सात राज्यों की 59 सीटों पर मतदान आज, चार पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, मध्य प्रदेश से दिग्विजय सिंह, हरियाणा से भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और उत्तर प्रदेश से अखिलेश यादव की किस्मत आज ईवीएम में बंद हो जाएंगी। वहीं मेनका गांधी, डॉ. हर्षवर्धन और राधामोहन सिंह के अवाला ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाग्य का भी फैसला हो जाएगा।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में चार पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, मध्य प्रदेश से दिग्विजय सिंह, हरियाणा से भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और उत्तर प्रदेश से अखिलेश यादव की किस्मत आज ईवीएम में बंद हो जाएंगी। वहीं केन्द्रीय मंत्रियों मेनका गांधी, डॉ. हर्षवर्धन और राधामोहन सिंह के अवाला दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाग्य का भी फैसला हो जाएगा।

इस चरण में दिल्ली की 7 और हरियाणा की सभी 10 सीटों समेत बिहार की आठ, झारखंड की चार, मध्यप्रदेश की आठ, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। इस चरण में 10.18 करोड़ मतदाता हैं, 1,13,167 मतदान केन्द्र और कुल 979 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 54 उम्मीदवार बीजेपी, बीएसपी से 49, कांग्रेस से 46, शिवसेना 16, आप 12, सीपीआई 7 और सीपीएम के 6 उम्मीदवार मैदान में हैं।

दिल्ली की पूर्वी दिल्ली, चांदनी चौक, उत्तर-पूर्व दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली इन सीटों पर 83 उम्मीदवार, 1.33 लाख मतदाता हैं जिनके लिए 15428 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। यहां से उत्तर पश्चिमी दिल्ली से शीला दीक्षित और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, पूर्वी दिल्ली से पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर और आप से आतिशी, दक्षिणी दिल्ली के बॉक्सर विजेन्द्र कुमार, चांदनी चौक से केन्द्रीय मंत्री हर्षवर्धन प्रमुख उम्मीदवार हैं।

हरियाणा की दस अंबाला, करनाल, सोनीपत, रोहतक, सिरसा, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, गुड़गांव, भिवानी-महेन्द्रगढ़, हिसार सीट पर चुनाव हो रहा है। इन सीटों के लिए 223 उम्मीदवार, 1.80 करोड़ मतदाता हैं जिनके लिए 19441 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। हरियाणा की दो सीटों सोनीपत और रोहतक पिता-पुत्र भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा लड़ रहे हैं। गुड़गांव में बीजेपी प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह और फरीदाबाद से कृष्ण पाल गुर्जर हैं। हिसार सीट हरियाणा के तीन बड़े राजनैतिक घराने इस बार चुनाव मैदान में हैं। यहां से पूर्व उप-प्रधानमंत्री देवीलाल के परपौते दुष्यंत चौटाला, भजनलाल के पोते भव्य बिशनोई और हरियाणा के प्रमुख नेता सर चौधरी छोटूराम के वंशज चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह मैदान में हैं।

बिहार की आठ पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान, वाल्मीकिनगर, महाराजगंज और पश्चिमी चंपारण सीट पर वोट डाले जा रहे हैं। इन सीटों के लिए 127 उम्मीदवार, 1.36 करोड़ मतदाता हैं जिनके लिए 13793 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। यहां पूर्वी चंपारण में केन्द्रीय मंत्री और बीजेपी नेता राधामोहन सिंह और वैशाली में आरजेडी के डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह मैदान में हैं। झारखंड की चार धनबाद, सिंहभूम, जमशेदपुर और गिरीडीह में मतदान है। इन सीटों के लिए 67 उम्मीदवार, 66 लाख मतदाता हैं जिनके लिए 8581 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। सिंहभूम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा कांग्रेस की टिकट पर मैदान में हैं वहीं धनबाद में बीजेपी प्रत्याशी पीएन सिंह और कांग्रेस के कीर्ति झा आजाद के बीच टक्कर है।

मध्यप्रदेश की आठ गुना, सागर, विदिशा, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, राजगढ़, भोपाल सीटों पर मतदान हो रहा है। इन सीटों पर 138 उम्मीदवार, 1.04 लाख मतदाता हैं, जिनके लिए 13029 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। यहां की भोपाल सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह और बीजेपी की ओर से प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बीच कड़ा मुकाबला है। गुना से चार बार सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (कांग्रेस) और मुरैना से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बड़े उम्मीदवार हैं। उत्तर प्रदेश की 14 फूलपुर, इलाहाबाद, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, श्रावस्ती, अंबेडकर नगर, बस्ती, संत कबीर नगर, डुमरियागंज, आजमगढ़, लालगंज, जौनपुर, भदोही, मछलीशहर सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं।

इन सीटों पर 177 उम्मीदवार, 2.50 लाख मतदाता हैं जिनके लिए 29076 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इस चरण में इलाहाबाद से रीता बहुगुणा जोशी, आजमगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बीजेपी से दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, डुमरियागंज से जगदंबिका पाल और सुल्लतानपुर से मेनका गांधी प्रमुख उम्मीदवार हैं। पश्चिम बंगाल की आठ तमलुक, कांठी, गाथल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा और बिशुनपुर सीटों पर वोटिंग हो रही है। इन सीटों पर 83 उम्मीदवार, 1.33 लाख मतदाता हैं जिनके लिए 15428 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में इन 59 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने 44 पर कब्जा किया था इसके अलावा कांग्रेस के पास 2, टीएमसी के पास 8 और अन्य के पास पांच सीटें थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia