दुनिया की खबरें: UN में भारत ने पैसों को लेकर पाक को दिखाया आईना और उत्तर कोरिया ने कहा- दक्षिण कोरिया को मिटा देंगे

पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर का राग अलापा, तो यूएन के मंच पर भारतीय राजनयिक अनुपमा सिंह ने जमकर क्लास लगाई। उन्होंने कहा, "शायद पाकिस्तान को यह यकीन नहीं हो रहा कि जम्मू-कश्मीर का विकास बजट आईएमएफ से मांगे गए हालिया बेलआउट पैकेज से दोगुने से भी ज्यादा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

भारतीय डिप्लोमैट अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग में जोरदार लताड़ लगाई। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि पाकिस्तान सपनों की दुनिया में है। हमारे जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए बजट पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष बेलआउट से भी बड़ा है।

ऐसा पहली बार नहीं है जब वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर को लेकर अपने राग अलाप रहा हो। अक्सर पाकिस्तान एक ही मुद्दे को लेकर भारत पर निशाना साधने की कोशिश करता है।

ताजा मामले में जब पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर का राग अलापा, तो यूएन के मंच पर भारतीय राजनयिक अनुपमा सिंह ने जमकर क्लास लगाई। पाकिस्तान को जवाब देते हुए अनुपमा सिंह ने कहा, "भारत, पाकिस्तान और ओआईसी की हाई-लेवल मीटिंग में भारत के बारे में कही गई बातों के जवाब में अपने जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मजबूर है। हम इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हैं। ओआईसी, पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा को दोहराकर, सिर्फ यह दिखाता है कि उसने खुद को एक सदस्य के कब्जे में कितना गहराई से आने दिया है और खुद को एक देश की राजनीतिक मजबूरियों के लिए एक ईगो चैंबर बना लिया है। पाकिस्तान के लगातार प्रोपेगेंडा से अब जलन की बू आ रही है।"

भारतीय अधिकारी ने पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए कहा, "शायद पाकिस्तान को यह यकीन नहीं हो रहा कि जम्मू-कश्मीर का विकास बजट आईएमएफ से मांगे गए हालिया बेलआउट पैकेज से दोगुने से भी ज्यादा है।

पाकिस्तान में बढ़ता आतंकी खतरा, साउथ वजीरिस्तान में धारा-144 लागू, द‍िनभर रहेगा कर्फ्यू

पिछले कुछ महीनों में साउथ वजीरिस्तान इलाके में सुरक्षा की स्थिति खराब होती जा रही है। पूरे प्रांत में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। पाकिस्तान के साउथ वजीरिस्तान अपर और साउथ वजीरिस्तान लोअर जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और सामान की आवाजाही को आसान बनाने के लिए यह कदम उठाया है। अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा बलों की परिचालन गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने के लिए लिया गया है।

पाकिस्तान के प्रमुख दैनिक डॉन के अनुसार, साउथ वजीरिस्तान अपर के डिप्टी कमिश्नर असमतुल्लाह वजीर ने जानकारी देते हुए बताया क‍ि पाकिस्तान की सरवे काई और सरारोगा तहसीलों में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे (स्थानीय समय) तक धारा 144 लागू रहेगी। इस दौरान सड़कों पर आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि सभी बाजार और व्यावसायिक केंद्र बंद रहेंगे।

जिन रास्तों पर असर पड़ेगा, उनमें सररोघा, कोट काई, माकिन और स्पिनकाई रघजई से नजर खेल तक शामिल हैं। इसके अलावा, दरगई ब्रिज से मादी जान, शीन वारसाक और मोले खान सराय होते हुए चगमलाई तक का रास्ता बंद रहेगा।

साउथ वजीरिस्तान लोअर के डिप्टी कमिश्नर मुसर्रत जमान ने बताया कि वाना के विभिन्न हिस्सों में धारा 144 लागू की गई है। सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक लागू रहने वाला कर्फ्यू गैर-जरूरी आवाजाही पर रोक लगाता है। यह कर्फ्यू सुरक्षा खतरों और सुरक्षा बलों की आवाजाही के मद्देनजर लागू किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, प्रतिबंधित मार्गों में तैयर्जा गेट, करब कोट, तनई, वाना और अजीजाबाद चौक से दरगई ब्रिज तक का क्षेत्र शामिल है। लोगों को केवल आपात स्थिति में पुलिस या सुरक्षा बलों की पूर्व अनुमति और वैध पहचान व यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद ही सड़क पर चलने की अनुमति होगी।


अमेरिका और ईरान के बीच तीसरे दौर की परमाणु वार्ता

ईरान और अमेरिका ने तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बृहस्पतिवार को जिनेवा में कई घंटे लंबी वार्ता की। इसे कूटनीति का अंतिम अवसर माना जा रहा है क्योंकि अमेरिका ने ईरान पर समझौते की खातिर दबाव डालने के लिए पश्चिम एशिया में विमानों और युद्धपोतों का एक बेड़ा तैनात किया है। पिछले साल जून के बाद से अमेरिका-ईरान के बीच यह तीसरे दौर की वार्ता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए समझौता चाहते हैं और वह पिछले महीने ईरान में हुए राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद देश में बढ़ते असंतोष को अवसर के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, ईरान लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि वह यूरेनियम संवर्धन जारी रखना चाहता है।

ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका हमला करता है, तो पश्चिम एशिया में स्थित सभी अमेरिकी सैन्य अड्डे उसके निशाने पर होंगे।

ब्रिटेन में हिंदू मंदिर के बंद होने का खतरा, काउंसिल ने भवन को बेचने का निर्णय लिया

पूर्वी ब्रिटेन के पीटरबरो शहर में एक परिसर में मौजूद 40 साल पुराने हिंदू मंदिर और कम्युनिटी सेंटर के बंद होने का डर है, क्योंकि स्थानीय प्राधिकारियों ने इस भवन को बेचने के फैसले को सही ठहराया है जो मंदिर के लिए किराये पर दिया गया है।

भारत हिंदू समाज मंदिर की स्थापना 1986 में शहर के न्यू इंग्लैंड कॉम्प्लेक्स में हुई थी और कैम्ब्रिजशायर, नॉरफॉक तथा लिंकनशायर के बड़े इलाके के 13,000 से अधिक हिंदू यहां दर्शन करने आते हैं।

मंदिर प्रशासन पीटरबरो सिटी काउंसिल से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए अभियान चला रहा है। इस महीने की शुरुआत में काउंसिल कैबिनेट की बैठक में यह कहा गया कि “संपत्ति की बिक्री से करदाताओं के लिए सर्वश्रेष्ठ मूल्य दिलाने की उसकी कानूनी जिम्मेदारी” है।

वहीं, मंदिर ने एक बयान में कहा, “हम भारत हिंदू समाज से जुड़े भवन की बिक्री की कड़ी निंदा करते हैं। समुदाय द्वारा बनाई गई संस्था को बंद दरवाजों के पीछे बिना पारदर्शिता या सहमति के नहीं बेचा जाना चाहिए।”


अगर हमे खतरा हुआ तो दक्षिण कोरिया को मिटा देंगे: उत्तर कोरिया

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने चेतावनी दी कि अगर उनकी सुरक्षा को खतरा हुआ तो परमाणु-संपन्न देश दक्षिण कोरिया को ‘‘पूरी तरह से मिटा’’ सकता है। उन्होंने सियोल के साथ बातचीत करने से एक बार फिर इनकार कर दिया। सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, सत्तारूढ़ पार्टी की एक बैठक के समापन के दौरान उन्होंने अगले पांच वर्षों के लिए अपने नीतिगत लक्ष्यों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए वाशिंगटन से बातचीत के लिए अपने रास्ते खुले रखे।

हाल के वर्षों में किम ने सियोल के प्रति अपनी बयानबाजी को और तीखा कर दिया है और उसके साथ कूटनीति के प्रति अपनी अस्वीकृति पर जोर दिया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इससे सैन्य संघर्ष की आशंका नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य एक व्यापक रणनीति को आगे बढ़ाना है, जिसके तहत किम के परमाणु हथियारों और मॉस्को तथा बीजिंग के साथ संबंधों के बल पर उत्तर कोरिया की अधिक मजबूत और प्रभावशाली भूमिका स्थापित करना है।