वाराणसी के ज्योतिषियों को मोदी की वापसी पर संदेह, देश में राजनीतिक अस्थिरता की भविष्यवाणी

लोकसभा चुनाव की मतगणना से ठीक एक दिन पहले पीएम मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी के ज्योतिषियों ने चुनावी नतीजों में बीजेपी की वापसी पर संदेह जताया है। वाराणसी के ज्योतिषियों ने देश में राजनीतिक अस्थिरता की भविष्यवाणी की है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

काशी के ज्योतिषियों का मानना है कि शनि, राहु और गुरु की तिकड़ी एग्जिट पोल के आंकड़ों को बिगाड़ सकती है और इससे केंद्र में नई सरकार बनाने में कुछ परेशानी आ सकती है। ज्योतिषियों के अनुसार, ग्रहों की यह स्थिति भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को लोकसभा में सबसे बड़ी पार्टी तो बना सकती है, लेकिन हो सकता है बीजेपी बहुमत तक न पहुंच सके।

पंडित ऋषि द्विवेदी के अनुसार, ग्रहों की स्थित के कारण लोकतंत्र में अस्थिरता है और यह चुनाव के परिणामों में दिखेगा। उन्होंने कहा, "ग्रहों की इस स्थिति के कारण कोई भी सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। एनडीए को 220-240 सीटें मिल सकती हैं, वहीं बीजेपी 140-160 सीटों तक सिमट सकती है। जबकि यूपीए को 110-140 सीटें मिल सकती हैं।"


ज्योतिषी द्विवेदी ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं, जो अपना आधार भी बढ़ाएंगी।

वहीं वाराणसी के एक अन्य ज्योतिषी पंडित दीपक मालवीय ने भी कहा कि सरकार गठन में काफी परेशानी आ सकती है और नरेंद्र मोदी का व्यक्तिगत भविष्य भी संकेत देता है कि सरकार गठन के लिए उन्हें समझौते करने पड़ सकते हैं। मालवीय ने कहा, "पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मेघालय, मिजोरम, आंध्र प्रदेश और केरल की पार्टियां सरकार गठन के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी।"

कांग्रेस के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी स्थिति काफी मजबूत करेगी और उसका वोट प्रतिशत भी बढ़ेगा, लेकिन दिल्ली की कुर्सी से दूर रह सकती है।


वहीं काशी के अन्य ज्योतिषी गणेश प्रसाद मिश्र भी अन्य दोनों ज्योतिषियों के अनुमान से सहमत हैं, बल्कि वह यह भी कहते हैं कि ग्रहों की स्थिति के कारण 16वीं लोकसभा के कई चेहरे 17वीं लोकसभा में नहीं दिखाई देंगे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 22 May 2019, 5:15 PM