बिहार, झारखंड और यूपी में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 51 लोगों की मौत

मई की शुरुआत से उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव देखा गया। आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने से करीब 366 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में तूफान का असर ज्यादा रहा।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में शुक्रवार को मानसून पूर्व की बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से करीब 51 लोगों की मौत की खबर है। आकाशीय बिजली की वजह से यूपी में 24, बिहार में 17 और झारखंड में 10 लोग मारे गए। यूपी के कई जिलों में बदले मौसम ने कहर बरपाया। सबसे ज्यादा पांच मौतें सुलतानपुर में हुईं। इसके अलावा बहराइच में तीन, रायबरेली में दो, अमेठी में एक, वाराणसी मंडल में 10 और उन्नाव में तीन लोगों की मौत हो गई। इन जिलों में कई लोग लोग घायल भी हुए हैं, कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

बिहार में वज्रपात से कई लोग झुलस कर जख्मी भी हो गए। आकाशीय बिजली की वजह से सहरसा में 6 और मधेपुरा, खगड़िया और अररिया जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 17 लोग झुलस गए। सहरसा में एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई। मिथिलांचल के दरभंगा और मोतिहारी में वज्रपात से 5 लोगों की मौत हो गई। दक्षिण-पश्चिम में भभुआ में 2 की मौत हुई और 12 लोग झुलस गए। बेगूसराय में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।

उधर, झारखंड के पलामू, हजारीबाग, चतरा और बोकारो में दो-दो लोगों की मौत हुई, जबकि लातेहार और धनबाद में एक-एक व्यक्ति की जान गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, त्रिपुरा, मिजोरम, नगालैंड, मणिपुर, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में तूफान और गरज चमक के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज भी यूपी के कई जिलों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है। 10 जून को पूरे यूपी में 40 से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। 11 जून को पूर्वी यूपी में आंधी-पानी के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, गोवा, कर्नाटक, रायलसीमा क्षेत्र और तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण कोंकण के कुछ हिस्सों, दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़, दक्षिण ओडिशा, तेलंगाना और मध्य-पश्चिम और उत्तरी बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ गया है। विभाग ने कहा कि स्थितियां अगले 24 घंटे के दौरान मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के शेष हिस्सों में मानसून के बढ़ने के अनुकूल हैं।

मई की शुरुआत से उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव देखा गया। आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने से करीब 366 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में तूफान का असर ज्यादा रहा।

2 और 3 मई को यूपी और राजस्थान में आंधी-तूफान के चलते 130 से ज्यादा लोगों की जान गई। सिर्फ आगरा में ही 80 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 9 और 10 मई को आंधी-तूफान और बारिश में 18 लोगों की मौत हुई। फिर 14 मई को भी ऐसी ही घटनाओं में 51 लोगों की जान गई। 28 और 29 मई को यूपी, बिहार और राजस्थान में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में 45 लोगों की मौत हो गई थी। फिर 1 जून को तूफान और तेज बारिश के चलते उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली में 22 लोगों की जान गई।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 09 Jun 2018, 8:46 AM