दुनिया की खबरें: ईरान के नए प्रस्ताव के बावजूद अमेरिका के साथ युद्धविराम वार्ता पर अनिश्चितता और दक्षिण सूडान में विमान हादसा

अराघची ओमान और पाकिस्तान की यात्रा के बाद सेंट पीटर्सबर्ग पहुंचे हैं जहां वह सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत करेंगे। ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए एक नया प्रस्ताव भी पेश किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के समाधान के लिए तेहरान और वाशिंगटन में दूसरे दौर की शांति वार्ता को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस की यात्रा पर हैं।

अराघची ओमान और पाकिस्तान की यात्रा के बाद सेंट पीटर्सबर्ग पहुंचे हैं जहां वह सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत करेंगे। ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए एक नया प्रस्ताव भी पेश किया है।

हालांकि, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान की अपनी यात्रा रद्द कर दी, जिससे यह आशंका बढ़ गई है कि युद्ध समाप्त करने और महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए समझौता अभी भी असंभव बना हुआ है।

ईरान के नवीनतम प्रस्ताव से उसके परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत को भविष्य के लिए टाल दिया जाएगा।

इसके बजाय, समझौते के तहत तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी नाकाबंदी समाप्त करेगा, जिसके बदले में अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर अपनी नाकाबंदी हटाएगा और एक दीर्घकालिक या स्थायी युद्धविराम लागू करेगा। यह जानकारी प्रस्ताव से वाकिफ दो क्षेत्रीय अधिकारियों ने दी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि अमेरिकी वार्ताकार अब ईरान के साथ वार्ता के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएंगे। ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिकी और ईरानी अधिकारी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए फोन पर बातचीत कर सकते हैं।

पाकिस्तान दोनों पक्षों को इस्लामाबाद में बातचीत की मेज पर वापस लाने की कोशिश कर रहा है। लेकिन, इस सप्ताहांत उसने बातचीत की उम्मीद में लगायी गयी सभी सुरक्षा चौकियों और सुरक्षा व्यवस्था को हटा दिया। इससे संकेत मिलता है कि फिलहाल बातचीत फिर से शुरू होने की कोई संभावना नहीं है।

दक्षिण सूडान में विमान हादसा, 14 लोगों की मौत

दक्षिण सूडान की राजधानी जूबा के बाहरी इलाके में सोमवार को विमानन कंपनी सेसना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार सभी 13 यात्रियों और पायलट की मौत हो गई। नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि खराब मौसम और कम दृश्यता होने के कारण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया होगा।

उन्होंने बताया कि विमान में सवार दो लोग केन्या के नागरिक थे, जबकि बाकी 12 दक्षिण सूडान से थे।


पुतिन ने ईरान के विदेश मंत्री अराघची से मुलाकात की

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को सेंट पीटर्सबर्ग में ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की। रूसी सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने यह जानकारी दी। ‘तास’ की खबर के अनुसार, पुतिन ने संप्रभुता के लिए बहादुरी से लड़ने को लेकर ईरान के लोगों की प्रशंसा की।

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के लिए ईरान और क्षेत्र के अन्य देशों के हित में हरसंभव प्रयास करेगा।

रूस पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने इस्लामाबाद की अपनी यात्रा को ‘सफल’ बताया

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के समाधान के लिए तेहरान और वाशिंगटन में दूसरे दौर की शांति वार्ता पर जारी अनिश्चितता के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची सोमवार को रूस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इस्लामाबाद की अपनी यात्रा को “बहुत फलदायी” बताया और कहा कि पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनका “सार्थक विचार-विमर्श” हुआ।

अराघची पिछले तीन दिनों में इस्लामाबाद की अपनी दूसरी यात्रा के बाद रूस पहुंचे। इस्लामाबाद में उन्होंने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की।

अराघची ने सेंट पीटर्सबर्ग पहुंचने के बाद अपने टेलीग्राम चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा, “हमने पाकिस्तान में अपने मित्रों के साथ सार्थक बातचीत की। यह यात्रा सफल रही। हमने अपनी हालिया बैठकों के निष्कर्षों का आकलन किया और इस बात पर चर्चा की कि बातचीत किस दिशा में और किन परिस्थितियों में आगे बढ़ सकती है।”

अराघची ने पश्चिम एशिया में संघर्ष को सुलझाने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के दूसरे दौर का जिक्र करते हुए कहा, “वार्ता में प्रगति हुई है।”

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक, अराघची ने कहा, “पहले दौर की वार्ता में कुछ प्रगति होने के बावजूद, अमेरिकी पक्ष के रवैये, उसकी असंगत मांगों और गलत दृष्टिकोण के कारण बातचीत अपने उद्देश्यों तक नहीं पहुंच सकी। इसलिए, मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने के लिए पाकिस्तान में हमारे मित्रों से परामर्श करना आवश्यक था।”

अराघची ने कहा कि पाकिस्तान की यात्रा ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल के युद्ध से संबंधित घटनाक्रमों की समीक्षा करने का एक अच्छा अवसर थी। उन्होंने भरोसा जताया कि “दोनों देशों के बीच यह परामर्श और समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।”

अराघची सोमवार तड़के सेंट पीटर्सबर्ग के पुलकोवो हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां रूसी अधिकारियों और रूस में ईरान के राजदूत काजेम जलाली ने उनका स्वागत किया।


बालेंद्र शाह के भारत दौरे से पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री 11 मई को जाएंगे नेपाल

भारत ने नेपाल के साथ व्यापक परामर्श के तहत विदेश सचिव विक्रम मिस्री की 11–12 मई को नेपाल यात्रा का प्रस्ताव रखा है। यह यात्रा नव-निर्वाचित नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा से पहले होगी।

'द काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने मिस्री को औपचारिक निमंत्रण भी भेज दिया है। नेपाल के प्रधानमंत्री शाह को पहले ही भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से भारत आने का न्योता मिल चुका है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने इसकी पुष्टि की है।

खनाल ने यह भी कहा कि इस यात्रा में थोड़ा समय लग सकता है, क्योंकि सरकार पहले अपनी प्राथमिकताएं तय करेगी। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच करीब 40 द्विपक्षीय तंत्र (बाइलेटरल मैकेनिज्म) काम करते हैं, जो सुरक्षा, जल संसाधन, सिंचाई, सीमा प्रबंधन, व्यापार और कृषि जैसे मुद्दों को कवर करते हैं। इन पर तकनीकी स्तर की तैयारियां भी जरूरी हैं।

27 मार्च को प्रधानमंत्री शाह के नेतृत्व में नई सरकार बनने के बाद काठमांडू में कई बड़े राजनयिक दौरे हो चुके हैं। हाल ही में नेपाल ने अमेरिका और चीन के वरिष्ठ अधिकारियों की मेजबानी की है और अब भारत भी अपने शीर्ष राजनयिक को भेजने की तैयारी में है।

पिछले हफ्ते अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर नेपाल आए थे। इसी दौरान चीन के विदेश मंत्रालय के एशियाई मामलों के उप महानिदेशक काओ जिंग ने भी काठमांडू का दौरा किया और वहां के अधिकारियों से बातचीत की।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia