दुनिया की खबरें: अमेरिका-ईरान संघर्ष रुकवाने तेहरान पहुंचे पाक मंत्री और ब्रिटेन में भीषण गर्मी से मचा हाहाकार
पाकिस्तान की मध्यस्थता में हुआ एक अंतरिम समझौता पिछले महीने उस समय खत्म हो गया था, जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद अमेरिका और ईरान ने फिर से सैन्य हमले शुरू कर दिए थे।

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई शांति वार्ता को फिर से शुरू कराने के प्रयासों के तहत ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और विदेश मंत्री अब्बास अराघची से तेहरान में बातचीत की। मीडिया की खबरों में यह जानकारी दी गई है।
पाकिस्तान की मध्यस्थता में हुआ एक अंतरिम समझौता पिछले महीने उस समय खत्म हो गया था, जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद अमेरिका और ईरान ने फिर से सैन्य हमले शुरू कर दिए थे। इस्लामाबाद संघर्ष समाप्त कराने के लिए अपनी मध्यस्थता की कोशिशों को सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहा है।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ के हवाले से राजनयिक सूत्रों ने बताया कि नकवी मंगलवार तड़के तेहरान पहुंचे। यहां उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों और आपसी हित के मुद्दों पर बातचीत की।
नकवी का हवाई अड्डे पर उनके ईरानी समकक्ष एस्कंदर मोमेनी ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने अराघची के साथ वार्ता की। ‘इरना’ ने नकवी और अराघची की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा कीं।
राजनयिक सूत्र के अनुसार, नकवी और अराघची इस यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा भी करेंगे।
ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियन के साथ बैठक में नकवी ने दोनों देशों के संबंधों को ‘‘मजबूत, लंबे समय से चले आ रहे और अटूट’’ बताया। उन्होंने तेहरान के साथ संबंधों को व्यापक रूप से विकसित करने के लिए इस्लामाबाद की ‘‘गंभीर प्रतिबद्धता और इच्छाशक्ति’’ भी व्यक्त की।
सूत्र ने बताया कि पेजेश्कियन ने भी कहा कि ईरान-पाकिस्तान संबंध दोनों देशों के राष्ट्रीय हितों की पूर्ति करेंगे और क्षेत्रीय स्थिरता एवं सुरक्षा में योगदान देंगे। नकवी के पेजेश्कियन से दोबारा मुलाकात करने की भी संभावना है।
राजनयिक सूत्र ने समाचार पत्र ‘डॉन’ को बताया कि नकवी की यात्रा का मुख्य उद्देश्य जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुए उस समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर आगे की बातचीत करना है, जिसके तहत शांति बहाली के लिए उच्च स्तरीय वार्ता के लिए 60 दिन की अवधि तय की गई थी।
पाकिस्तान के वार्ता बहाल करने के प्रयासों को अब तक सफलता नहीं मिली है। इस बीच ओमान ने मध्यस्थ के रूप में प्रमुख भूमिका संभाल ली है और होर्मुज जलडमरूमध्य के मुद्दे को सुलझाने की कोशिश कर रहा है। यह जलमार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
राजनयिक सूत्र ने कहा कि ओमान और ईरान के बीच बातचीत में हुई प्रगति से इस्लामाबाद को जून समझौते से शुरू हुई व्यापक वार्ता प्रक्रिया को फिर से आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।
पाकिस्तान ने हाल में ईरानी विदेश मंत्री अराघची और ईरानी संसद के अध्यक्ष बाघेर गालिबाफ को जल्द से जल्द इस्लामाबाद आने का निमंत्रण दिया था। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को कहा कि दोनों नेताओं की यात्रा ‘‘उपयुक्त समय’’ पर होगी।
नकवी की यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसे पाकिस्तान की ओर से मध्यस्थता प्रक्रिया को सक्रिय बनाए रखने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, जबकि ईरानी नेता इस्लामाबाद यात्रा को लेकर अपने स्तर पर फैसला लेने में समय ले रहे हैं।
ब्रिटेन में भीषण गर्मी का कहर: 38 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, सरकार ने बुलाई आपात बैठक
ब्रिटेन इस समय भीषण गर्मी, सूखे और जंगलों में बढ़ती आग की तिहरी चुनौती से जूझ रहा है। मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए ‘एक्सट्रीम हीट’ की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने बुधवार को सरकार की आपातकालीन समिति कोबरा की बैठक बुलाई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी और पूर्वी इंग्लैंड तथा मिडलैंड्स के कुछ हिस्सों में गर्मी सबसे ज्यादा परेशान कर सकती है। इंग्लैंड के कई हिस्सों में पहले से ही एम्बर हीट-हेल्थ अलर्ट लागू है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों, खासकर बुजुर्गों और अन्य संवेदनशील लोगों से गर्मी के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
यह 2026 की ब्रिटेन में पांचवीं हीटवेव है और मौसम विभाग के मुताबिक इस साल की गर्मी अब तक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है। इस साल अब तक 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तापमान वाले 35 दिन दर्ज किए जा चुके हैं।
गर्मी का असर सिर्फ लोगों की सेहत तक सीमित नहीं है। लंबे समय से जारी सूखे ने जल संकट को गंभीर बना दिया है और जंगलों में आग का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इंग्लैंड और वेल्स में इस साल अब तक 966 जंगलों में आग लगने की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें अगस्त के शुरुआती 10 दिनों में ही 185 घटनाएं हुईं।
द गार्डियन के अनुसार, सरकार की कोबरा बैठक में गर्मी, जंगल की आग, पानी की उपलब्धता और आपात सेवाओं पर बढ़ते दबाव से निपटने के उपायों पर चर्चा होगी। सरकार ने अग्निशमन क्षमताओं को मजबूत करने के लिए 9.7 करोड़ पाउंड की अतिरिक्त सहायता का भी ऐलान किया है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सूखे की वजह से लाखों लोग पानी की पाबंदियों के दायरे में हैं। रॉयटर्स के मुताबिक करीब 4.5 करोड़ लोग ऐसे इलाकों में रह रहे हैं जिन्हें सूखे से प्रभावित माना गया है, जबकि करीब 2.7 करोड़ लोगों पर पानी से जुड़ी पाबंदियों का असर है।
मैं सभी को चीन घूमने की सलाह देता हूं : एलन मस्क
अमेरिकी उद्यमी और इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने 11 अगस्त को सोशल मीडिया पर लिखा, "चीन अद्भुत है। मैं सभी को वहां जाने की पुरजोर सलाह देता हूं।"
मस्क ने यह टिप्पणी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टेस्ला के चीन में कारोबार से संबंधित एक पोस्ट के नीचे की।
मस्क की मां, मेय मस्क ने बाद में मस्क की पोस्ट को उद्धृत करते हुए लिखा, "मैं सहमत हूं। चीन के हर शहर की अपनी एक अलग ही खूबसूरती है, और वहां घूमने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक स्थल हैं। इमारतें और सड़कें साफ-सुथरी और सुव्यवस्थित हैं। साथ ही, वहां के लोग विनम्र, मेहनती और एक-दूसरे का सम्मान करने वाले हैं। मुझे चीन में सुरक्षित महसूस होता है, इसलिए मुझे चीन घूमना अच्छा लगता है।"
प्यू रिसर्च सेंटर जैसे संस्थानों द्वारा किए गए हालिया सर्वेक्षणों से पता चलता है कि चीन के प्रति अंतरराष्ट्रीय जनमत लगातार बढ़ रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
