दुनिया की खबरें: कराची में इतिहास की सबसे बड़ी डकैती और पीएम मोदी 25 और 26 फरवरी को इजराइल दौरे पर रहेंगे

दुकान के मालिक अयूब खान ने बताया, ‘‘हमने 12 फरवरी को रोज की तरह दुकान बंद की थी, लेकिन जब दो दिन बाद इसे खोला तो कर्मचारियों ने पाया कि सारे बक्से खाली थे। सोने के गहने, सोने की ईंटें और हीरे सब गायब थे।’’

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची के इतिहास की सबसे बड़ी डकैतियों में से एक में अज्ञात लुटेरे लगभग 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये मूल्य के सोने और हीरे के जेवरात लेकर फरार हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि लुटेरों ने सप्ताहांत की छुट्टी होने के कारण दुकान बंद होने का फायदा उठाकर कराची के मलिर इलाके के पाकिस्तान कॉलोनी क्षेत्र में इस वारदात को अंजाम दिया।

अधिकारी ने कहा कि लुटेरे इकबाल ज्वेलरी दुकान की तिजोरी की पिछली दीवार में छेद करके भीतर घुसे।

दुकान के मालिक अयूब खान ने बताया, ‘‘हमने 12 फरवरी को रोज की तरह दुकान बंद की थी, लेकिन जब दो दिन बाद इसे खोला तो कर्मचारियों ने पाया कि सारे बक्से खाली थे। सोने के गहने, सोने की ईंटें और हीरे सब गायब थे।’’

उन्होंने बताया कि बाजार में शुक्रवार और शनिवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है, जबकि रविवार को ग्राहकों की वजह से दुकानें खुलती हैं।

क्षेत्र के एसएचओ इकबाल दीवान ने कहा कि दुकानदार ने करीब 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के आभूषण गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया, ‘‘उन्होंने (दुकानदार ने) शिकायत में कहा है कि लगभग 700 तोला शुद्ध सोने की ईंटें चोरी हुई हैं।’’ एसएचओ ने कहा कि लुटेरों को बाजार के नक्शे और व्यवस्था की जानकारी थी और वे पीछे की दीवार से अंदर घुसे। बहरहाल, बाजार के सुरक्षा गार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी 25 और 26 फरवरी को इजराइल दौरे पर रहेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 और 26 फरवरी को दो दिवसीय इज़राइल दौरे पर रहेंगे। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को संपन्न ‘‘कॉन्फ्रेंस ऑफ प्रेसिडेंट्स ऑफ मेजर अमेरिकन ज्यूइश ऑर्गनाइजेशंस’’ को संबोधित करते हुए मोदी की यात्रा की घोषणा की।

नेतन्याहू ने कहा, “संसद में संबोधन प्रस्तावित है। अगले सप्ताह यहां कौन आ रहे हैं? नरेन्द्र मोदी।”

उन्होंने कहा, “इज़राइल और भारत के बीच गहरी साझेदारी है और हम विभिन्न प्रकार के सहयोग पर चर्चा करने जा रहे हैं। आप जानते हैं कि भारत कोई छोटा देश नहीं है। इसकी आबादी 1.4 अरब है। भारत अत्यंत शक्तिशाली और अत्यंत लोकप्रिय है।”

एक सूत्र ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा “संक्षिप्त (25 से 26 फरवरी तक) रहने की संभावना है”, लेकिन “इसका प्रभाव गहरा होगा, क्योंकि मोदी को न केवल इज़राइल में, बल्कि दुनिया भर में लोकप्रियता हासिल है।”

यात्रा का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है और इस दौरान मोदी के इज़राइली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करने की संभावना है।

समझा जाता है कि दो दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी द्विपक्षीय और क्षेत्रीय महत्व के सभी मुद्दों को उठाएंगे।

मोदी की यह इज़राइल की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले वह जुलाई 2017 में इज़राइल गए थे, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यहूदी राष्ट्र की पहली यात्रा थी।

भारतीय प्रधानमंत्री की यह उच्च स्तरीय यात्रा दोनों पक्षों के बीच हाल में हुई कई मंत्रिस्तरीय यात्राओं के बाद हो रही है।


खैबर पख्तूनख्वा में आत्मघाती कार बम हमला, अब तक 11 सुरक्षाकर्मियों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में एक संयुक्त चेकपोस्ट पर लक्षित आत्मघाती कार बम हमले में करीब 11 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग की पुष्टि के हवाले से यह जानकारी दी।

इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) द्वारा जारी बयान के अनुसार, 16 फरवरी को अफगानिस्तान सीमा के निकट बाजौर में फ्रंटियर कॉर्प्स की एक सुरक्षा चौकी पर विस्फोटकों से लदी गाड़ी से हमला किया गया।

अफगानिस्तान की प्रमुख समाचार एजेंसी खामा प्रेस ने बताया कि यह चेकपोस्ट बाजौर में एक पूर्व धार्मिक विद्यालय की इमारत में स्थित थी, जो विस्फोट में पूरी तरह ध्वस्त हो गई। मलबे के नीचे से बाद में शव निकाले गए।

रिपोर्ट के मुताबिक, पास के एक घर में रहने वाले एक बच्चे की भी मौत हो गई, जबकि कम से कम तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। धमाके की तीव्रता से आसपास के कई घरों को नुकसान पहुंचा। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में स्थानीय लोग अंधेरे में मलबे से लोगों को निकालते हुए बचाव प्रयास करते नजर आए। आशंका जताई जा रही है कि नागरिक हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।

हाल के महीनों में पाकिस्तान में आत्मघाती और उग्रवादी हमलों में तेजी देखी गई है। इससे पहले इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए घातक बम विस्फोट में दर्जनों नमाज़ियों की मौत हो गई थी।

सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में मिरयान पुलिस स्टेशन के पास हुए एक विस्फोट में कम से कम दो लोगों की मौत और 14 अन्य घायल हो गए थे। पाकिस्तान के प्रमुख दैनिक डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, मोटरसाइकिल में लगाए गए विस्फोटक पदार्थ के फटने से यह धमाका हुआ। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, धमाका पुलिस स्टेशन के सामने स्थित दुकानों के पास हुआ। पुलिसकर्मी इस विस्फोट में सुरक्षित रहे, लेकिन आसपास मौजूद नागरिक इसकी चपेट में आ गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

7 फरवरी को भी बन्नू जिले में पुलिस को निशाना बनाकर किए गए दो अलग-अलग हमलों में दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia