दुनिया की खबरें: अमेरिका ने ईरानी रडार और ड्रोन ठिकानों को बनाया निशाना, होर्मुज रूट से सुरक्षित गुजरे 70 जहाज
ईरान के अर्द्धसैन्य बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने एक बयान में बताया कि अमेरिकी बलों ने एक द्वीप पर दूरसंचार टावर को निशाना बनाया। गार्ड ने कहा कि उसने जवाबी हमला किया लेकिन यह नहीं बताया कि हमला कहां किया गया।

ईरान द्वारा सप्ताहांत में एक अमेरिकी ‘एमक्यू-1 प्रीडेटर’ ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद अमेरिका की सेना ने ईरान में रडार और ड्रोन नियंत्रण स्थलों को निशाना बनाया। अमेरिका की सेना ने यह जानकारी दी।
सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए की खबर के अनुसार, ईरान के अर्द्धसैन्य बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने एक बयान में बताया कि अमेरिकी बलों ने एक द्वीप पर दूरसंचार टावर को निशाना बनाया। गार्ड ने कहा कि उसने जवाबी हमला किया लेकिन यह नहीं बताया कि हमला कहां किया गया।
अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी अस्थायी समझ के बाद गहन वार्ता होनी चाहिए: कलास
यूरोपीय संघ के एक शीर्ष पदाधिकारी ने सोमवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी तरह की अस्थायी सहमति बनने के बाद तेहरान के परमाणु भंडार और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर अवश्य ही गहन बातचीत होनी चाहिए।
उन्होंने पश्चिम एशिया में स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान के लिए 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ के सहयोग की पेशकश भी की।
यूरोपीय संघ की विदेश मामलों और सुरक्षा नीति की शीर्ष प्रतिनिधि काजा कलास ने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच मुख्य मध्यस्थ रहा है, और इस्लामाबाद के राजनयिक प्रयासों ने दोबारा युद्ध शुरू होने से रोकने में मदद की है।
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री/विदेश मंत्री इसहाक डार के साथ अपनी बातचीत के बाद एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कलास ने कहा कि उनकी यह यात्रा वैश्विक और क्षेत्रीय परिवर्तनों के बीच एक महत्वपूर्ण समय पर हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की।
अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर समन्वित हमले किए, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई और कई शीर्ष कमांडर मारे गए। ईरान ने महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और इसका इस्तेमाल अमेरिका पर युद्ध समाप्त करने के लिए दबाव बनाने में किया।
कलास ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच नाजुक युद्धविराम को बढ़ाने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए एक ‘‘बहुत बारीक राजनयिक अवसर’’ मौजूद है।
उन्होंने कहा, ‘‘फिर भी, अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी अस्थायी समझौते के बाद ईरान के परमाणु भंडार और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन बातचीत होनी चाहिए।’’
ईयू पदाधिकारी ने कहा कि उनका संगठन एक स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान में योगदान देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘‘हम आर्थिक प्रभाव, कठिन परिश्रम से अर्जित परमाणु विशेषज्ञता, खाड़ी देशों के साझेदारों के साथ दीर्घकालिक संबंध और ईरान के साथ प्रत्यक्ष संपर्क लेकर आए हैं।’’
अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य से 70 जहाजों को सुरक्षित निकलवाया
पिछले तीन हफ्तों में अमेरिकी सशस्त्र बलों ने लगभग 70 जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकाला है। मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गयी। ईरान के साथ अमेरिका के युद्ध की शुरुआत के तीन महीने बाद से यह जलमार्ग जोखिम भरा बना हुआ है।
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि पिछले तीन हफ्तों में अमेरिकी सेंट्रल कमान ने फारस की खाड़ी में आने-जाने वाले लगभग 70 वाणिज्यिक जहाजों का जलडमरूमध्य से गुजरने में मार्गदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि संकरे जलमार्ग से गुजरते समय पकड़े जाने से बचने के लिए ज्यादातर जहाजों ने अपने ट्रांसपोंडर बंद कर दिए थे।
