IPL 2026: ऑरेंज कैप की रेस में ईशान की एंट्री, भुवनेश्वर के सिर सज रही पर्पल कैप

ईशान किशन इस सीजन 14 मुकाबलों में 178 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 569 रन बना चुके हैं। वह आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें नंबर पर आ गए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रनों से हराया। एसआरएच की जीत के नायक ईशान किशन रहे, जिन्होंने 79 रनों की दमदार पारी खेली। ईशान ऑरेंज कैप की रेस में टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।

ईशान किशन इस सीजन 14 मुकाबलों में 178 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 569 रन बना चुके हैं। वह आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें नंबर पर आ गए हैं। ऑरेंज कैप पर गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज साई सुदर्शन का कब्जा बरकरार है। सुदर्शन ने 14 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 638 रन बनाए हैं।

शुभमन गिल 13 मुकाबलों में 616 रन बनाकर दूसरे नंबर पर काबिज हैं। वहीं, आरसीबी के खिलाफ 24 गेंदों में 51 रनों की तेज तर्रार पारी खेलने के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन 606 रनों के साथ तीसरे नंबर पर आ गए हैं। 13 मुकाबलों में 579 रनों के साथ 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी चौथे पायदान पर हैं।

पर्पल कैप रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के सिर की शोभा बढ़ा रही है। भुवनेश्वर 14 मुकाबलों में अब तक 24 विकेट निकाल चुके हैं। गुजरात टाइटंस के गेंदबाज कगिसो रबाडा ने भी 24 विकेट चटकाए हैं और वह लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज अंशुल कंबोज 21 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हैं। वहीं, राशिद खान 14 मुकाबलों में 19 विकेट लेकर इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा ने भी 19 विकेट झटके है और वह पांचवें नंबर पर मौजूद हैं।

शुक्रवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 255 रन लगाए। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन ने अर्धशतकीय पारी खेली। 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 4 विकेट गंवाकर 200 रन ही बना सकी। कप्तान रजत पाटीदार ने आरसीबी की तरफ से सर्वाधिक 56 रन बनाए, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 44 रनों का योगदान दिया। हालांकि, एसआरएच के खिलाफ मिली हार के बावजूद आरसीबी अंक तालिका में पहले स्थान पर रही और टीम ने पहले क्वालिफायर में अपनी जगह पक्की की।