दुनिया की 5 बड़ी खबरें: पाक विदेश मंत्री को सता रहा हमले का डर, पाकिस्तानी एटीसी ने भारत से ओमान जा रही उड़ान को बचाया

पाकिस्तान को लगता है कि भारत की अर्थव्यवस्था की स्थिति खराब है और इस संकट से पैदा दबाव में वह (भारत) किसी तरह का फाल्स फ्लैग ऑपरेशन कर सकता है। पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के एटीसी ने अपनी सूझबूझ से भारत से ओमान जा रहे एक विमान को बेहद खराब मौसम में हादसे का शिकार होने से बचा लिया।

फोटो:आईएएनएस
i

भारत की अर्थव्यवस्था की हालत खराब, 'कुछ भी' कर सकता है : पाकिस्तानी विदेश मंत्री

दिवालिया होने की कगार पर खड़े पाकिस्तान को लगता है कि भारत की अर्थव्यवस्था की स्थिति खराब है और इस संकट से पैदा दबाव में वह (भारत) किसी तरह का फाल्स फ्लैग ऑपरेशन कर सकता है। इसके साथ ही, पाकिस्तान की पनाह में पल रहे आतंकियों पर भारत द्वारा घुसकर किए गए वारों से पाकिस्तान की नींद उड़ी हुई है और उसे भारत की तरफ से 'कुछ होने' का खतरा लगा रहता है। इसके स्पष्ट संकेत उस समय मिले जब पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने इसी तरह की आशंका जताई।

पाकिस्तानी एटीसी ने भारत से ओमान जा रही उड़ान को बचाया: पाक मीडिया

पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) ने अपनी सूझबूझ से भारत से ओमान जा रहे एक विमान को बेहद खराब मौसम में हादसे का शिकार होने से बचा लिया। यह दावा पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ओमान एयरलाइन की उड़ान संख्या 276 भारतीय शहर जयपुर से ओमान की राजधानी मस्कट जा रही थी। इसमें 150 लोग सवार थे।


शरीफ की हालत गंभीर बनी हुई है : निजी डॉक्टर

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के निजी डॉक्टर ने शुक्रवार को कहा कि शरीफ की हालत गंभीर है और पीएमएल-एन सुप्रीमो को इलाज के लिए विदेश यात्रा की अनुमति देने में देरी का उनके जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। डॉक्टर अदनान खान ने ट्वीट किया, "पूर्व प्रधानमंत्री नवाजशरीफ की हालत गंभीर बनी हुई है। पंजाब सरकार के विशेष मेडिकल बोर्ड के प्रख्यात चिकित्सा पेशेवरों ने चिकित्सा उपचार के लिए विदेश जाने की सलाह दी है।"

मैंने भारत से संबंध सुधारने की हरसंभव कोशिश की : इमरान

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का यह मानना है कि उन्होंने भारत से संबंध सुधारने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया है। इस्लामाबाद पॉलिसी रिसर्च इंस्टीट्यूट (आईपीआरआई) द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार मरगला कांफ्रेंस में इमरान ने गुरुवार को कश्मीर मसले को उठाते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने भारत से संबंध सुधारने के हरसंभव प्रयास किए क्योंकि दोनों देश जलवायु परिवर्तन से पैदा संकट और गरीबी की समान समस्या का सामना कर रहे हैं।


अमेरिका : मैसाचुसेट्स के पूर्व गवर्नर राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में

मैसाचुसेट्स के पूर्व गवर्नर डेवल पैट्रिक ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल होने की घोषणा की है। डेवल अमेरिकी इतिहास में निर्वाचित दूसरे अफ्रीकी मूल के अमेरिकी गवर्नर रहे हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पैट्रिक ने गुरुवार को एक ऑनलाइन वीडियो में कहा, "देश ने मुझे अब तक जो दिया है, उसके लिए गहरे आभार की भावना के साथ.. अगली पीढ़ी के लिए एक बेहतर, अधिक टिकाऊ, अधिक समावेशी अमेरिकी सपने को बनाने के दृढ़ संकल्प के साथ मैं आज अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर रहा हूं।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 15 Nov 2019, 8:30 PM