दुनिया की खबरें: ईरान-अमेरिका तनाव के बीच पाक का बड़ा कदम, ईरानी विदेश मंत्री को बुलावा और होर्मुज में टैंकर पर हमला
इस कूटनीतिक संपर्क से जुड़े शीर्ष अधिकारियों के अनुसार, यह निमंत्रण इस बात का संकेत है कि इस्लामाबाद तेहरान और वाशिंगटन के बीच एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक सेतु की अपनी भूमिका बनाए रखना चाहता है।

पाकिस्तान ने ईरान के साथ कूटनीतिक संपर्क बढ़ाया है और पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार ने अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची को चर्चा के लिए "जल्द से जल्द" इस्लामाबाद आने का निमंत्रण दिया है।
इस कूटनीतिक संपर्क से जुड़े शीर्ष अधिकारियों के अनुसार, यह निमंत्रण इस बात का संकेत है कि इस्लामाबाद तेहरान और वाशिंगटन के बीच एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक सेतु की अपनी भूमिका बनाए रखना चाहता है।
यह घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा क्षेत्रीय सहयोगियों की अपील के बाद ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य हमलों को टालने के दो दिन बाद सामने आया है।
हालांकि, निमंत्रण पर ईरान की प्रतिक्रिया तत्काल ज्ञात नहीं हो सकी है।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने सोमवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "उप प्रधानमंत्री/विदेश मंत्री सीनेटर मोहम्मद इशाक डार ने आज ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से बातचीत की। दोनों नेताओं ने कब्जे वाले पूर्वी यरुशलम में बिगड़ती स्थिति समेत क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।"
विदेश कार्यालय ने कहा, "उप प्रधानमंत्री/विदेश मंत्री डार ने विदेश मंत्री अराघची को उनकी सुविधा के अनुसार जल्द पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया।"
वहीं, पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष अयाज सादिक ने कथित तौर पर अपने ईरानी समकक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ को भी इस्लामाबाद आने का निमंत्रण दिया है।
पाकिस्तान के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘इस नवीनतम संपर्क अभियान के जरिए पाकिस्तान ऐसे समय में एक भरोसेमंद मध्यस्थ के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहता है, जब कूटनीतिक प्रयास नाजुक बने हुए हैं और खाड़ी क्षेत्र में फिर से सैन्य टकराव की आशंका है।"
अराघची और गालिबाफ दोनों ने हालिया अमेरिका-ईरान वार्ताओं में अहम भूमिका निभाई थी।
अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान फिलहाल तनाव कम करने के लिए खुद को "अपेक्षाकृत कम सक्रिय भूमिका" में प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने कहा, "मैं आपको बता दूं... पर्दे के पीछे कूटनीतिक संपर्क जारी हैं।"
जून में अमेरिका और ईरान ने पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। पाकिस्तान ने भी इस दस्तावेज पर "जमानतदार" के रूप में हस्ताक्षर किए थे।
रूस और यूक्रेन के ड्रोन हमलों में दोनों देशों में कम से कम पांच-पांच लोगों की मौत
मॉस्को के आसपास के इलाके में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यूक्रेन के अधिकारियों का भी कहना है कि वहां रूसी हवाई हमलों में कम से कम पांच नागरिकों की जान चली गई है।
दोनों ही देश पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन में लगभग 1,250 किलोमीटर (800 मील) में फैले संघर्ष क्षेत्र में मारे गए या घायल हुए सैनिकों की संख्या उजागर नहीं करते हैं।
इस बीच, काला सागर में जहाजों पर दोनों पक्षों की ओर से तेज होते हमलों ने एक बार फिर यह आशंका पैदा कर दी है कि इससे वैश्विक खाद्य सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि रूस के काला सागर तट पर स्थित रिसॉर्ट शहर अरखिपो-ओसिपोवका में सोमवार को हुए एक ड्रोन हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं।
मंगलवार सुबह, क्रास्नोडार क्षेत्रीय अधिकारियों ने घायलों की संख्या अद्यतन करते हुए 58 बताई, जिनमें से 21 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
इंटरनेट पर सामने आए वीडियो में एक ड्रोन को भीड़भाड़ वाले समुद्र तट से टकराते देखा गया, वीडियो में तेज गोलीबारी जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही थीं। यूक्रेन ने इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
मॉस्को क्षेत्र (जो रूसी राजधानी के चारों ओर है लेकिन खुद राजधानी का हिस्सा नहीं है) के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि मंगलवार सुबह एक यूक्रेनी ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
वोरोब्योव ने कहा कि इस हमले से सबसे ज्यादा नुकसान चेखव नगर पालिका क्षेत्र में हुआ जहां नोवोसेल्की औद्योगिक क्षेत्र में कई जगह आग लग गई।
रूस के सबसे बड़े ऑनलाइन विक्रेता 'वाइल्डबेरीज' पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी में, कंपनी ने मंगलवार को बताया कि सेंट पीटर्सबर्ग से सटे लेनिनग्राद क्षेत्र में स्थित उसके गोदाम में आग लग गई है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार सुबह रिपोर्ट दी कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रात भर में 320 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया।
रूस के नोवोरोसिएस्क बंदरगाह के पास तुर्की के दो व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमलों के बाद तुर्की ने मंगलवार को रूस और यूक्रेन दोनों से काला सागर में जहाजों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने तथा वाणिज्यिक पोत परिवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
तुर्की के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में चेतावनी दी गई है कि काला सागर के जलक्षेत्र में व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों से यह युद्ध समुद्री मार्गों तक फैल रहा है।
ईरान के पास नयी वार्ता के जरिये समझौता करने और अमेरिकी हमलों से बचने का ‘आखिरी मौका’: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान के साथ प्रस्तावित नयी वार्ता तेहरान के लिए समझौता करने और अमेरिका के हमलों से बचने का "आखिरी मौका" है।
ट्रंप ने ओवल ऑफिस में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले एक-दो दिन में बातचीत शुरू होगी, जिसके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य दोबारा खोला जाएगा और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका की चिंताओं का समाधान निकालने का रास्ता तैयार होगा।
राष्ट्रपति ने कहा, “पहला चरण जलडमरूमध्य को खोलने का है। दूसरा चरण परमाणु निरस्त्रीकरण का है।” ट्रंप ने कहा कि “इसमें थोड़ा समय लगेगा।”
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात जैसे सहयोगी खाड़ी देशों के आग्रह पर ईरान पर नए और बड़े हमले का आदेश देने का फैसला फिलहाल टाल दिया।
ईरान ने यूक्रेन पर जवाबी हमले की बनाई थी योजना, ‘गलती’ की दलील के बाद रोकी कार्रवाई
पिछले हफ्ते कैस्पियन सागर में ईरानी व्यापारी जहाज पर हुए हमले के बाद ईरान जवाब देने की पूरी तैयारी में था। ईरान ने यूक्रेन के तीन ठिकानों पर हमला करने की योजना बना ली थी। यह बात ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के वरिष्ठ सैन्य सलाहकार मोहसेन रेजाई ने एक साक्षात्कार के दौरान बताई।
प्रेस टीवी को दिए एक इंटरव्यू में रेजाई ने बताया कि तेहरान ने जवाबी कार्रवाई की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन बाद में उसे रोक दिया गया। इसकी वजह थी कि कीव ने दावा किया कि हमला गलती से हुआ था।
पिछले सप्ताह ईरान ने आरोप लगाया था कि यूक्रेन ने उसके एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाया, जो लोहे का सामान लेकर जा रहा था। इस हमले में जहाज पर काम कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
इटली की समाचार एजेंसी एडनक्रोनोस के मुताबिक, कीव ने कहा था कि उसने कैस्पियन सागर में सैन्य सामग्री ले जा रहे दो रूसी जहाजों पर ड्रोन हमले किए थे।
हमले के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। हालांकि बाद में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और उनके यूक्रेनी समकक्ष के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसके बाद तनाव कुछ कम हो गया। अराघची ने कहा कि यूक्रेन ने ईरान को भरोसा दिलाया है कि हमला जानबूझकर नहीं किया गया था। रेजाई ने कहा, "अगर यह गलती से भी हुआ हो, तब भी मुआवजे की उम्मीद की जाती है।"
25 जुलाई को ईरान के विदेश मंत्री ने यूरोपीय संघ से यूक्रेन की ओर से कैस्पियन सागर में एक ईरानी व्यापारिक जहाज को निशाना बनाए जाने के मामले में 'निर्णायक' कदम उठाने की मांग की थी।
उन्होंने यह बात यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काया कैलास के साथ फोन पर हुई बातचीत के दौरान कही। ईरानी विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने क्षेत्र की ताजा स्थिति और हालिया घटनाक्रम पर चर्चा की।
होर्मुज स्ट्रेट के पास टैंकर पर हुए हमले में एक नाविक लापता
लाइबेरिया के झंडे वाले कॉमर्शियल जहाज 'मिनोअन पायनियर' पर मंगलवार को ओमान तट के पास होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। हमले के बाद सभी क्रू मेंबर्स को जहाज छोड़ना पड़ा था, लेकिन इसमें सवार एक नाविक लापता बताया जा रहा है।
ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा कंपनी वैनगार्ड ने बताया कि प्रोजेक्टाइल जहाज के इंजन रूम से टकराया, जिसके बाद जहाज में आग लग गई थी। जहाज का थर्ड इंजीनियर लापता है।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने पास से गुजर रहे टैंकर सवार के हवाले से बताया कि हमले के बाद ब्लैकआउट हो गया था यानी जहाज पूरी तरह से ठहर गया था
ब्रिटिश मीडिया ने घटना से जुड़े सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि आग बुझाने और बाहरी मदद मांगने के बाद क्रू ने जहाज छोड़ दिया।
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने सोमवार देर रात जारी एक चेतावनी में बताया था कि यह घटना ओमान के अल खसब से लगभग 20 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में, होर्मुज स्ट्रेट में प्रवेश करते हुए हुई।
यूकेएमटीओ ने कहा कि उसे सोमवार को 2200 जीएमटी पर मिलिट्री अधिकारियों से एक रिपोर्ट मिली। चेतावनी में बताया गया कि कार्गो जहाज ने वीएचएफ रेडियो पर बताया कि उस पर एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ है।
शिपिंग जानकारी से पता चला कि जहाज, मिनोअन पायनियर, एक लाइबेरियन झंडे वाला बल्क कैरियर है जिसे एक ग्रीक कंपनी चलाती है।
यूकेएमटीओ ने इलाके से गुजरने वाले जहाजों को सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट एजेंसी को करने की सलाह दी।
हाल के हफ्तों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के साथ, यूकेएमटीओ ने समुद्री सुरक्षा से जुड़ी कई घटनाओं की रिपोर्ट दी है, जिनमें से ज्यादातर ओमान के तट पर होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुईं।
इस बीच, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बाघेई ने सोमवार को कहा कि ईरान और ओमान के बीच बातचीत होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित शिपिंग सुनिश्चित करने के लिए एक "अस्थायी" रास्ता तय करने पर फोकस है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
