दुनिया की खबरें: इजराइल ने कहा- आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़े हैं

इजराइली विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज इजराइल भारतीयों के धैर्य, दूसरों की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वालों के साहस और 26/11 के भयावह मुंबई आतंकवादी हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों को नमन करता है।”

आतंकवाद के सवाल पर बगलें झांकते दिखे पाक मंत्री
i

इजराइल ने 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के पीड़ितों को याद करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है।

इजराइली विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज इजराइल भारतीयों के धैर्य, दूसरों की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वालों के साहस और 26/11 के भयावह मुंबई आतंकवादी हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों को नमन करता है।”

लश्कर-ए-तैयबा के 10 हथियारबंद आतंकवादी 26 नवंबर 2008 को समुद्र के रास्ते पाकिस्तान से मुंबई आए थे और आम नागरिकों को निशाना बनाकर समन्वित हमले किए थे, जिनमें कई इजराइली और अमेरिकी नागरिकों सहित 166 लोग मारे गए थे और 300 से अधिक घायल हुए थे।

इजराइली विदेश मंत्रालय ने कहा कि आतंकवाद की कोई सीमा नहीं होती और “इसे हराने के हमारे साझा संकल्प की भी कोई सीमा नहीं है।” उसने कहा, “इजराइल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है।”

अमेरिका: ईरान प्रतिबंध उल्लंघन और व्यापारिक जासूसी मामले में चीनी कंपनी हुआवेई दोषी करार

अमेरिका की एक संघीय जूरी ने चीन की दिग्गज दूरसंचार कंपनी हुआवेई टेक्नोलॉजीज को ईरान पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों के उल्लंघन, बैंक धोखाधड़ी और व्यापारिक गोपनीयता चुराने की साजिश के मामले में दोषी ठहराया है। हालांकि, जूरी ने कंपनी को संगठित आपराधिक गतिविधियों और न्याय में बाधा डालने की साजिश के आरोपों से बरी कर दिया।

ब्रुकलिन की संघीय अदालत में मंगलवार को सुनाए गए फैसले में हुआवेई को कुल 12 में से 10 आरोपों में दोषी पाया गया। कंपनी की तीन सहयोगी इकाइयों हुआवेई डिवाइस, हुआवेई डिवाइस यूएसए और फ्यूचरवे टेक्नोलॉजीज को व्यापारिक गोपनीयता चुराने और वायर धोखाधड़ी की साजिश के आरोपों में दोषी ठहराया गया।

हालांकि, ईरान प्रतिबंधों के उल्लंघन, बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित दोषसिद्धि सीधे हुआवेई टेक्नोलॉजीज पर लागू हुई, उसकी तीनों सहयोगी कंपनियों पर नहीं।

फैसले के बाद हुआवेई ने बुधवार को जारी बयान में फैसले को खारिज किया, हालांकि संगठित आपराधिक गतिविधियों की साजिश वाले आरोप से बरी होने का स्वागत किया। कंपनी ने कहा, " हमारा मानना है कि सरकार के बाकी आरोप भी कानूनी और तथ्यात्मक आधार से रहित हैं। हम फैसले की समीक्षा करेंगे और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी कदम उठाएंगे।"

अमेरिकी जिला न्यायाधीश एन. डोनेली की अदालत में करीब 12 सप्ताह तक सुनवाई चली। दोषी ठहराई गई कंपनियों को 14 सितंबर 2027 को सजा सुनाई जाएगी। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, कंपनियों को आपराधिक जुर्माने, संपत्ति जब्ती और क्षतिपूर्ति सहित वित्तीय दंड का सामना करना पड़ सकता है।

अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि हुआवेई ने ईरान में अपने कारोबार को छिपाने के लिए स्काईकॉम नामक कंपनी को स्वतंत्र कारोबारी साझेदार के रूप में पेश किया, जबकि वह उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहयोगी इकाई थी।

अभियोजकों के अनुसार, हुआवेई ने बैंकों को स्काईकॉम के साथ अपने संबंधों और अमेरिकी प्रतिबंधों के अनुपालन को लेकर गलत जानकारी दी। इसके जरिए कंपनी ने अरबों डॉलर के ऋण और क्रेडिट हासिल किए तथा अमेरिकी डॉलर में अंतरराष्ट्रीय भुगतान निपटान सेवाओं तक पहुंच बनाई।

अमेरिकी न्याय विभाग ने कहा कि मुकदमे के दौरान पेश किए गए सबूतों से यह भी सामने आया कि हुआवेई ने ईरान को दूरसंचार ढांचा उपलब्ध कराया और वहां इंटरनेट की निगरानी तथा सेंसरशिप में अधिकारियों की मदद की। विभाग के मुताबिक, कंपनी ने विरोध प्रदर्शनों पर नजर रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले निगरानी कैमरे भी उपलब्ध कराए थे।

व्यापारिक गोपनीयता चुराने से जुड़े मामले में इंटरनेट राउटर का सोर्स कोड, एंटीना डिजाइन और मोबाइल फोन की स्क्रीन की जांच करने वाले उपकरणों की तकनीक शामिल थी।

अमेरिका के अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने फैसले पर कहा, ''कोई भी व्यक्ति या कंपनी कानून से ऊपर नहीं है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि हुआवेई और उसकी तीन सहयोगी कंपनियों ने दशकों तक अमेरिका में झूठ और चोरी के आधार पर कारोबार किया।


अमेरिकी अदालत ने ट्रंप को दिया झटका, नागरिकता संबंधी नई पाबंदियों पर लगाई रोक

वाशिंगटन की एक संघीय अदालत ने जन्म के आधार पर मिलने वाली नागरिकता को सीमित करने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयास पर रोक लगा दी है। यह जानकारी 'अमेरिकन सिविल लिबर्टीज यूनियन' ने दी है, जिसने पीड़ित परिवारों की ओर से इस मामले में चुनौती देने में मदद की थी।

'नाथन बनाम ट्रंप' मामला अमेरिका में जन्मजात नागरिकता को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकारी आदेश को चुनौती देने वाला एक प्रमुख कानूनी विवाद है। इससे पहले जून में, सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप द्वारा नागरिकता पर लगाई गई पिछली पाबंदियों को खारिज कर दिया था।

एसीएलयू ने कहा कि कोर्ट ने प्रशासन की उस कोशिश को ठुकरा दिया, जिसके जरिए वे संवैधानिक गारंटी में और अपवाद जोड़ना चाहते थे।

बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को कोर्ट ने कहा, "राष्ट्रपति अमेरिका में जन्मे और अमेरिकी कानूनों के दायरे में आने वाले बच्चों के लिए 'जन्मजात नागरिकता' के अधिकार में कोई नया अपवाद नहीं जोड़ सकते।"

ट्रंप के 6 अगस्त के आदेश में संघीय एजेंसियों को निर्देश दिया गया था कि वे कुछ ऐसे लोगों को नागरिकता न दें, जिनके माता-पिता में से कोई भी अमेरिकी नागरिक नहीं है।

इस आदेश के दायरे में वे बच्चे आते थे जिनके माता-पिता प्रशासन की परिभाषा के अनुसार 'एलियन एनिमी' (विदेशी दुश्मन) हैं, या जो विदेशी सरकारों के कर्मचारी हैं, या फिर वे माता-पिता जो अमेरिका में बच्चे को जन्म देकर नागरिकता हासिल करने के लिए किसी व्यावसायिक समझौते में शामिल हैं। इस आदेश में स्पष्ट रूप से 'पेड सरोगेसी' (पैसे देकर सरोगेसी) के मामलों को भी शामिल किया गया था।

विदेशी सरकार से जुड़े प्रावधान में केवल राजदूत ही नहीं, बल्कि दूतावास और वाणिज्य दूतावास के विशिष्ट कर्मचारी और आधिकारिक हैसियत से काम करने वाले अन्य कर्मचारी भी शामिल थे।

प्रशासन ने तर्क दिया था कि ये श्रेणियां सुप्रीम कोर्ट द्वारा मान्यता प्राप्त 'जन्मजात नागरिकता' के संरक्षण के दायरे में नहीं आती हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए