सबरीमाला: 4 ट्रांसजेंडरों ने किए भगवान अयप्पा के दर्शन, दो दिन पहले नहीं मिली थी अनुमति 

केरल में भगवान अयप्पा के मंदिर में महिलाओं की एंट्री को लेकर विवाद अभी भी थमा नहीं है। 16 दिसंबर को 4 ट्रांसजेंडरों को पुलिस ने सबरिमाला मंदिर में प्रवेश करने से रोक दिया था। लेकिन अब उन्हें अनुमति दे दी गई है।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

सबरीमाला में 4 ट्रांसजेंडरों ने मंगलवार को भगवान अयप्पा के दर्शन किए। इन लोगों को रविवार को मंदिर जाने की इजाजत नहीं मिली थी। लेकिन एक दिन पहले अनुमति मिलने के बाद उन्होंने आज दर्शन किए। इन सभी ने साड़ी पहनी हुई थी। इन चार ट्रांसजेंडर्स की पहचान अनन्या, त्रिपुटी, अवंतिका और रंजू के रूप में हुई।

सुबह एरुमेली पहुंचने के बाद एर्नाकुलम के चारों भक्तों ने साड़ी पहनी और सुरक्षा के बीच पंबा से सुबह आठ बजे मंदिर की तरफ चढ़ाई शुरू की। सुबह 9.45 बजे यह लोग मंदिर परिसर पहुंचे और पूजा-अर्चना संपन्न की। इस दौरान किसी भी समूह द्वारा विरोध नहीं किया गया।

रविवार को इन चारों को रविवार को पुलिस ने पहाड़ी पर चढ़ाई पूरी करने से इसलिए रोक दिया था जब उन्होंने कहा था कि वे साड़ी में दर्शन करना चाहते हैं। ट्रांसजेंडर्स ने बताया कि उन्हें कहा गया कि अगर वो महिलाओं के कपड़ों में अंदर जाने की कोशिश करेंगे तो उन्हें रोक दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने पुरुषों के कपड़ें पहने तो पुलिस फिर अपनी बात से मुकर गई और उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। इसके बाद उन्होंने कोट्टायम पुलिस अधीक्षक से शिकायत की और सोमवार को केरल उच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त पुलिस महानिदेशक ए हेमचंद्रन से भी संपर्क किया जो तीर्थयात्रा की देखरेख करने वाली तीन सदस्यीय समिति का हिस्सा हैं।

इसके बाद एक ट्रांसजेंडर अनन्या ने मीडिया को बताया कि उन्हें अनुमति मिल गई है। ट्रांसजेंडर अनन्या ने बताया कि संरक्षकों और पुलिस ने मंदिर के तंत्री (मुख्य पुजारी) से बात की। इसके बाद हमें दर्शन की इजाजत मिल गई। ट्रांसजेंडरों को पहले भी मंदिर में जाने की अनुमति मिलती रही है और इस समूह के लोगों ने यहां पूजा-अर्चना भी की है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia