प्रतिबंध से परेशान प्रज्ञा की चुनाव आयोग से गुहार, बैन की अवधि 72 घंटे से घटाकर 12 घंटे किया जाए  

प्रज्ञा ठाकुर ने चुनाव आयोग से अपील की है कि उनपर लगे 72 घंटे के चुनाव प्रचार प्रतिबंध को कम करके 12 घंटे किया जाए। बता दें कि बुधवार को चुनाव आयोग ने प्रज्ञा ठाकुर के चुनाव प्रचार पर 72 घंटे के लिए बैन लगा दिया था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहने वाली भोपाल से बीजेपी की उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर पर चुनाव आयोग का डंडा चला और उनपर 72 घंटे का प्रतिबंध लगा दिया गया। प्रज्ञा ठाकुर को यह बैन भारी लग रहा है। अब प्रज्ञा चाहती हैं कि उन पर लगे बैन को कम कर दिया जाए। उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की है कि उनपर लगे 72 घंटे के चुनाव प्रचार प्रतिबंध को कम करके 12 घंटे किया जाए। बता दें कि बुधवार को चुनाव आयोग ने प्रज्ञा ठाकुर के चुनाव प्रचार पर 72 घंटे के लिए बैन लगा दिया था। उन पर लगा बैन आज सुबह 6 बजे से शुरू हो चुका है।

बता दें, मुंबई आतंकी हमले में शहीद हेमंत करकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बाबरी मस्जिद को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराने पर उन्हें अफसोस नहीं, बल्कि गर्व होता है।

दरअसल बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराने को लेकर उनसे सवाल किया गया था, जिसके जवाब में प्रज्ञा ने कहा था कि, 'ढांचा गिराने का अफसोस क्यों होगा, उस पर तो हम गर्व करते हैं। राम के मंदिर पर अपशिष्ट पदार्थ थे, उन्हें हमने हटा दिया। इससे हमारे देश का स्वाभिमान जागा है और हम भव्य राम मंदिर मनाएंगे'। उन्होंने खुद ये दावा किया है कि वो बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराने में शामिल थीं।'

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia