उत्तराखंड के रिखणीखाल में खाई में गिरा वाहन, 6 महिलाओं समेत 7 लोगों की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल
यह हादसा रिखणीखाल के कलवाड़ी के पास तब हुआ, जब कार भंगालवाड़ गांव की ओर जा रही थी। हादसे के समय वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए गए और पुलिस बल को वहां भेजा गया।

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में लैंसडौन स्थित रिखणीखाल इलाके में शनिवार को एक वाहन के खाई में गिरने से उसमें सवार छह महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य लोग घायल हो गए। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, गाड़ी में बैठी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं और रिखणीखाल में दीदी-भूली स्कीम के लिए एप्लीकेशन फॉर्म जमा करके लौट रही थीं।
यह हादसा रिखणीखाल के कलवाड़ी के पास तब हुआ, जब कार भंगालवाड़ गांव की ओर जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए गए और पुलिस बल को वहां भेजा गया। सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लैंसडौन की उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने बताया कि हादसा कलवाड़ी गांव के पास हुआ। उन्होंने बताया कि हादसे के समय वाहन में कुल 12 लोग सवार थे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को एयरलिफ्ट करके बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर लिखा कि पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल, कलवाड़ी में एक भीषण सड़क हादसे की अत्यंत दुखद खबर मिली है। इस हृदयविदारक हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैंने जिला प्रशासन को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने, राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि घायलों को उचित इलाज मिले। मैंने यह भी निर्देश दिया है कि गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट करके बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री धामी ने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
