राजस्थान के सरकारी स्कूल में देखने गई CJP टीम पर हमला, पटक पटककर पीटा गया, BJP पर लग रहे गंभीर आरोप

CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि उनकी टीम के साथियों के साथ बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने मारपीट की और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।

राजस्थान के सरकारी स्कूल में देखने गई CJP टीम पर हमला
i

राजस्थान की राजधानी जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा इलाके में एक सरकारी स्कूल के निरीक्षण के दौरान हुई मारपीट ने सियासी हंगामा खड़ा कर दिया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने अभियान 'स्कूल ठीक करो' के तहत पार्टी के कार्यकर्ता गांव के सरकारी स्कूल की हालत देखने भेजे थे, लेकिन कुछ लोगों ने उन्हें गांव में घुसने रोक दिया और उनके साथ मारपीट की। वहीं CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि उनकी टीम के साथियों के साथ बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने मारपीट की और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।

खबरों के मुताबिक, कॉजपा के कार्यकर्ताओं के गांव पहुंचने से पहले ही गांव के मुख्य रास्ते पर बैरिकेड लगा दिए गए थे और गांव में आने वाले वाहनों की जाँच की जा रही थी। इसके बाद ग्रामीणों और सीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ जिसके बाद कार्यकर्ताओं को उस इलाके से बाहर निकाल दिया गया। सीजेपी का आरोप है कि ये लोग ग्रामीण नहीं बल्कि बीजेपी कार्यकर्ता थे।


अभिजीत दिपके ने क्या कहा?

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके ने 'एक्स' पर लिखा, "राजस्थान में आखिर हो क्या रहा है? भाजपा के लोगों ने आशुतोष रांका और सीजेपी के वॉलंटियर्स पर हमले किए हैं। राजस्थान पुलिस इस तरह के हमले की इजाजत कैसे दे सकती है?"

एक अन्य पोस्ट में अभिजीत दिपके ने कहा कि आशु पर राजस्थान में भाजपा के गुंडों ने हमला किया है। आशु और सीजेपी के अन्य वॉलंटियर्स को पीटा गया है और वे घायल हुए हैं।

आशुतोष रांका का राजस्थान के शिक्षा मंत्री पर आरोप

सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने 'एक्स' पर पूरी घटना का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "आज घिनौनेपन की सारी हदें पार हो गईं।" रामपुरा, कंवरपुरा में पिछले कई सालों से स्कूल भैंसों के तबेले में चल रहा है। जब उनकी टीम निरीक्षण करने पहुंची तो उन पर सरेआम मारपीट और पत्थरबाजी की गई। कारों के शीशे तोड़ दिए गए, टीम पर पत्थर बरसाए गए, कपड़े फाड़ दिए गए। टीम के कार्यकर्ता को पीटा गया।

आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि यह सब शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। उन्होंने लिखा, "मदन दिलावर को बच्चे भैंसों के तबेले में पढ़ते रहें, यह मंजूर है लेकिन स्कूल ठीक हो जाए यह मंजूर नहीं। आपने आज गुंडे भेजकर पूरे देश में राजस्थान को शर्मसार कर दिया लेकिन हम इस गुंडागर्दी से डरने वाले लोग नहीं हैं। स्कूल तो ठीक कराने ही होंगे।"


कांग्रेस नेता ने बीजेपी को घेरा 

इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी बयान दिया। उन्होंने कहा, "यह बीजेपी की गलती है। किसी को भी विरोध करने से नहीं रोकना चाहिए और ऐसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। स्कूलों की हालत जनता के सामने आनी चाहिए। आपको अपना एक्शन प्लान बताना चाहिए कि आप क्या करना चाहते हैं।"

यह कार्यक्रम राजस्थान में सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों और मीडिया के सदस्यों के प्रवेश को लेकर चल रहे विवाद के बीच हो रहा है। सीजेपी सदस्यों द्वारा स्कूल भवनों के निरीक्षण की घोषणा के बाद शिक्षा विभाग ने बिना किसी ठोस कारण के बाहरी लोगों और मीडियाकर्मियों के स्कूलों में बिना अनुमति प्रवेश पर रोक लगा दी थी।

 पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए