दुनिया की खबरें: रूस का यूक्रेन पर हमला जारी और बांग्लादेश में खसरे का कहर

रूस ने सोमवार को राजनयिक मिशनों के सदस्यों सहित विदेशी नागरिकों से जल्द से जल्द यूक्रेनी राजधानी कीव को छोड़ने का आग्रह किया और निवासियों को सैन्य और सरकारी सुविधाओं से दूर रहने को कहा।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

यूक्रेन की वायुसेना ने मंगलवार को बताया कि रूस ने रात भर में यूक्रेन पर 100 से अधिक ड्रोन और दो बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि मॉस्को द्वारा कीव पर हवाई हमले करने की हालिया धमकी में कुछ भी नया नहीं है।

रूस ने सोमवार को राजनयिक मिशनों के सदस्यों सहित विदेशी नागरिकों से जल्द से जल्द यूक्रेनी राजधानी कीव को छोड़ने का आग्रह किया और निवासियों को सैन्य और सरकारी सुविधाओं से दूर रहने को कहा। रूस ने कहा कि कीव पर ‘व्यवस्थित हमले’ की तैयारी की जा रही है।

विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से फोन पर बात करते हुए कहा कि अमेरिका को कीव से अपने राजनयिक कर्मचारियों को निकाल लेना चाहिए।

लेकिन रूबियो ने यह नहीं बताया कि विदेश विभाग यह कदम उठाएगा या नहीं। हालांकि, रूबियो ने भारत यात्रा के दौरान चिंता व्यक्त की कि यूक्रेन में जारी‘भयानक’ युद्ध और बढ़ सकता है।

ट्रंप प्रशासन फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद शुरू हुई लड़ाई को रोकने के लिए एक साल से अधिक समय से प्रयास कर रहा है। लेकिन इस दिशा में अमेरिका को कोई खास सफलता नहीं मिली है और अब वाशिंगटन ईरान युद्ध पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

किसी भी राजनयिक ने अभी तक कीव से जाने की घोषणा नहीं की है। यूरोपीय संघ, फ्रांस और पोलैंड के प्रतिनिधिमंडलों ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वे कीव नहीं छोड़ेंगे।

बांग्लादेश में खसरे का कहर जारी, अब तक 555 बच्चों की मौत

बांग्लादेश में खसरे और इससे मिलते-जुलते लक्षणों के कारण बच्चों की मौत का सिलसिला जारी है। मंगलवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में 10 और बच्चों की मौत दर्ज की गई, जिससे 15 मार्च 2026 से अब तक कुल मौतों की संख्या 555 हो गई है। स्थानीय मीडिया ने इसकी जानकारी दी।

ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशालय (डीजीएचएस) की ओर से इनमें से एक मौत की पुष्टि खसरे की वजह से की गई है, जबकि बाकी नौ मामलों को संदिग्ध माना गया है। ढाका डिवीजन में संदिग्ध मौतों की संख्या सबसे अधिक रही है।

डीजीएचएस के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 1,083 नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिससे कुल संदिग्ध मामलों की संख्या 66,023 तक पहुंच गई है। इसी अवधि में 53 नए पुष्टि किए गए मामले भी दर्ज हुए, जिसके बाद कुल पुष्टि मामलों की संख्या 8,772 हो गई है।

15 मार्च से अब तक 52,530 संदिग्ध मरीजों (बच्चों) को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 48,800 ठीक होकर घर लौट चुके हैं।

बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार ने अप्रैल में देशव्यापी आपातकालीन खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान शुरू किया। इस अभियान के तहत 6 महीने से 5 साल तक के लगभग 18 मिलियन बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा डब्ल्यूएचओ, यूनीसेफ और टीका और प्रतिरक्षा के लिए गठित वैश्विक गठबंधन (जीएवीआई-गावी) के सहयोग से चलाया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने कहा कि टीकाकरण अभियान के असर से आने वाले कुछ हफ्तों में स्थिति नियंत्रण में आने की उम्मीद है और मरीजों की संख्या में गिरावट आएगी।

हाल ही में यूनिसेफ ने दावा किया कि अंतरिम सरकार के दौर में उन्होंने बार-बार चेताया था कि अगर उचित कदम नहीं उठाए गए तो परिणाम भयावह हो सकते हैं।


पूर्वी लेबनान के गांव पर इजराइल के हमले में 12 लोगों की मौत

पूर्वी लेबनान के एक गांव पर इजराइल के हवाई हमले में 12 लोगों की मौत हो गई। लेबनान की सरकारी ‘नेशनल न्यूज एजेंसी’ ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

लेबनान के बेका घाटी क्षेत्र में सोमवार देर रात किए गए इस हमले से पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि उन्होंने लेबनान में हिजबुल्ला आतंकवादी समूह को निशाना बनाकर और अधिक तीव्र हमले करने का फैसला किया है।

इजराइली सेना ने इस विशेष हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन उसने सोमवार को कहा था कि वह पूर्वी लेबनान में हिजबुल्ला के बुनियादी ढांचे को निशाना बना रही है।

बचावकर्मियों ने बताया कि दक्षिणी और पूर्वी लेबनान के बड़े हिस्सों को निशाना बनाकर रातभर किए गए भीषण हमलों के बाद मलबे से 12 शव निकाले गए।

लेबनान और इजराइल के सैन्य प्रतिनिधिमंडलों की वाशिंगटन में होने वाली सीधी बातचीत से तीन दिन पहले ये हमले किए गए।

हिजबुल्ला दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैनिकों और उत्तरी इजराइल के कस्बों पर हमले कर रहा है। उसने कहा है कि जब तक इजराइल अपने दैनिक हवाई हमले बंद नहीं करता और देश से अपने सैनिक नहीं हटाता, तब तक वह लड़ाई जारी रखेगा।

लेबनान सरकार को उम्मीद है कि हिजबुल्ला के विरोध के बावजूद इजराइल के साथ सीधी बातचीत से संघर्षविराम का रास्ता निकलेगा।

इस युद्ध में लेबनान में 10 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। यह युद्ध दो मार्च को ईरान के समर्थन में हिजबुल्ला द्वारा उत्तरी इजराइल पर रॉकेट दागे जाने के बाद शुरू हुआ था।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia