धरती के 'स्वर्ग' कश्मीर में होगा 71वां मिस वर्ल्ड 2023 का आयोजन, 140 देश लेंगे भाग

मिस वर्ल्ड करोलिना बिलावस्की ने कहा, ''कश्मीर में सब कुछ है और यह मिस वर्ल्ड जैसे आयोजन के लिए सबसे अच्छी जगह है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

71वीं मिस वर्ल्ड 2023 प्रतियोगिता इस साल के अंत में कश्मीर में आयोजित होने वाली है, जिसमें 140 देश भाग लेंगे। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया गया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिस वर्ल्ड करोलिना बिलावस्की, मिस इंडिया सिनी शेट्टी, मिस वर्ल्ड कैरेबियन एमी पेना और मिस वर्ल्ड इंग्लैंड जेसिका गेगेन और मिस वर्ल्ड अमेरिका श्री सैनी और मिस एशिया प्रिसिलिया कार्ला सपुत्री यूल्स शामिल हुई। उन्‍होंने बताया कि 71वीं मिस वर्ल्ड 2023 प्रतियोगिता के लिए कश्‍मीर का चयन किया गया है।

करोलिना बिलावस्की ने कहा, ''कश्मीर में सब कुछ है और यह मिस वर्ल्ड जैसे आयोजन के लिए सबसे अच्छी जगह है। मैं भारत की खूबसूरत जगहों, यहां की खूबसूरत झीलों को देखकर हैरान हूं, यहां सभी ने हमारा अच्छे से स्वागत किया है। उन्होंने आगे कहा कि हमें जो आतिथ्य सत्कार मिला वह अद्भुत था। इस आयोजन में 140 देशों को भाग लेते देखना रोमांचक होगा। हर जगह की अपनी सुंदरता होती है, लेकिन यहां का सुखद आतिथ्य सत्कार अभिभूत करने वाला है।

मिस इंडिया सिनी शेट्टी ने कहा, ''यह गर्व से भरा क्षण है कि मिस वर्ल्ड 2023 कश्मीर में आयोजित होने जा रहा है। यह क्षण दिवाली जैसा होगा क्योंकि 140 देश भारत आ रहे हैं और एक परिवार के रूप में भाग ले रहे हैं।'' इन सभी ने लोकल फाइव-स्टार होटल में अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ नाश्ता किया। रूबल नागी आर्ट फाउंडेशन के रूबल नागी और पीएमई एंटरटेनमेंट के अध्यक्ष जमील सईदी भी नाश्ते के इस बैठक में उपस्थित रहे।

मिस वर्ल्ड अमेरिका श्री सैनी और मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन और सीईओ जूलिया मॉर्ले पेजेंट विजेताओं के कश्मीर दौरे में शामिल हुई हैं। भारत लगभग तीन दशकों के बाद इस प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। आखिरी बार देश ने इस कार्यक्रम की मेजबानी 1996 में की थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia