कहा, "चूंकि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को एक बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था, इसलिए अब वह सरकार से मांग करती हैं कि वह दिल्ली से ढाका तक उनके हवाई सफर की व्यवस्था करे।"
उन्होंने आगे कहा, "संवैधानिक नियमों के विरुद्ध ऐसी परिस्थितियों में उन्हें निर्वासन में भेजने के बाद, अब सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह 16 दिसंबर को 'विजय दिवस' (विक्ट्री डे) पर उनकी बांग्लादेश वापसी को संभव बनाए।" हालांकि, देश की सरकार ने दोहराया कि उन्हें केवल प्रत्यर्पित ही किया जा सकता है।
चीन के भ्रष्टाचार-रोधी अभियान के दायरे में आने से शंघाई पार्टी प्रमुख चेन जिनिंग जांच के घेरे में
शंघाई पार्टी प्रमुख चेन जिनिंग के जांच के दायरे में आने के साथ देश में भ्रष्टाचार-रोधी अभियान सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष स्तर तक पहुंच गया है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। जिनिंग (62) पार्टी के उच्च-स्तरीय पोलित ब्यूरो के सदस्य हैं।
बयान में कहा गया है कि जिनिंग, जो चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की शंघाई नगर समिति के सचिव हैं, के खिलाफ पार्टी के अनुशासन और कानूनों के गंभीर उल्लंघन के संदेह में जांच की जा रही है।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार, यह जांच सीपीसी के केंद्रीय अनुशासन निरीक्षण आयोग और राष्ट्रीय पर्यवेक्षण आयोग द्वारा की जा रही है।
शंघाई पार्टी प्रमुख चीन के सबसे प्रभावशाली प्रांत-स्तरीय नेताओं में से एक हैं, जो देश के वित्तीय और वाणिज्यिक केंद्र का नेतृत्व करते हैं। पारंपरिक रूप से, इस पद को पार्टी पदानुक्रम में सबसे प्रभावशाली पदों में से एक माना जाता रहा है।
मौजूदा राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन, दोनों ने ही बीजिंग जाकर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व संभालने से पहले शंघाई पार्टी संगठन का नेतृत्व किया था।
हांगकांग से प्रकाशित होने वाले 'साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, चेन जिनिंग मौजूदा पोलित ब्यूरो के चौथे सदस्य हैं, जिनके खिलाफ जांच शुरू की गई है। इस पोलित ब्यूरो का कार्यकाल 2022 में शुरू हुआ था।
पोलितब्यूरो चीन की कम्युनिस्ट पार्टी में निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है। इसके सदस्य का कार्यकाल पांच साल का होता है।
हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना, सरकार से विमान का बंदोबस्त करने को कहा: प्रवक्ता
भारत में रह रहीं बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना है, जिस दिन यह देश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर अपनी विजय का उत्सव मनाता है। हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मिल अली ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
स्वदेश लौटने की प्रस्तावित तारीख की घोषणा करते हुए उनके प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि हसीना (79) ने बांग्लादेश सरकार से उनके लिए राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।
इस बयान से ढाका में तीखी प्रतिक्रिया आई है और सरकार ने कहा है कि हसीना को ‘हथकड़ियों में’ वापस लाया जाएगा और उनके साथ वैसा ही बर्ताव किया जाएगा जैसा विदेश में रह रहे किसी दोषी भगोड़े के साथ किया जाता है।
हसीना के प्रवक्ता अली ने कहा कि उन्होंने नौ और 19 नवंबर को उनके वकील द्वारा भेजे गए पत्रों के माध्यम से नयी दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से आवश्यक यात्रा दस्तावेजों का अनुरोध किया है।
अली ने साझा किए गए बयान में कहा, ‘‘हसीना ने संकेत दिया है कि उनकी वापसी 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस पर होगी जो 1971 में मुक्ति संग्राम के समाप्त होने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। शेख हसीना ने इस बात पर जोर दिया है कि वह बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ‘बिमान एयरलाइन्स’ से लौटेंगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि शेख हसीना पांच अगस्त, 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत गई थीं, इसलिए उन्होंने सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनकी वापसी के लिए विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।’’
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
