European Union के 27 देशों का भारत को समर्थन, पहलगाम की बरसी पर की आतंकवाद की कड़ी निंदा

ईयू ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर European Union के 27 सदस्य देशों ने भारत के प्रति एकजुटता जताते हुए साझा बयान जारी किया है। भारत स्थित आयरिश दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह बयान साझा किया, जिसमें हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे बेहद निंदनीय करार दिया गया। यूरोपीय संघ ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वह भारत के साथ मजबूती से खड़ा है।

ईयू ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। संगठन ने इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाने की मांग भी दोहराई। साथ ही, संघ ने हिंसा के इस कृत्य की तीखी आलोचना करते हुए आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया।

यूरोपीय संघ के अलावा दुनिया के कई अन्य देशों ने भी हमले की बरसी पर 26 निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इज़रायल, अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के दूतावासों ने सोशल मीडिया के जरिए पीड़ितों को याद करते हुए इस घटना को अमानवीय और अस्वीकार्य बताया।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन घाटी में छुट्टियां मनाने आए 26 निहत्थे लोगों को आतंकियों ने निशाना बनाया था। इनमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय पोनीवाला शामिल था। इस हमले के बाद भारत ने 7–8 मई की रात पाकिस्तान स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई करते हुए बड़ा ऑपरेशन चलाया, जिसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया। इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia