दुनिया की खबरें: अमेरिका ने ईरान युद्ध खत्म करने के अंतरिम समझौते के तहत ईरानी तेल पर पाबंदी में छूट दी

अमेरिका के वित्त विभाग ने ईरान युद्ध खत्म करने के लिए हुए अंतरिम समझौते के तहत, ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंधों में छूट देते हुए 60 दिन का लाइसेंस जारी किया है।

फोटो: IANS
i

अमेरिका के वित्त विभाग ने ईरान युद्ध खत्म करने के लिए हुए अंतरिम समझौते के तहत, ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंधों में छूट देते हुए 60 दिन का लाइसेंस जारी किया है। यह लाइसेंस ईरानी तेल के उत्पादन, आपूर्ति और बिक्री की अनुमति देता है। यह 21 अगस्त तक लागू रहेगा।

यह घटनाक्रम सोमवार को उस वक्त हुआ, जब अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि स्विट्जरलैंड में ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उनकी लंबी बातचीत ने ‘‘एक सफल अंतिम समझौते के लिए अच्छी नींव’’ तैयार की है।

वार्ताकार युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं जिसे अमेरिका और इजराइल ने फरवरी में शुरू किया था।

ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत ने युद्ध खत्म करने के समझौते के लिए ‘अच्छी नींव’ रखी : वेंस

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने सोमवार को कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता ने फरवरी के आखिर में शुरू हुई जंग को खत्म करने के लिए “एक सफल अंतिम समझौते की अच्छी नींव” तैयार की है।

वेंस ने अंतिम समझौते की तुलना एक मकान से करते हुए पत्रकारों से कहा, “हमने नींव रखी है। हमने घर तो नहीं बनाया है, लेकिन अमेरिकी लोगों के लिए एक अच्छी स्थिति तक पहुंचने के लिए हमने एक मजबूत नींव जरूर रखी है।”

वेंस की ये टिप्पणियां तब आईं जब उन्होंने और ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघिर गालिबाफ ने सोमवार को दोनों देशों के बीच युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने के मकसद से शुरुआती बातचीत का एक लंबा दौर पूरा किया।

उपराष्ट्रपति ने यह भी सुझाव दिया कि अमेरिकी प्रशासन अमेरिकी सोया, मक्का और गेहूं की खरीद के लिए ईरान की जब्त की गई संपत्ति को जारी करने पर सहमत हो सकता है।

स्विट्जरलैंड में मध्यस्थता की कोशिशें, जो रविवार को शुरू होकर सोमवार तड़के तक चलीं, उनमें कुछ उतार-चढ़ाव भी आए। लेकिन इन बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कुछ समझौते भी हुए।


यूक्रेन में रूसी ड्रोन हमले में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

उत्तर-पूर्वी यूक्रेन के सुमी शहर में रूसी ड्रोन हमले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें 13 साल का एक लड़का और उसके पिता शामिल हैं। एक क्षेत्रीय अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रूस ने चार साल से भी ज़्यादा समय पहले अपने पड़ोसी देश पर हमला शुरू किया था। रूस ने यूक्रेन के आम लोगों की रिहाइश वाले इलाकों पर ड्रोन और मिसाइलों से जबरदस्त हमले किए हैं। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक इस युद्ध में 16,000 से ज़्यादा आम नागरिक मारे गए हैं। अमेरिका के नेतृत्व वाले शांति प्रयास भी युद्ध रुकवाने में नाकाम रहे।

क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह हृहोरोव के मुताबिक, सुमी में एक घर पर हमला हुआ, जिसमें 36 साल के एक व्यक्ति, उसके 13 साल के बेटे और 73 साल की एक महिला की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस हमले में दो व्यक्ति घायल हो गए।

संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार निगरानी मिशन के अनुसार, हाल में यूक्रेन में रूसी हमलों में मारे गए या घायल हुए आम नागरिकों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि रूसी सेनाओं को युद्ध के मैदान में आगे बढ़ने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेडोरोव ने बताया कि यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी शहर ज़ापोरिज्जिया में रात के समय हुए रूसी ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई और 11 साल के लड़के समेत तीन लोग घायल हो गए।

अराघची का दावा: लेबनान युद्ध रोकने की कोशिशों में सफलता, ईरान को मिली बड़ी आर्थिक राहत

ईरान ने दावा किया है कि अमेरिका के साथ हालिया वार्ताओं के बाद उसे बड़ी आर्थिक राहत मिली है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान के तेल पर लगाए गए प्रतिबंधों में छूट दी गई है और विदेशों में सीज तेहरान की कुछ संपत्तियां भी जारी कर दी गई हैं।

अराघची ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "पाकिस्तान और कतर की लगातार मध्यस्थता से लेबनान युद्ध को समाप्त करने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है।"

ईरान की एक प्रमुख समाचार एजेंसी फार्स न्यूज की र‍िपोर्ट के अनुसार, अराघची का यह बयान उस समय आया, जब स्विट्जरलैंड में ईरान और अमेरिका के बीच तकनीकी स्तर की वार्ताएं समाप्त हुईं।

स्विट्जरलैंड में हुई ये बातचीत 14-सूत्रीय इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत पहली उच्च-स्तरीय वार्ता थी। यह समझौता 18 जून को पाकिस्तान की मध्यस्थता में कई हफ्तों की कूटनीतिक कोशिशों के बाद हस्ताक्षरित किया गया था।

इस समझौते के अनुसार, दोनों पक्षों ने लेबनान सहित सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को 'तुरंत और स्थायी रूप से' समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताई है।

फार्स न्यूज की र‍िपोर्ट के अनुसार, समझौते में कहा गया है कि 30 दिनों के भीतर अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी हटाई जाएगी, ईरान की अरबों डॉलर की सीज संपत्तियां जारी की जाएंगी, ईरान के पुनर्निर्माण के लिए 300 अरब डॉलर का फंड बनाया जाएगा और युद्ध के कारण बंद किए गए होर्मुज स्‍ट्रेट को फिर से खोला जाएगा।

अराघची ने कहा क‍ि एक अंतिम समझौते पर 60 दिनों के भीतर बातचीत की जाएगी, जिसमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम, सभी प्रतिबंधों को पूरी तरह हटाने और युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने जैसे मुद्दे शामिल होंगे।