मौसम अपडेट: दिल्ली, UP-बिहार, राजस्थान और MP में भारी बारिश का अलर्ट, 16 राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी

दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 16 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। यूपी में किमी/घंटे तक हवाएं चलने और पहाड़ों में लैंडस्लाइड की चेतावनी है।

फोटो: IANS
i

उत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने उत्तर से दक्षिण तक 16 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी भारत में बिजली कड़कने और पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड की चेतावनी भी जारी की गई है। अलर्ट वाले राज्यों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, केरल, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और असम शामिल हैं।

दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली में आज भारी बारिश का अलर्ट है। इसके साथ ही आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है। इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


यूपी में 75 किमी/घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत नोएडा, आगरा, कानपुर, गोंडा, प्रतापगढ़, जौनपुर, मेरठ, अलीगढ़, मुरादाबाद, हरदोई, शाहजहांपुर, सीतापुर, बहराइच, मुजफ्फरनगर, मथुरा, बरेली, बिजनौर, बस्ती, खीरी और पीलीभीत में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट है। इन इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

बिहार में तूफानी बारिश की चेतावनी

बिहार में पटना समेत बक्सर, जहानाबाद, जमुई, कैमूर, औरंगाबाद, दरभंगा, कटिहार, अररिया, लखीसराय, गया, मुंगेर, नालंदा, वैशाली, भागलपुर, किशनगंज, रोहतास, भोजपुर, बांका, नवादा, समस्तीपुर, मधुबनी और पूर्णिया में तूफानी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पटना में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।


राजस्थान में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट

राजस्थान में जयपुर, भरतपुर, चूरू, अजमेर, भीलवाड़ा, फलौदी, अलवर और चित्तौड़गढ़ में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। इस दौरान 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जयपुर में आज अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में तूफानी बारिश की आशंका

मध्य प्रदेश में भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, विदिशा, बालाघाट, शहडोल, रायसेन, खरगोन, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, दमोह, पन्ना, सिवनी, छतरपुर, सीधी और नीमच में आंधी के साथ तूफानी बारिश का अलर्ट है। भोपाल में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


हिमाचल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। हालांकि मंडी, सोलन, बिलासपुर, चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, सिरमौर और हमीरपुर में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी है। कई जिलों में 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उत्तराखंड में 60 किमी/घंटे तक तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बारिश की चेतावनी है। यहां अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हरिद्वार, ऋषिकेश, अल्मोड़ा, गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और चंपावत में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है। इन इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


इन राज्यों में भी मौसम को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग के अलर्ट में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, केरल, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और असम भी शामिल हैं। पूर्वी भारत में बिजली कड़कने की चेतावनी है, जबकि पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड का खतरा बताया गया है।

IMD की सलाह, सफर से पहले मौसम जरूर जांचें

IMD ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं जाने का प्लान है तो घर से निकलने से पहले मौसम की स्थिति जरूर जांच लें। भारी बारिश का असर किसानों पर पड़ सकता है। वहीं, समुद्र में मछली पकड़ने जाने वाले मछुआरों से तूफान के दौरान समुद्र में नहीं जाने की अपील की गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए