झारखंड में नक्सलियों ने खेला खूनी खेल, लैंड माइंस ब्लास्ट में 3 जवान शहीद, दो घायल

आज के हमले के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। झारखंड जगुआर, स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ की कई टीमें संयुक्त रूप से नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में शामिल हैं और पूरे इलाके में सघन तलाशी और छापेमारी की जा रही है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

झारखंड के सिंहभूम जिले के चाईबासा में नक्सलियों ने आज सुबह एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने घात लगाकर लैंड माइंस विस्फोट किया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि दो जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों में सीआरपीएफ का भी एक जवान है। ये नक्सली हमला पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो थाना के लांजी के जंगल में गुरुवार सुबह 8.45 बजे हुआ।

सीआरपीएफ के प्रवक्ता दिलीप अंबेश के मुताबिक, झारखंड पुलिस के जगुआर (एजी 11) बल और सीआरपीएफ की 197 बटालियन का नक्सलियों के खिलाफ एक संयुक्त अभियान चल रहा था। उसी दौरान आज सुबह नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इस घटना में 3 जवान शहीद हो गए, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।

आज की घटना में शहीद होने वाले सभी जवान झारखंड जगुआर के एजी-11 इकाई के सदस्य थे जिनके नाम हैं। शहीद हुए जवानों के नाम हैं- हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार पंडित और कांस्टेबल हरद्वार शाह और किरण सुरीन। इनमें से दो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक की मौत अस्पताल में हुई। इसके अलावा घायल होने वालों में कांस्टेबल दीप टोपनो और निक्कू उरांव शामिल हैं।

झारखंड में नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने 19 फरवरी, 2008 को विशेष टास्क फोर्स के गठन को मंजूरी दी थी, जिसे बाद में झारखंड जगुआर का नाम दिया गया। इसके लिए अलग तरह की वर्दी भी डिजाइन की गई। राज्य में फिलहाल इस तरह के झारखंड जगुआर के 20 ग्रुप नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।

आज के हमले के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। झारखंड जगुआ, स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ की कई टीमें संयुक्त रूप से नक्सलियों के खिलाफ आपरेशन में शामिल हैं और पूरे इलाके में सघन तलाशी और छापेमारी की जा रही है। फिलहाल वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली इलाके से फरार बताए जा रहे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia