राजस्थान: राजसमंद के एक होटल से मुक्त कराई गईं 68 लड़कियां, आस्था के नाम पर कई दिनों से होटल में थी बंद

राजस्थान के राजसमंद में आध्यात्म के नाम पर एक होटल में कैद कर रखी गई करीब 68 लड़कियों और 10 महिलाओं को पुलिस ने मुक्त कराया है। खबरों के मुताबिक, महिलाओं ने शुरुआती पूछताछ में कहा है कि इन लड़कियों का धर्म के नाम पर ब्रेन वॉश किया जा रहा था।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

राजस्थान के राजसमंद जिले में एक होटल से 68 लड़कियों को पुलिस ने रेस्क्यू किया है। इनमें से 20 लड़कियां नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 12 से 16 साल के बीच है। नाबालिग लड़कियों के अलावा होटल से पुलिस ने 10 महिलाओं को भी रेस्कयू किया है। सभी लड़कियों को होटल में छिपा कर रखा गया था। होटल मालिक ने छत और बालकनियों मे टीन शेड लगवाए थे, ताकि लोगों की नजर इन बच्चियों पर नहीं पड़ सके। खबरों के मुताबिक, होटल से मिली 10 महिलाओं से शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि इन लड़कियों का धर्म के नाम पर ब्रेन वॉश किया जा रहा था।

इन सभी लड़कियों को मुक्त करवाकर बालिका गृह में भेजा गया। यह कार्रवाई बाल कल्याण समिति और पुलिस की ओर से की गई। खबरों के मुताबिक, कई लड़कियों को इस होटल में बंद करके रखा गया था। बताया जा रहा है कि ये बालिकाएं कांकरोली के आध्यात्मिक गुरुमुख स्कूल की हैं और आश्रम में आध्यात्मिक पढ़ाई कर रही थीं। हालांकि, रजिस्ट्रेशन सहित अन्य दस्तावेज नहीं होने से आश्रम संचालक संदेह के घेरे में है।

बाल कल्याण समिति के मुताबिक ये लड़कियां राजस्थान, बिहार, झारखण्ड़, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, असम के अलग-अलग जिलों की रहने वाली है। इन सभी ने अब तक यही बताया है कि वे माता-पिता की स्वीकृति से पढ़ाई के लिए आई हैं। सभी लड़कियों को पन्नाधाय बालिका गृह में पूछताछ के बाद काउंसलिंग की गई।

बाल कल्याण समिति ने कहा कि इन लड़कियों और महिलाओं को होटल के 14 कमरों में ठहराया गया था। लड़कियों और महिलाओं को होटल से बाहर निकलने की इजाजत नहीं थी। इन लड़कियों और महिलाओं पर निगरानी के लिए दो लोग तैनात थे। होटल के पास ही ब्रहमाकुमारी का आश्रम भी है। होटल और आश्रम का एक ही रास्ता है।

यह भी बताया जा रहा है कि सभी लड़कियां दाती महाराज के आश्रम की हो सकती हैं। होटल से 50 कदम दूर ही दाती महाराज का आश्रम होने के कारण पुलिस इस मामले को दाती महाराज से जोड़कर भी जांच कर रही है। हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।

वहीं पुलिस दाती महाराज के आश्रम, ब्रहमाकुमारी आश्रम और मानव तस्करी की संभावना आदि बिन्दुओं को जोड़कर जांच में जुटी है। पुलिस उप अधीक्षक राजेन्द्र सिंह ने कहा कि होटल प्रबंधन से लड़कियों के बारे में पूछताछ जारी है और होटल को सीज कर दिया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia