IPL 2026: अंक तालिका में PKBS की बादशाहत बरकरार, LSG आठवें स्थान पर
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 5 में जीत मिली है, तो एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। पीबीकेएस के कुल 11 प्वाइंट हो गए हैं।
आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को 54 रनों से हराया। इस सीजन की पांचवीं जीत दर्ज करने के साथ ही पंजाब किंग्स ने अंक तालिका में अपनी पोजीशन को और मजबूत कर लिया है।
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 5 में जीत मिली है, तो एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। पीबीकेएस के कुल 11 प्वाइंट हो गए हैं। वहीं, पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली हार के बावजूद लखनऊ सुपर जायंट्स अंक तालिका में 8वें स्थान पर बनी हुई है। इस सीजन ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी ने खेले 6 मुकाबलों में से 4 में हार का सामना किया है। वहीं, 2 मुकाबलों में टीम को जीत नसीब हुई है।
मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 254 रन लगाए। टीम की तरफ से प्रियांश आर्या ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 93 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, कूपर कोनोली ने 46 गेंदों में 87 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में एलएसजी की टीम 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 200 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि एडेन मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया। वहीं, मिचेल मार्श ने 28 गेंदों में 40 रन बनाए।
रविवार को दिन के मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मिली हार के बावजूद भी राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में तीसरे नंबर पर बनी हुई है। रियान पराग की अगुवाई में राजस्थान ने आईपीएल 2026 में खेले 6 मुकाबलों में से 4 में जीत हासिल की है जबकि दो मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, इस सीजन की पहली जीत दर्ज करने के बाद केकेआर अंक तालिका में 9वें स्थान पर आ गई है।
आईपीएल 2026 के 28वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 155 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में 46 रन बनाए, तो यशस्वी जायसवाल ने 29 गेंदों में 39 रन बनाए। हालांकि, केकेआर 19.4 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 156 रनों के लक्ष्य को हासिल करने में सफल रही। केकेआर की तरफ से रिंकू सिंह ने 34 गेंदों में 53 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, अनुकूल रॉय ने 16 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia