दुनिया की खबरें: यूक्रेन का बड़ा दावा, हवाई हमलों से रूस की कई तेल रिफाइनरी क्षमता ठप और काला सागर में बड़ा हादसा

रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि मॉस्को, यारोस्लाव, उस्त-लुगा, पर्म, सेराटोव और सिजरान समेत कई शहरों में तेल रिफाइनरियों पर हाल में किए गए हमलों से रूस की 51 प्रतिशत तेल शोधन क्षमता ठप हो गई है। इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।

फोटोः IANS
i

यूक्रेन ने कहा कि लंबी दूरी के हवाई हमलों ने रूस की आधे से अधिक तेल शोधन क्षमता को ठप कर दिया। यूक्रेन ने दावा किया कि इससे रूसी सेना को तेल की आपूर्ति करने की क्षमता भी प्रभावित हुई है।

रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि मॉस्को, यारोस्लाव, उस्त-लुगा, पर्म, सेराटोव और सिजरान समेत कई शहरों में तेल रिफाइनरियों पर हाल में किए गए हमलों से रूस की 51 प्रतिशत तेल शोधन क्षमता ठप हो गई है। इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।

एक बयान के मुताबिक, 1,200 किलोमीटर लंबी अग्रिम पंक्ति पर लड़ाई में काफी हद तक गतिरोध के बीच मॉस्को और कीव दोनों ने हवाई हमले तेज कर दिए हैं। यूक्रेन की सेना ने मॉस्को से लेकर साइबेरिया तक तेल रिफाइनरियों पर बार-बार हमले किए हैं।

इन हमलों के कारण इस साल की शुरुआत में रूस में बड़े पैमाने पर ईंधन संकट उत्पन्न हो गया था, जिसकी वजह से अधिकारियों को पेट्रोल की बिक्री सीमित करनी पड़ी थी।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को दबी आवाज में स्वीकार किया कि इन हमलों के कारण रूस के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में करीब एक प्रतिशत की कमी आई है।

पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय विदेश नीति विशेषज्ञों के वाल्दाई क्लब फोरम की बैठक में कहा, “उन्होंने (यूक्रेन ने) तेल रिफाइनरियों पर हमले शुरू किए और खुले तौर पर हमारी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। क्या वे अपने लक्ष्य में सफल हुए? आंशिक रूप से।”

दक्षिणी नाइजीरिया में 32 लोगों को ले जा रहा सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त

दक्षिणी नाइजीरिया में 25 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को लेकर जा रहा एक सैन्य विमान सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।

नाइजीरिया के विमानन मंत्री फेस्टस कीयामो ने एक बयान में बताया कि नियमित मिशन पर देश की आर्थिक राजधानी लागोस जा रहा विमान ओंडो प्रांत के इग्बोकोडा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि इस दुर्घटना में कोई हताहत हुआ है या नहीं और विमान को कितना नुकसान पहुंचा है।


काला सागर में पोत में आग लगने से दो की मौत, 11 लोगों को बचाया गया

काला सागर में एक वाणिज्यिक पोत में आग लगने के बाद उसके डूबने के चलते दो लोगों की मौत हो गई। पोत के चालक दल के 11 सदस्यों को बचा लिया गया है। रोमानिया के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रोमानिया के गृह मंत्रालय ने बताया कि तटरक्षक बल को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11 बजे घटना की सूचना मिली। पोत रोमानिया के विशेष आर्थिक क्षेत्र में तुलचा काउंटी के सफांटु घेयोर्घे से करीब 55 किलोमीटर दक्षिण में था।

रोमानिया के समाचार चैनलों की खबर के मुताबिक, यह तुर्किये का पोत था और अनाज ले जा रहा था। काला सागर में एक तेल परियोजना के दक्षिण-पूर्व में ड्रोन की चपेट में आने के बाद पोत में आग लगी। हालांकि, अधिकारियों ने इन खबरों की पुष्टि नहीं की। मंत्रालय ने कहा, ‘‘चालक दल के 11 सदस्यों को बचा लिया गया है। दो लोगों के मारे जाने का भी पता चला है।’’

फ्लाईदुबई के सह-पायलट के ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड में रहने के दौरान की गतिविधियों की जांच

ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियां करीब एक दशक पहले ओमान के पायलट के ऑस्ट्रेलिया में रहने के दौरान की गतिविधियों की जांच कर रही हैं। ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने यह जानकारी दी।

फ्लाईदुबई का यह पायलट संयुक्त अरब अमीरात में हिरासत में है। उस पर इजराइल जा रहे विमान को अपने नियंत्रण में लेने की कथित तौर पर कोशिश करने का आरोप है।

पुलिस ने सोमवार को एक बयान में कहा कि संघीय और राज्य पुलिस तथा ऑस्ट्रेलिया की घरेलू खुफिया एजेंसी की संयुक्त आतंकवाद रोधी टीम ‘‘इस व्यक्ति के ऑस्ट्रेलिया से संबंधों की जांच कर रही हैं।’’

न्यूजीलैंड की पुलिस एजेंसी ने भी कहा कि सह-पायलट कुछ समय न्यूजीलैंड में रहा था और अधिकारी इसकी जांच करेंगे।

मीडिया में आई खबरों के अनुसार, उसे 2014 में ऑस्ट्रेलिया का छात्र वीजा मिला था और वह 2015 में विश्वविद्यालय में एक पाठ्यक्रम के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंचा था। खबरों के मुताबिक, वह 2017 में ऑस्ट्रेलिया से चला गया था और अधिकारियों द्वारा यह पुष्टि किए जाने के बाद 2019 में उसका वीजा रद्द कर दिया गया कि वह अब पाठ्यक्रम में पंजीकृत नहीं है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए