दुनिया की खबरें: रूस ने यूक्रेन पर 500 ड्रोन-मिसाइलें दागीं और अफगानिस्तान में भूकंप बचाव कार्यों में चुनौतियां
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ऊर्जा सुविधाओं को सर्दी से पहले निशाना बनाकर अपने पड़ोसी को परेशान करने की आक्रामक नीति पर काम कर रहा है।

रूस ने रात भर में यूक्रेन पर 500 से अधिक ड्रोन और दो दर्जन मिसाइलें दागीं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दूसरी तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति और यूरोपीय नेता यूक्रेनी सुरक्षा को मजबूत करने और अब तक अमेरिकी नेतृत्व वाले असफल शांति प्रयासों को गति देने के उद्देश्य से बातचीत जारी रखे हुए हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस के हमले के मुख्य लक्ष्य नागरिक बुनियादी ढांचे, विशेष रूप से ऊर्जा सुविधाएं थीं। उन्होंने कहा कि रूस ऊर्जा सुविधाओं को सर्दी से पहले निशाना बनाकर अपने पड़ोसी को परेशान करने की आक्रामक नीति पर काम कर रहा है। यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि हमलों में मुख्य रूप से पश्चिमी और मध्य यूक्रेन को निशाना बनाया गया और कम से कम पांच लोग घायल हो गए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लड़ाई रोकने के प्रयासों के बावजूद, हाल के महीनों में नागरिक क्षेत्रों पर रूसी हवाई हमले तथा 1,000 किलोमीटर की अग्रिम पंक्ति में यूक्रेनी सुरक्षा को ध्वस्त करने के रूसी सेना के प्रयासों में कमी नहीं आई है।
जेलेंस्की ने हालांकि ट्रंप के युद्ध विराम और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ आमने-सामने शांति वार्ता के प्रस्तावों को स्वीकार कर लिया है, लेकिन क्रेमलिन ने इस पर आपत्ति जताई है।
ब्रिटेन में तेलंगाना के दो छात्रों की मौत, दो कारों की टक्कर में पांच गंभीर रूप से घायल
दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड के एसेक्स में एक गोल चक्कर पर दो कारों की टक्कर में तेलंगाना के दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना सोमवार तड़के रेले स्पर गोल चक्कर पर हुई।
दुर्घटना में चैतन्य तार्रे (23) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 21 वर्षीय ऋषि तेजा रपोलू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एसेक्स पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय कार चला रहे पूर्वी लंदन के दो पुरुषों को खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के संदेह में गिरफ्तार किया गया था और बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
एसेक्स पुलिस ने एक बयान में कहा, "दुख की बात है कि एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारी उनके परिवारों की सहायता कर रहे हैं। पांच अन्य लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है।"
बयान के अनुसार, "दोनों कारों के चालकों को खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के कारण मौत और गंभीर चोट पहुंचाने के संदेह में गिरफ्तार किया गया। दोनों को 20 नवंबर तक जमानत पर रिहा कर दिया गया है। मामले में जांच जारी है।"
एसेक्स पुलिस ने दुर्घटना से जुड़ी किसी भी जानकारी, सीसीटीवी या अन्य फुटेज के लिए जनता से अपील की है।
अफगानिस्तान : भूकंप प्रभावित प्रांतों में आ रही बचाव कार्यों में चुनौतियां
अफगानिस्तान में आए विनाशकारी भूकंप के बाद बचाव दल को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, अफगानिस्तान के भूकंप प्रभावित प्रांतों में मानवीय सहायता कार्यकर्ताओं को संचार और संपर्क की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच, अफगानिस्तान में रहने वाले हिंदू और सिख समुदाय के लोगों ने भूकंप प्रभावित लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने पूर्वी प्रांतों में भूकंप पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी है।
इस तबाही का सामना करने वाले शहरों में जलालाबाद भी शामिल है, जहां सिख गुरु गुरु नानक ने दौरा किया था। इस शहर में गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार स्थित है। वर्तमान में अफगानिस्तान में रहने वाले हिंदुओं और सिखों की सटीक संख्या उपलब्ध नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि भूकंप से सैकड़ों-हजारों लोग प्रभावित हो सकते हैं। रविवार को आए भूकंप के बाद पहले 24 घंटों में राहत और बचाव कार्यों तक पहुंच 'बेहद सीमित' रही। भूकंप के कारण हुए भूस्खलन और चट्टानों के गिरने से बचाव कार्य बाधित हुए। हाल की भारी बारिश के कारण पहले से ही कुछ सड़कें भूस्खलन से अवरुद्ध थीं।