शॉटगन का ऐलान, मुश्किल में देश का लोकतंत्र, कांग्रेस के हाथ में हो कमान

बीजेपी से नाता तोड़ चुके बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि कांग्रेस वही पार्टी है, जिसने भारत को आजाद कराया और देश को पंडित नेहरू और सरदार पटेल जैसे राष्ट्रीय नेता दिए। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र मुश्किल में है, ऐसे में कमान कांग्रेस के हाथ में होनी चाहिए।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

अभिनेता से राजनेता बने बॉलीवुड के शॉटगन शत्रुघ्न सिन्हा का मानना है कि कांग्रेस पार्टी ही भारत का राजनीतिक भविष्य है। हाल ही में बीजेपी से नाता तोड़ चुके और बहुत जल्द कांग्रेस में शामिल होने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने इस बारे में पूछने पर हंसते हुए कहा, “राज की बात तो सब जानते थे। हां, मैंने सोनिया जी, राहुल और प्रियंका के साथ हाथ मिलाया है। मैं अब कांग्रेस का हिस्सा हूं।”

पटना साहिब से लगातार दो बार सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने फैसले की वजह पूछने पर कहा, “क्यों? मैंने कांग्रेस में शामिल होना क्यों चुना? मैंने बहुत सोच विचार कर यह फैसला किया है। और क्यों नहीं करता? कांग्रेस वहीं पार्टी है, जिसने भारत को आजाद कराया। इसने हमें सरदार वल्लभ भाई पटेल, पंडित जवाहर लाल नेहरू जैसे राष्ट्रीय नेता दिए हैं।” उन्होंने कहा कि इस समय देश का लोकतंत्र मुश्किल में है, इसलिए कमान कांग्रेस के हाथ में होनी चाहिए।

यह कहने पर कि वह तो अतीत की बात थी, अब कांग्रेस में उस तरह के नेता कहां हैं? उन्होंने कहा, “ऐसी ही दलील हम बीजेपी के लिए भी दे सकते हैं। मैंने लाल कृष्ण आडवाणी और अटल बिहारी जैसे नेताओं के कारण उनसे हाथ मिलाया था। नेतृत्व को बदलना ही होता है। आज कांग्रेस राहुल गांधी के हाथों में है।”

राहुल गांधी को कुछ दिन पहले तक बुरी तरह से ट्रोल किये जाने के सवाल पर ‘बिहारी बाबू’ ने कहा, "राहुल गांधी अब काफी परिपक्व हो चुके हैं। उनका अब उपहास नहीं किया जाता। हमें उन्हें मौका देना होगा। मुझे खुशी हुई जब उन्होंने मुझसे बात की और कहा कि पार्टी में मेरा स्वागत करने पर वह बहुत खुश हैं।”

उर्मिला मातोंडकर के कांग्रेस में आने पर सवाल पूछे जाने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, “जितना ज्यादा उतना अच्छा। मुझे लगता है कि कांग्रेस भारत का राजनीतिक भविष्य है। उसने भारत को उसके मुश्किल भरे वक्त से गुजरते हुए देखा है। अब वक्त आ गया है कि उन्हें एक और मौका दें।”

पटना साहिब से लोकसभा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा बीजेपी में रहते हुए मोदी सरकार की नीतियों और पीएम मोदी की खुले तौर पर आलोचना करने के कारण लंबे समय से चर्चा में रहे हैं। इसकी वजह से वह पार्टी में भी लंबे समय से हाशिये पर चल रहे थे। अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर बीजेपी से नाता तोड़ लिया है। इसी हफ्ते राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उन्होंने ऐलान किया था कि वह 6 अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होंगे।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia