‘ऑपरेशन लोटस’ के 105 दिन बाद 'विशेष सत्र' बुला रही सरकार, कांग्रेस ने संसद की एक दिन की बैठक बुलाने पर घेरा
जयराम रमेश ने सवाल किया कि क्या संविधान का इससे बड़ा अपमान और उस पर इससे बड़ा हमला हो सकता है? उन्होंने सरकार के इस कदम पर सवाल उठाते हुए इसे संविधान का अपमान और उस पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर लड़ाई जारी रहेगी।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने संविधान दिवस के मौके पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की क्योंकि उसे उम्मीद है कि इस दौरान वह संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए 'महाकलंकित दो-तिहाई बहुमत’ हासिल कर लेगी। उन्होंने यह दावा भी किया कि ‘ऑपरेशन लोटस’ के 105 दिन बाद सरकार ने विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है।
जयराम रमेश ने सवाल किया कि क्या संविधान का इससे बड़ा अपमान और उस पर इससे बड़ा हमला हो सकता है? उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को आंबेडकर जयंती की शाम मोदी सरकार ने परिसीमन विधेयकों को सार्वजनिक किया था, जिन्हें 17 अप्रैल की रात अपने अंजाम तक पहुंचना पड़ा। रमेश ने सरकार के इस कदम पर सवाल उठाते हुए इसे संविधान का अपमान और उस पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर लड़ाई जारी रहेगी। ‘ऑपरेशन लोटस’ से उनका संकेत पिछले कुछ दिनों में कुछ विपक्षी पार्टियों के सांसदों द्वारा पाला बदले जाने की ओर है।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी संसद का एक दिन का सत्र बुलाने पर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने किरन रिजिजू के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह रिक्वेस्ट पार्लियामेंट नाम की संस्था का मज़ाक उड़ाती है। पार्लियामेंट का विंटर सेशन बुलाने का समय आ गया है। मनीष तिवारी ने कहा कि स्पेशल सेशन, इंटर-सेशन पीरियड के दौरान बुलाने का एक तरीका है। यह रेगुलर विंटर सेशन का सब्स्टीट्यूट नहीं बन सकता और न ही बनना चाहिए। क्यों न बस एक रेगुलर विंटर सेशन बुलाया जाए और अगर सरकार चाहे तो बुला सकती है, वह हमेशा हारे हुए कानून को दोबारा ला सकती है।
बता दें कि मोदी सरकार ने मानसून सत्र के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से फिर से बुलाने का फैसला किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने गुरुवार को यह जानकारी दी और कहा कि दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। रीजीजू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन से सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है। माना जा रहा है कि सरकार ने महिला आरक्षण और उससे जुड़े परिसीमन विधेयकों को पारित कराने की कोशिश के तहत यह बैठक बुलाई है।
इसे भी पढ़ेंः परिसीमन पर सरकार की नई कोशिश! 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की विशेष बैठक
संसद के मानसून सत्र के तहत दोनों सदनों की बैठक बीते 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी, हालांकि उसके बाद से अब तक सत्रावसान नहीं किया गया था। पिछले लंबे समय से इस बात की आशंका जताई जा रही थी कि सरकार परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए कभी भी संसद का विशेष सत्र बुला सकती है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
