उत्तराखंड: अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी यात्री बस, 6 की मौत, कई घायल
अल्मोड़ा के भिकियासैंण-विनायक मार्ग पर एक यात्री बस नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कई यात्रियों की मौत हो गई।

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। भिकियासैंण–विनायक मार्ग पर एक यात्री बस नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कई यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
हादसा कहां और कैसे हुआ
जानकारी के अनुसार दुर्घटना भिकियासैंण-विनायक-जालली मोटर मार्ग पर शिलापनी के पास हुई। बस भिकियासैंण से रामनगर की ओर जा रही थी और सुबह लगभग छह बजे द्वाराहाट से रवाना हुई थी। रास्ते में अचानक बस अनियंत्रित हो गई और खाई में गिर गई।
प्रारंभिक रिपोर्ट में 6 से 7 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। बस में कुल 12 यात्री सवार थे। कई घायलों को भिकियासैंण के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रेस्क्यू अभियान जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और आशंका है कि कुछ यात्री अभी भी बस में फंसे हो सकते हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। आपदा अधिकारी विनीत पाल के अनुसार, राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जा रही है तथा घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।