दुनिया की खबरें: ट्रंप बोले- यूक्रेन में युद्ध का अंत बहुत करीब और हंता वायरस का तांडव जारी
ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत में प्रगति हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लंबे समय से चल रहा युद्ध जल्द खत्म होने की दिशा में बढ़ सकता है। हालांकि उन्होंने किसी बड़े समझौते या खास सफलता के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच समझौते की संभावना अब काफी करीब दिखाई दे रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लंबे समय से चल रहा युद्ध जल्द खत्म होने की दिशा में बढ़ सकता है।
मरीन वन से रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत में प्रगति हो रही है। हालांकि उन्होंने किसी बड़े समझौते या खास सफलता के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई चर्चाओं के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, "यूक्रेन में युद्ध का अंत, मुझे सचमुच लगता है कि यह बहुत करीब है।"
बाद में भी ट्रंप ने रूस-यूक्रेन शांति वार्ता को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा, “यह युद्ध अब समाधान की ओर बढ़ रहा है। चाहे लोग मानें या नहीं, लेकिन समझौता करीब आता दिख रहा है। हमें लगता है कि रूस और यूक्रेन के बीच आखिरकार कोई न कोई समझौता हो जाएगा।”
ट्रंप ने उन खबरों को भी खारिज किया जिनमें कहा जा रहा था कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ डोनबास क्षेत्र को लेकर कोई सहमति बनी है। जब उनसे पूछा गया कि क्या पूरा डोनबास रूस को मिलना चाहिए, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “नहीं, बिल्कुल नहीं।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि वह युद्ध खत्म कराने के लिए “जो भी जरूरी होगा” करने को तैयार हैं।
ट्रंप यह बयान चीन यात्रा से पहले दे रहे थे, जहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति शी चिनफिंग से होने की उम्मीद है। उन्होंने संकेत दिया कि इस बैठक में यूक्रेन युद्ध समेत कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
ट्रंप का मानना है कि अगर दुनिया में तनाव कम होता है तो इसका फायदा वैश्विक अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा। खास तौर पर तेल की कीमतों और महंगाई पर इसका असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, “जैसे ही यह युद्ध खत्म होगा, तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिलेगी।”
नेपाल में बंदरों के आतंक से परेशान नगरपालिका ने लिया अजीबोगरीब फैसला!
बंदरों ने नेपाल के कई पहाड़ी क्षेत्रों में इस कदर तबाही मचाई है कि स्थानीय सरकार को एक अजीबोगरीब फैसला करना पड़ा। बंदरों के आतंक से निपटने के लिए एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी गई है। ये लालिगुरास नगरपालिका ने लिया है। इस दिन इलाके के लोग सामूहिक तौर पर बंदरों को खेतों और बस्तियों से भगाने का काम करेंगे।
लालिगुरास नगरपालिका तेहरथुम जिले की है। एक दिन की छुट्टी जेष्ठ (1), यानी 15 मई को, पूरे क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित की गई है, ताकि स्थानीय भाषा में “रातो बांदर” कहलाने वाले "रीसस मकाक" बंदरों के विरुद्ध ऑपरेशन चलाया जा सके। ये बंदर फसलों और सब्जियों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं।
दरअसल, हुड़दंगी बंदरों का झुंड मक्का, आलू, कोदो, फल और सब्जियों को आए दिन नष्ट कर रहा है। बंदरों की इस हरकत से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि किसान रातभर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं, जबकि कई स्कूली बच्चे फसलों की सुरक्षा के लिए पढ़ाई छोड़ रहे हैं।
मेयर अर्जुन माबुहांग के हस्ताक्षर से जारी सूचना में कहा गया कि बंदरों की समस्या को अक्सर मामूली समझा जाता है, लेकिन इसने ग्रामीण किसानों की आजीविका पर गंभीर असर डाला है।
सूचना में कहा गया, "किसान अपनी कृषि उपज बचाने के लिए पूरी रात जागकर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं। इसका असर न केवल उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ा है, बल्कि बच्चों की शिक्षा और परिवारों के दैनिक जीवन पर भी पड़ा है।"
नगरपालिका ने बताया कि 15 और 16 मई को दो दिवसीय अभियान चलाकर बंदरों को नगरपालिका की सीमा से बाहर खदेड़ा जाएगा। किसानों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों से वार्ड कार्यालयों की ओर से तय किए गए स्थानों और निश्चित समय पर भाग लेने का आग्रह किया गया है।
ट्रंप बीजिंग पहुंचे: चिनफिंग से ईरान युद्ध, व्यापार सहित विभिन्न मुद्दों पर होगी चर्चा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को बीजिंग पहुंचे, जहां उनकी अपने चीनी समकक्ष शी चिनफिंग के साथ ईरान युद्ध, व्यापार और ताइवान को अमेरिका द्वारा की जाने वाली हथियारों की बिक्री पर बातचीत होगी।
शिखर सम्मेलन के तहत दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बातचीत का मुख्य कार्यक्रम बृहस्पतिवार को होगा, जब दोनों द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और चिनफिंग ट्रंप के सम्मान में एक औपचारिक भोज का आयोजन करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधारिक विमान एयर फ़ोर्स वन के चीन की राजधानी में उतरने के बाद ट्रंप का भव्य स्वागत किया गया।
व्हाइट हाउस के अनुसार, राष्ट्रपति का स्वागत चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग, वाशिंगटन में चीन के राजदूत शी फेंग, विदेश मामलों के कार्यकारी उप मंत्री मा झाओक्सू और बीजिंग में अमेरिकी दूत डेविड पर्ड्यू ने किया।
स्वागत समारोह में लगभग 300 चीनी युवा शामिल हुए और सैन्य बैंड ने अपनी प्रस्तुति दी। चीन की सेना की ओर से ट्रंप को गारद सलामी भी दी गई।
रूस ने यूक्रेन के विभिन्न इलाकों पर ड्रोन से किए हमले
रूस ने बुधवार को ड्रोन के जरिए यूक्रेन के विभिन्न इलाकों को निशाना बनाया। इससे पहले मिसाइलों के हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई थी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रूस लगातार हमले कर रहा है और वह यह सब बेशर्मी से कर रहा है। जानबूझकर हमारे रेलवे ढांचे और हमारे शहरों में नागरिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है।’’
जेलेंस्की के अनुसार, रात भर हमलों में मध्य नीप्रो और उत्तरपूर्वी खारकीव क्षेत्रों में यूक्रेन के आवासीय और रेलवे बुनियादी ढांचे, दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में बंदरगाह बुनियादी ढांचे और मध्य पोल्तावा क्षेत्र में ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को दिन भर में 14 क्षेत्रों पर हमले हुए।
दुनिया का ध्यान ईरान युद्ध की ओर अधिक केंद्रित होने का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने कहा, ‘‘यूक्रेन का समर्थन करना और रूस के युद्ध पर चुप न रहना महत्वपूर्ण है। जब भी यह युद्ध खबरों की सुर्खियों से गायब हो जाता है, तो इससे रूस को और अधिक क्रूर बनने का हौसला मिलता है।’’
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि रूस और यूक्रेन जल्द ही लड़ाई खत्म करने के लिए एक समझौते पर पहुंच जाएंगे।
बीजिंग में शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ से रवाना होते समय ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यूक्रेन युद्ध का अंत बहुत करीब आ रहा है। मानो या न मानो, यह सच में करीब आ रहा है।’’
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले सप्ताहांत एक भाषण में कहा था कि यूक्रेन पर उनके देश की सैन्य कार्रवाई संभवतः ‘‘खत्म होने वाली है।’’
यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइल हमलों ने रूस के अंदरूनी हिस्सों में ऊर्जा ढांचों और विनिर्माण इकाइयों को नुकसान पहुंचाया है। बुधवार को रूस के तीन क्षेत्रों में हमले हुए।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रूसी क्षेत्रों, क्रीमिया प्रायद्वीप, आजोव सागर और काला सागर के ऊपर 286 यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट कर दिया।
हंटा वायरस: संक्रमित फ्रांसीसी महिला की हालत गंभीर
‘एमवी होंडियस’ नामक जहाज पर घातक हंटा वायरस की चपेट में आई फ्रांसीसी महिला की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है और उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। पेरिस के एक अस्पताल में उसका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब 11 तक पहुंच गई है, जिनमें से नौ मामलों में हंटा वायरस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। जहाज पर सवार तीन लोगों की इस वायरस से मौत हो चुकी है, जिनमें नीदरलैंड का एक जोड़ा भी शामिल है।
स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि दक्षिण अमेरिका की यात्रा के दौरान यह जोड़ा सबसे पहले इस वायरस के संपर्क में आया था।
बिचैट अस्पताल के संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. जेवियर लेस्क्योर ने कहा कि पेरिस में भर्ती फ्रांसीसी महिला गंभीर रूप से बीमार है और उनके फेफड़ों और हृदय में गंभीर समस्या है। लेस्क्योर ने इसे 'गहन उपचार का अंतिम चरण' बताया है।
सभी 87 यात्रियों और चालक दल के 35 सदस्यों को सुरक्षित निकाले जाने के बाद जहाज अब नीदरलैंड की ओर बढ़ रहा है, जहां इसे पूरी तरह साफ और संक्रमण मुक्त किया जाएगा।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
