दुनिया की खबरें: ईरान ने अमेरिका का युद्धविराम प्रस्ताव खारिज किया, पश्चिम एशिया में जमीनी हमले किए

युद्धविराम प्रस्ताव के बावजूद ईरान ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी निशाना बनाया, जिससे वहां भीषण आग लग गयी। ईरान ने ये जवाबी हमले ऐसे समय में किये हैं, जब इजराइल ने तेहरान पर हवाई हमले किए

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

ईरान ने बुधवार को पश्चिम एशिया में युद्धविराम के अमेरिका के प्रस्ताव को खारिज कर दिया और इजराइल व खाड़ी अरब देशों पर हमले तेज कर दिए। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े विभिन्न गुटों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि लड़ाई ‘उन सीमाओं को पार कर चुकी है, जिनकी कल्पना नेताओं ने भी नहीं की थी’।

युद्धविराम प्रस्ताव के बावजूद ईरान ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी निशाना बनाया, जिससे वहां भीषण आग लग गयी। ईरान ने ये जवाबी हमले ऐसे समय में किये हैं, जब इजराइल ने तेहरान पर हवाई हमले किए और वाशिंगटन ने क्षेत्र में पैराट्रूपर्स व अधिक संख्या में मरीन सैनिकों की तैनाती की।

ईरान के सरकारी समाचार प्रसारक ‘प्रेस टीवी’ ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि ईरान ने अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। प्रेस टीवी की यह खबर पाकिस्तान द्वारा ईरान को प्रस्ताव भेजे जाने के बाद आई है। प्रेस टीवी ने अधिकारी के हवाले से बताया, “ईरान युद्ध तभी समाप्त करेगा जब वह ऐसा चाहेगा और जब उसकी शर्तें पूरी होंगी।”अधिकारी ने बताया कि तेहरान पश्चिम एशिया में अपने ‘जोरदार हमले’ जारी रखेगा।

इस बीच, संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े विभिन्न गुटों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि लड़ाई ‘उन सीमाओं को पार कर चुकी है, जिनकी कल्पना नेताओं ने भी नहीं की थी’। उन्होंने अमेरिका और इजराइल से ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने का आग्रह किया। गुतारेस ने ईरान से खाड़ी देशों पर हमले रोकने का आह्वान करते हुए कहा, ‘यह हद से ज्यादा हो गया है’।

ईरान को प्रस्ताव सौंपने वाले पाकिस्तान के दो अधिकारियों ने 15 बातों का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें प्रतिबंधों में राहत, ईरान के परमाणु कार्यक्रम को वापस लेना, मिसाइलों की सीमा तय करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना शामिल है।

होर्मुज एक महत्वपूर्ण जलमार्ग है, जिसके माध्यम से दुनिया का 20 प्रतिशत तेल का निर्यात होता है। मध्यस्थता प्रयासों में शामिल मिस्र के एक अधिकारी ने बताया कि प्रस्ताव में सशस्त्र समूहों को ईरान के समर्थन पर प्रतिबंध शामिल हैं।

अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर जानकारी साझा की। इनमें से कुछ मुद्दे युद्ध से पहले की बातचीत में विचारणीय थे।

ईरान ने इस बात पर जोर दिया कि वह अपने बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम या उन क्षेत्रीय सशस्त्र समूहों को दिए जाने वाले समर्थन को लेकर कोई चर्चा नहीं करेगा, जिसे वह अपनी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानता है।

इजरायल का दावा, ईरान के अंडरवॉटर सिस्टम के रिसर्च और डेवलपमेंट सेंटर तबाह क‍िए

इजरायल ड‍िफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने दावा क‍िया क‍ि मंगलवार रात इजरायल एयर फोर्स (आईएएफ) ने बड़े हवाई हमलों में ईरान के हथ‍ियार बनाने वाले ठ‍िकानों को तबाह कर द‍िया। साथ ही बुधवार की कार्रवाई में लेबनान में हिज़्बुल्लाह के कई ठिकानों पर हमला क‍िया, ज‍िनमें कई फ्यूल स्‍टेशन भी शाम‍िल हैं।

इजरायल एयर फोर्स (आईएएफ) के अनुसार, मंगलवार को सटीक इंटेलिजेंस गाइडेंस के साथ इस्फहान में ईरानी शासन के हथियार बनाने वाले उद्योगों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए।

आईडीएफ ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर जानकारी साझा करते हुए ल‍िखा, ''इजरायल ड‍िफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने नेवी के इंटेलिजेंस जहाज की गाइडेंस में इस्फहान में ईरान के मिलिट्री अंडरवॉटर सिस्टम के रिसर्च और डेवलपमेंट सेंटर पर हमला किया।''

आईडीएफ ने कहा, ''यह सेंटर ईरान में एकमात्र ऐसी जगह है जो ईरानी नेवी के लिए सबमरीन और सहायक सिस्टम को डिजाइन करने और बनाने के लिए जिम्मेदार है। यह शासन इस जगह पर बिना इंसानों वाले जहाजों के कई तरह के मॉडल बनाता है।''

आईडीएफ के अनुसार, इस हमले से ईरानी नेवी के लिए नई और आधुनिक सबमरीन बनाने और अपने मौजूदा बेड़े को अपग्रेड करने की शासन की क्षमता काफी हद तक सीमित हो गई है।

इजरायल ड‍िफेंस फोर्स (आईडीएफ) ईरान के मिलिट्री उद्योगों को और ज्यादा नुकसान पहुंचाना जारी रखे हुए है, ताकि उन उत्पादन क्षमताओं को खत्म किया जा सके, जिन्हें उसने वर्षों की मेहनत से बनाया है।


बांग्लादेश में 40 यात्रियों को ले जा रही बस नदी में गिरी

बांग्लादेश में बुधवार को कम से कम 40 लोगों को ले जा रही एक बस परिवहन नौका पर चढ़ने की कोशिश करते समय नदी में गिर गई जिसमें कई यात्रियों के लापता होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना दक्षिण-पश्चिमी राजबारी में दौलाडिया टर्मिनल पर शाम लगभग 5.15 बजे हुई और बस पद्मा नदी में गिर गई।

घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने पत्रकारों को बताया, "हमारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ढाका जा रही बस में 40 यात्री सवार थे। वह (दौलाडिया) टर्मिनल पर नौका पर चढ़ते समय नदी में गिर गई।"

रूस का कहना है कि उसने 400 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, मॉस्को और कीव ने हवाई हमले किए

रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली ने यूक्रेन के 389 ड्रोन मार गिराए। यह हमला रात के दौरान रूस के अलग-अलग इलाकों व क्रीमिया पर किया गया। बताया जा रहा है कि यह हमला चार साल पहले यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला था।

ड्रोन को रूस के 13 क्षेत्रों के साथ-साथ क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर भी रोका गया, जिसे रूस ने 2014 में यूक्रेन से अवैध रूप से अपने कब्जे में ले लिया था।

इस हमले ने यूक्रेन के स्वदेशी रूप से विकसित और निर्मित लंबी दूरी के ड्रोनों की बढ़ती क्षमता को रेखांकित किया।

यह घटना एक दिन बाद हुई, जब रूस ने 24 घंटे के भीतर यूक्रेन के नागरिक इलाकों पर लगभग 1,000 ड्रोन और 34 मिसाइलें दागी थीं।

रूस ने आमतौर पर रात में होने वाले हमलों को बढ़ाकर दिन के समय तक जारी रखा, जो इस युद्ध के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक था।

यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, कम से कम छह लोग मारे गए और लगभग 50 लोग घायल हुए।

मॉस्को के उत्तर में स्थित लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर द्रोजदेन्को ने बताया कि वहां 56 ड्रोन मार गिराए गए और यूक्रेन के हमले के परिणामस्वरूप बाल्टिक सागर के बंदरगाह शहर उस्त-लुगा में आग लग गई। मंगलवार को रूस ने यूक्रेन पर विभिन्न प्रकार के 948 ड्रोन दागे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia