मध्य प्रदेश में बेकाबू कोरोना: छिंदवाड़ा, बैतूल, खरगोन और रतलाम में 2 से 3 दिन का लॉकडाउन घोषित

महाराष्ट्र की सीमा से लगे छिंदवाड़ा में आज रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक 80 घंटे का लॉकडाउन घोषित किया गया है। जिलाधिकारी के मुताबिक लॉकडाउन शहरी इलाकों में तथा शहर से लगे 5 किलोमीटर के क्षेत्र में लागू रहेगा।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

मध्य प्रदेश में कोरोना के हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। इसे देखते हुए राज्य के चार जिलों बैतूल, छिंदवाड़ा, खरगौन और रतलाम में दो से तीन दिन का लॉकडाउन लगाया जा रहा है। यह लॉकडाउन आज रात 10 बजे से प्रभावी हो जाएगा। दरअसल मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटे में 2,546 नए मामले सामने आए हैं और 12 लोगों की मौत हुई है। यह आंकड़ा बीते 6 महीने में सबसे ज्यादा है। इसी के मद्देनजर इन चार जिलों में 2 से 3 दिन का लॉकडाउन घोषित किया गया है। वहीं नीमच में रविवार को लॉकडाउन रहेगा

महाराष्ट्र की सीमा से लगे छिंदवाड़ा में गुरुवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक 80 घंटे का लॉकडाउन लगाया गया है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन ने बताया कि लॉकडाउन शहरी इलाकों और शहर से लगे 5 किलोमीटर तक के क्षेत्र में रहेगा। इस दौरान सिर्फ आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी। छिंदवाड़ा में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 40 नए मरीज सामने आए हैं। वहीं बैतूल में 63 और खरगोन में 77 मामले मिले हैं। इन दोनों जिलों में कल यानी शुक्रवार शाम 8 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा।


इसके अलावा रतलाम में भी शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6:00 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। रतलाम में 24 घंटे में 84 केस सामने आए हैं। ध्यान रहे कि मध्य प्रदेश के 13 शहरों में पहले ही रविवार को लॉकडाउन लागू है। इनमें भोपाल, इंदौर, जबलपुर के अलावा बैतूल, छिंदवाड़ा, रतलाम, खरगोन, उज्जैन, ग्वालियर, नरसिंहपुर के साथ छिंदवाड़ा जिले के सौंसर में लॉकडाउन लगा हुआ है। बुधवार को रीवा जिले में भी रविवार के लॉकडाउन का ऐलान किया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia