मुंबई की सोसाइटी में टीकाकरण धोखाधड़ी के आरोप में 5 गिरफ्तार, गहन जांच में जुटी पुलिस

मुंबई उत्तर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिलीप सावंत ने कहा कि 30 मई को कांदिवली पश्चिम में हीरानंदानी हेरिटेज सोसाइटी में आयोजित निजी टीकाकरण शिविर के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

मुंबई पुलिस ने मई के अंत में कांदिवली के एक पॉश हाउसिंग सोसाइटी में कोविड टीकाकरण अभियान में कथित धोखाधड़ी के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ दिन पहले सोसाइटी के लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद मुंबई पुलिस और बीएमसी ने टीकाकरण अभियान की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी थी।

मुंबई उत्तर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिलीप सावंत ने कहा कि 30 मई को कांदिवली पश्चिम में हीरानंदानी हेरिटेज सोसाइटी में आयोजित निजी टीकाकरण शिविर के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इस मामले में महेंद्र कुलदीप सिंह (39), संजय गुप्ता (25), चंदन सिंह (32), करीम अकबर अली (21) और नितिन मोरे (32) की गिरफ्तारी हुई है।


कांदिवली पश्चिम में स्थित हीरानंदानी हेरिटेज सोसाइटी के तीन आवासीय टावरों में 435 फ्लैट हैं, जिनमें लगभग 390 निवासी हैं, इनमें सुरक्षाकर्मी, घरेलू नौकर और ड्राइवर जैसे इन-हाउस कर्मचारी भी शामिल हैं, जो टीकाकरण अभियान का हिस्सा थे। आरोप है कि टीकाकरण के कागजातों में हेरफेर किया गया था।

इस सप्ताह धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद से मुंबई पुलिस अब जांच कर रही है कि क्या उसी समूह या अन्य अनधिकृत व्यक्तियों ने मुंबई के अन्य आवास परिसरों में भी इसी तरह के अवैध टीकाकरण शिविर आयोजित किए हैं। पुलिस इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */