गुजरात: अहमदाबाद में चार मंजिला इमारत गिरी, 3 को बचाया गया, 10 लोगों के फंसे होने की आशंका
अहमदाबाद के ओढव इलाके रविवार शाम चार मंजिला इमारत गिर गई। मलवे में 10 लोगों के दबे होने की खबर आई थी। खबरों के मुताबिक, 3 लोगों को बचा लिया गया है जबकि अभी भी कई लोगों के फंसे होने की खबर है।

गुजरात के अहमदाबाद में रविवार रात चार मंजिला इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इमारत के मलबे में 10 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मलबे से 3 लोगों को निकाला जा चुका है। राहत और बचाव कार्य के लिए स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें लगी हुई हैं। बताया जा रहा है कि इमारत में दरार के चलते शनिवार को ही बिल्डिंग को खाली कर दिया गया था। बिल्डिंग 40 साल पुरानी बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक रविवार शाम अहमदाबाद के ओढव इलाके में मौजूद एक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर पड़ी। अचानक हुए इस हादसे में 10 लोग इमारत के मलबे में दब गए, जिसके बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। हादसे की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से इलाके में राहत कार्य शुरू किया।
एडिशनल सीएफओ राजेश भट्ट के मुताबिक इमारत में 32 फ्लैट थे। 40 साल पुरानी इस बिल्डिंग में दरार आने पर लोगों को नोटिस दिया गया था। एक दिन पहले ही इमारत खाली कराई गई थी। इसके बावजूद कुछ लोग इमारत में फिर से चले गए थे।
हादसे पर गुजरात के गृहमंत्री प्रदीपसिंह जडेजा ने कहा कि नगर निगम, राज्य सरकार, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। गांधीनगर से एनडीआरएफ की 5 टीमें और भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि ये टीमें बचाव अभियान के लिए आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर रही हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 27 Aug 2018, 8:32 AM