बताया गया कि 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने से पहले, प्रतिदिन 100 से अधिक वाणिज्यिक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरते थे। ईरान और ओमान से घिरे इस संकरे जलमार्ग से वैश्विक तेल आपूर्ति की 20 प्रतिशत माल ढुलाई होती है।
अधिकारियों ने यह बताने से इनकार कर दिया कि किस प्रकार के जहाज वहां से गुजर रहे थे और उन्होंने कौन सा मार्ग अपनाया, लेकिन एक अधिकारी ने संकेत दिया कि कम से कम एक मार्ग ईरानी तटरेखा के करीब नहीं था।
बांग्लादेश में खसरे का कहर: 3 और मासूमों की गई जान
बांग्लादेश में खसरे और उससे मिलते-जुलते लक्षणों के कारण बच्चों की मौत का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों में (रविवार से सोमवार) खसरे के मिलते-जुलते लक्षणों के कारण तीन और बच्चों की मौत हो गई, जिससे मृतक संख्या बढ़कर 588 हो गई है।
मीडिया आउटलेट यूएनबी ने स्वास्थ्य महानिदेशालय (डीजीएचएस) की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के हवाले से बताया कि पिछले 24 घंटों में 1,134 संदिग्ध मामले सामने आए। इसके साथ ही 15 मार्च से अब तक कुल संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर 72,070 हो गई है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण को नियंत्रित करने और बच्चों की सुरक्षा के लिए निगरानी, टीकाकरण और उपचार संबंधी प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
रिपोर्ट्स बताती हैं कि खसरे के कारण 90 और इससे मिलते-जुलते लक्षणों के कारण 498 बच्चों ने जान गंवाई है।
डीजीएचएस के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले (सोमवार सुबह 8 बजे तक) 24 घंटों में 45 नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिससे कुल संदिग्ध मामलों की संख्या 9,094 तक पहुंच गई है।
ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, 15 मार्च से अब तक मिलते-जुलते लक्षणों से जूझ रहे कुल 57,902 बीमार बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 53,722 की सेहत सुधर गई।
ढाका ट्रिब्यून ने डीजीएचएस के बुलेटिन के आधार पर कहा कि संदिग्ध मौत सिलहट, मैमनसिंह और खुलना जिलों में रिकॉर्ड की गई।
भीषण तूफान के बाद पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में बड़े पैमाने पर नुकसान, 70 हजार से ज्यादा घरों की बिजली गुल
पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में सप्ताहांत के दौरान आए भीषण तूफानों के बाद हजारों घरों की बिजली गुल हो गई है। इन तूफानों से कई संपत्तियों और बिजली की लाइनों को नुकसान पहुंचा है।
बिजली कंपनी वेस्टर्न पावर के अनुसार, सोमवार सुबह तक पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में लगभग 70,000 उपभोक्ता, जिनमें पर्थ के लोग भी शामिल हैं, बिजली के बिना थे। शनिवार और रविवार को राज्य के दक्षिणी हिस्से में आए तेज तूफानों ने काफी नुकसान पहुंचाया।
दक्षिण और दक्षिण-पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के कई इलाकों में सौ किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार वाली हवाएं चलीं। करीब 24 घंटे तक चले इस खराब मौसम के कारण कई जगहों पर नुकसान और जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
स्टेट इमरजेंसी सर्विस (एसईएस) ने बताया कि सोमवार सुबह तक उन्हें मदद के लिए लगभग 700 कॉल मिली थीं। ज्यादातर शिकायतें छतों के नुकसान, इमारतों को हुए नुकसान और पेड़ों के गिरने से जुड़ी थीं। अधिकारियों ने कहा कि अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग के अनुसार, पर्थ के समुद्र किनारे स्थित 'कॉटस्लो' इलाके में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग की छत तेज हवाओं से उड़ गई। आसपास रहने वाले लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।
पर्थ के पश्चिमी उपनगरों से शनिवार शाम लापता हुआ 11 साल का एक लड़का रविवार सुबह सुरक्षित मिल गया। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। वेस्टर्न पावर का अनुमान है कि ज्यादातर इलाकों में बिजली आपूर्ति सोमवार रात तक बहाल कर दी जाएगी।
कुछ क्षेत्रों में चक्रवात जैसी तेज हवाएं दर्ज की गईं। केप नैचुरलिस्ट में हवा का झोंका 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच गया।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
