दुनिया की खबरें: अगले हफ्ते इजरायल दौरे पर जा सकते हैं पीएम मोदी और स्विट्जरलैंड में बर्फ के तूफान का कहर
पीएम मोदी अपने तीसरे कार्यकाल में पहली बार इजरायल के दौरे पर जा सकते हैं। 2017 के बाद पीएम मोदी का पहला इजरायल दौरा हो सकता है। यह ऐसे समय में हो रहा है, जब दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी मजबूत हुई है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते इजरायल के दौरे पर जा सकते हैं। इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने इसकी जानकारी दी। यह दौरा रक्षा, आतंकवाद रोकथाम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नई तकनीकों में आपसी संबंधों को मजबूत करने की कोशिशों के बीच होने की संभावना है।
पीएम मोदी अपने तीसरे कार्यकाल में पहली बार इजरायल के दौरे पर जा सकते हैं। 2017 के बाद पीएम मोदी का पहला इजरायल दौरा हो सकता है। यह ऐसे समय में हो रहा है, जब दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी मजबूत हुई है। हालांकि, पीएम मोदी के इजरायल दौरे को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से फिलहाल कोई पुष्टि नहीं की गई है।
हाल ही में मेजर अमेरिकन ज्यूइश ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष की कॉन्फ्रेंस में अपने संबोधन के दौरान पीएम नेतन्याहू ने जानकारी दी कि पीएम मोदी अगले हफ्ते इजरायली दौरे पर आ रहे हैं। नेतन्याहू ने कहा, "पार्लियामेंट में भाषण होने वाला है। अगले हफ्ते यहां कौन आ रहा है? नरेंद्र मोदी।"
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, "इजरायल और भारत के बीच जबरदस्त गठबंधन है और हम हर तरह के सहयोग पर बात करने वाले हैं। भारत कोई छोटा देश नहीं है। इसमें 1.5 बिलियन लोग हैं। भारत में इजरायल बहुत मशहूर है। बहुत ज्यादा मशहूर। क्या आप यह जानते थे? मुझे खुशी है कि आप यह जानते हैं, लेकिन मैं चाहता हूं कि आप सभी इसे जानें। और दूसरे देश भी हैं जो एक के बाद एक हमारे पास आ रहे हैं। जैसा कि आप जानते हैं, लैटिन अमेरिका में बदलाव आया है। आप जानते हैं। पहली बात, जाहिर है, हमारे कुछ दोस्तों का साथ है। उनमें से अर्जेंटीना एक जबरदस्त दोस्त है और वह जबरदस्त तारीफ का हकदार है। लेकिन और भी हैं। इक्वाडोर, पैराग्वे, बोलीविया, वगैरह।"
इजरायली मीडिया ने बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ एक संभावित डील करने के लिए पक्के इरादे वाले हैं, लेकिन उन्होंने इजरायल के शक को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते के लिए ईरान को सारा एनरिच्ड मटीरियल हटाना होगा, एनरिचमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को खत्म करना होगा, बैलिस्टिक मिसाइल एक्टिविटी पर रोक लगानी होगी, अपने क्षेत्रीय आतंक की धुरी को खत्म करना होगा और सख्त निरीक्षण की शर्त को मानना होगा।
बांग्लादेश: प्रधानमंत्री तय, अब बीएनपी में अगले राष्ट्रपति को लेकर मंथन शुरू
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 13वें संसदीय चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर सत्ता की चाभी अपने हाथ में थाम ली है। पीएम तारिक रहमान होंगे लेकिन देश का अगला राष्ट्रपति कौन होगा, इस पर पार्टी में चर्चा शुरू हो गई है। सोशल मीडिया और लोकल मीडिया में कई नाम उछाले जा रहे हैं।
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक सूत्र का हवाला देते हुए, बांग्लादेश के जाने-माने बांग्ला अखबार प्रोथोम आलो ने बताया कि स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य खंडाकर मोशर्रफ हुसैन को राष्ट्रपति बनाना चाहते हैं।
बीएनपी के एक और स्टैंडिंग कमेटी मेंबर, नजरुल इस्लाम खान का नाम भी चर्चा में है। इसके अलावा, बांग्लादेशी न्यूज आउटलेट एखोन टीवी ने बताया कि खंडाकर मोशर्रफ हुसैन और नजरुल इस्लाम खान के साथ, बीएनपी नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर और अब्दुल मोईन खान को भी संभावित राष्ट्रपति उम्मीदवार माना जा रहा है।
हालांकि, प्रोथोम आलो ने कई बीएनपी सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि पार्टी का झुकाव खंडाकर मोशर्रफ हुसैन की तरफ ज्यादा है।
अध्यक्ष तारिक रहमान के नेतृत्व में, बीएनपी ने हालिया चुनाव में 209 सीटें हासिल कीं, और नव निर्वाचित सदस्य मंगलवार को शपथ लेंगे, जिसके बाद कैबिनेट मेंबर शपथ लेंगे।
रिपोर्ट्स बताती हैं कि बीएनपी की मीटिंग्स में कैबिनेट बनाने को लेकर अंदरूनी चर्चा भी हो रही है। जहां कई मंत्री की नियुक्ति लगभग तय हो चुकी है, वहीं पार्टी अगले राष्ट्रपति का चुनाव करने को लेकर भी मंथन कर रही है।
बांग्लादेश के मौजूदा राष्ट्रपति, मोहम्मद शहाबुद्दीन, नई सरकार बनने के बाद इस्तीफा दे सकते हैं। दिसंबर 2025 में एक अंतर्राष्ट्रीय मीडिया आउटलेट को दिए इंटरव्यू में, उन्होंने पद छोड़ने का इरादा जताया था।
बांग्लादेश अवामी लीग ने उन्हें नॉमिनेट किया था, और 2023 में 75 साल की उम्र में, वो निर्विरोध चुने गए थे। शहाबुद्दीन का पांच साल का कार्यकाल अप्रैल 2028 तक है; हालांकि, उनकी बातों से लगता है कि तब तक उनके पद पर बने रहने की संभावना नहीं है।
बीएनपी, जिसे 209 सीटें मिली हैं, के लिए राष्ट्रपति का चुनाव कथित तौर पर एक औपचारिकता मात्र है। संविधान के अनुसार, संसद सदस्य वोटिंग के जरिए नए राष्ट्रपति का चुनाव करते हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने अफ्रीकी देशों पर चीन के जीरो-टैरिफ नीति की तारीफ की
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 14 फरवरी को इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में कहा कि वह चीन के उस फैसले की तारीफ करते हैं, जिसमें उसने 1 मई 2026 से उन 53 अफ्रीकी देशों पर जीरो-टैरिफ उपायों को पूरी तरह से लागू करने का फैसला किया है, जिनके साथ उसके राजनयिक संबंध हैं।
39वां अफ्रीकी संघ शिखर सम्मेलन 14 फरवरी को अदीस अबाबा में अफ्रीकी संघ मुख्यालय में शुरू हुआ। अफ्रीकी संघ मुख्यालय में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, गुटेरेस ने कहा, "मैं सभी विकसित देशों और मजबूत अर्थव्यवस्था वाले देशों से यही कदम उठाने की अपील करता हूं।"
गुटेरेस ने कहा कि अफ्रीका को अपने सामान के लिए शुल्क मुक्त व्यापार की जरूरत है, प्रतिबंधात्मक व्यापार और शुल्क नीतियां अफ्रीकी उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता को प्रभावित करती हैं।
गुटेरेस ने कहा, "मैंने हमेशा मुफ्त व्यापार का मजबूती से समर्थन किया है और वैश्विक स्तर पर टैरिफ स्तर कम करने का भी समर्थन किया है, जिससे वैश्विक आर्थिक विकास के लिए एक बड़ा मौका बन सके।"
जानकारी के अनुसार, चीन 1 मई, 2026 से उन 53 अफ्रीकी देशों पर शून्य-टैरिफ नीति पूरी तरह लागू करेगा, जिनके साथ उसके राजनयिक संबंध हैं। साथ ही, वह साझा विकास के लिए आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर को बढ़ावा देना जारी रखेगा और 'ग्रीन चैनल' को उन्नत करने सहित अन्य उपायों के माध्यम से अफ्रीकी उत्पादों की चीन में पहुंच को और अधिक विस्तारित करेगा।
स्विट्जरलैंड में बर्फ के तूफान का कहर: पटरी से उतरी ट्रेन, मौसम विभाग बोला अभी खतरा टला नहीं
पिछले कुछ दिनों से स्विट्जरलैंड में बर्फ के तूफान ने विभिन्न इलाकों में जबरदस्त कहर बरपाया है। सोमवार को बर्फीले तूफान की वजह से ट्रेन बेपटरी होने से 5 लोग घायल हो गए। बर्फीले तूफान का खतरा अभी टला नहीं है। मौसम विभाग ने आगामी हफ्ते के लिए अलर्ट जारी किया है।
साउथ स्विट्जरलैंड में सोमवार को यहां गोपेन्स्टीन गांव के पास सुबह (स्थानीय समयानुसार) लोगों को ले जार रही एक पैसेंजर ट्रेन अचानक आए बर्फ के तूफान की चपेट में आ गई और पटरी से उतर गई। हादसे की जानकारी स्विस पुलिस के अधिकारियों की ओर से दी गई। ट्रेन सुबह 6 बजकर 12 मिनट पर स्पीज से ब्रिग की ओर जा रही थी, तभी 7 बजे के करीब वह पटरी से उतर गई।
ट्रेन में करीब 80 यात्री सवार थे, और बचाव दल ने 30 यात्रियों को सुरक्षित निकाला, जबकि हेलीकॉप्टर और एम्बुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
स्विस मौसम विभाग ने अल्प्स के बड़े इलाकों में कैटेगरी 5 का हिमस्खलन अलर्ट जारी किया था, जो सबसे ऊंचा स्तर है और दुर्लभ माना जाता है। इसमें बड़े पैमाने पर प्राकृतिक हिमस्खलन की आशंका रहती है।
इस तूफान से पहले ही अल्प्स में कई मौतें हो चुकी हैं, और सड़कें व रेल लाइनें बंद हैं। अधिकारियों का कहना है कि रेल सेवा मंगलवार तक बंद रहेगी।
इससे पहले, रविवार दोपहर स्विट्जरलैंड के दावोस में एक 38 साल के स्नोबोर्डर की हिमस्खलन में दबकर मौत हो गई। स्विस शख्स अपने साथी संग ऑफ-पिस्ट पर बोर्डिंग कर रहा था।