पंजाब के 180 ETT शिक्षकों का चंडीगढ़ में प्रदर्शन, 2016 भर्ती विवाद सुलझाने की मांग

पंजाब के करीब 180 ETT शिक्षकों ने चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित सिसोदिया हाउस के बाहर प्रदर्शन किया। शिक्षक 2016 में हुई भर्ती से जुड़े कथित अनियमितताओं और बाद में हुई बहाली के बावजूद लंबित नौकरी संबंधी मुद्दों के समाधान की मांग कर रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i

पंजाब के एलिमेंट्री टीचर ट्रेनिंग (ईटीटी) शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों ने चंडीगढ़ के सेक्टर 39 स्थित सिसोदिया हाउस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। लगभग 180 ईटीटी टीचर अपनी भर्ती में कथित गड़बड़ियों को लेकर चंडीगढ़ में प्रदर्शन कर रहे हैं। ये टीचर 2016 की भर्ती से जुड़े विवाद और उसके बाद बहाली को लेकर सरकार से समाधान की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शन कर रही एक टीचर ने आईएएनएस से कहा, "हम यहां सिर्फ यही आग्रह करने आए थे कि एक के बाद एक मीटिंग हो रही हैं, तो कृपया हमारे मुद्दे को हल कर दीजिए। आप भी शांति से रहें और हम भी शांति से रहें। हमें भी यहां आकर इस तरह प्रदर्शन करना अच्छा नहीं लगता। आखिर हम पढ़े-लिखे टीचर हैं लेकिन कहीं न कहीं हमें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए मजबूर किया गया है। सरकार से मेरा निवेदन है कि कृपया हमारे मुद्दे को हल कर दें ताकि हम अपने घर लौट सकें। अभी तक मीटिंग नहीं हुई है।"

टीचरों का कहना है कि वे बार-बार मीटिंग का इंतजार कर रहे हैं लेकिन अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं निकला है। बता दें कि पंजाब में ईटीटी टीचर अपनी 2016 की भर्ती और उसके बाद बहाली से जुड़े विवादों और कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 2016 में लगभग 180 ईटीटी टीचरों की भर्ती हुई थी। बाद में चयन प्रक्रिया में खामियों का हवाला देते हुए उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें फिर से बहाल कर दिया गया।

हालांकि बहाली के बाद भी उनकी नौकरी से जुड़े कई मुद्दे अधूरे हैं, जिसको लेकर वे लगातार सरकार से मांग कर रहे हैं। टीचरों का कहना है कि वे शांति से अपनी बात रखना चाहते हैं और चाहते हैं कि सरकार जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान करे ताकि वे अपने घर लौट सकें और स्कूलों में पढ़ा सकें।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए