दुनिया की खबरें: ईरान ने अमेरिकी F-16 विमान को खदेड़ा, उधर नाइजर में सैन्य चौकी पर हमला

आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार मंच सेपाह न्यूज के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब अमेरिकी लड़ाकू विमान हेंगाम द्वीप के दक्षिण-पूर्व में ईरानी हवाई क्षेत्र के करीब पहुंचा।

फोटो: IANS
i

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने एक अमेरिकी एफ-16 फाइटिंग फाल्कन लड़ाकू विमान को अपना रास्ता बदलने और ईरान के दक्षिणी हवाई क्षेत्र से दूर जाने पर मजबूर कर दिया।

आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार मंच सेपाह न्यूज के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब अमेरिकी लड़ाकू विमान हेंगाम द्वीप के दक्षिण-पूर्व में ईरानी हवाई क्षेत्र के करीब पहुंचा। बताया गया कि विमान उन जहाजों को सुरक्षा और हवाई कवर दे रहा था जिन्हें आईआरजीसी ने समुद्री नियमों का उल्लंघन करने वाला बताया।

आईआरजीसी के बयान में कहा गया कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने चेतावनी स्वरूप गोलियां दागीं, जिसके बाद एफ-16 ने एक तेज और अचानक मोड़ लेते हुए अपना रास्ता बदल लिया और ईरानी हवाई क्षेत्र से दूर चला गया। संगठन ने अपनी एयर डिफेंस प्रणाली को आधुनिक और उन्नत बताया।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि होर्मुज स्‍ट्रेट में समुद्री यातायात से जुड़े नियमों को नजरअंदाज करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उसने कहा कि यदि ऐसे उल्लंघन जारी रहे, तो इसमें शामिल लोगों और उन्हें सैन्य समर्थन देने वाली ताकतों को अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

साथ ही, आईआरजीसी ने अमेरिकी सैन्य कमांडरों को चेतावनी दी कि ईरान का हवाई क्षेत्र उसकी सशस्त्र सेनाओं के लिए एक 'लाल रेखा' है। संगठन ने कहा कि भविष्य में किसी भी अमेरिकी लड़ाकू विमान ने ईरानी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने की कोशिश की, तो उसे निर्णायक जवाब दिया जाएगा।

जेलेंस्की ने अमेरिका से पुतिन पर दबाव बनाने का आग्रह किया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के नेता व्लादिमीर पुतिन के प्रति अमेरिकी रुख पर नाराजगी जताई और कहा कि यूक्रेन पर रूसी हमले रोकने के लिए अमेरिका पुतिन पर अधिक दबाव डाले।

यह ऐसे समय में कीव और वाशिंगटन के बीच बढ़ते तनाव का ताजा संकेत है, जब यूक्रेन के लिए यूरोप की वित्तीय प्रतिबद्धताओं पर भी सवालिया निशान लगने लगा है।

जेलेंस्की ने बीबीसी के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि वह चाहते हैं कि अमेरिका पुतिन पर हमले को रोकने के लिए और अधिक दबाव डाले। इस साक्षात्कार का प्रसारण शुक्रवार को किया गया।

रूस-यूक्रेन युद्ध करीब पांच साल पहले शुरू हुआ था और शांति समझौता के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों के बावजूद यह जारी है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने हाल ही में चीन में हुए एक शिखर सम्मेलन में ट्रंप द्वारा पुतिन को ‘‘मेरा मित्र’’ कहे जाने को ‘‘अजीब’’ बताया। जेलेंस्की ने कीव में ब्रिटिश प्रसारक से कहा, ‘‘वह मित्र नहीं हो सकते।’’


नाइजर में सैन्य चौकी पर हथियारबंद समूह का हमला, 13 सैनिकों की मौत

नाइजर के पश्चिमी हिस्से में एक सैन्य चौकी पर हथियारबंद लोगों के हमले में नेशनल गार्ड के 13 जवानों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। देश के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने सरकारी टेलीविजन पर बृहस्पतिवार देर रात प्रसारित एक बयान में बताया कि हमला तिल्लाबेरी क्षेत्र में हुआ। बयान के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में कई हमलावर भी मारे गए और उनके हथियार एवं उपकरण नष्ट कर दिए गए।

मंत्रालय ने कहा कि भारी हथियारों से लैस हमलावरों के एक बड़े समूह ने इस हमले को अंजाम दिया। उसने बताया कि घायलों में से कई की हालत गंभीर है।

नाइजर और उसके पड़ोसी देश माली तथा बुर्किना फासो लंबे समय से अलकायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े जिहादी विद्रोह से जूझ रहे हैं।

बांग्लादेश: शेख हसीना के गृह जिले में मोबाइल बैंकिंग सेवाएं बंद

बांग्लादेश में अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी की योजना को लेकर बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच अधिकारियों ने उनके गृह जिले गोपालगंज में शुक्रवार से मोबाइल बैंकिंग सेवाएं बंद कर दी हैं। स्थानीय मीडिया ने यह खबर दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण 15 नवंबर से निलंबित रेल सेवाएं भी अनिश्चितकाल तक बंद रहेंगी।

‘डेली स्टार’ ने सरकारी मोबाइल वित्तीय सेवा ‘नगद’ के वितरक शेख मुजाहिदुल इस्लाम के हवाले से बताया, ''हमें 27 से 30 नवंबर तक जिले में वित्तीय लेन-देन सीमित करने का मौखिक निर्देश दिया गया था। हम प्रशासन के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।''

हसीना की 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश लौटने की घोषित योजना के बाद देश में अशांति फैल गई है। उन्हें पहले ही मौत की सजा सुनाई जा चुकी है।

गोपालगंज में 15 नवंबर को सबसे पहले विरोध प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई थीं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए