बेंगलुरु में तेज बारिश और आंधी से अस्पताल की दीवार गिरी, 7 लोगों की मौत, सीएम सिद्धरमैया ने जांच के आदेश दिए

घटना के बाद सीएम सिद्धरमैया खुद घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सीएम ने 7 लोगों की मौत पर दुख जताते हुए घटना की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही सीएम ने मृतकों के परिवार को सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान भी किया है।

बेंगलुरु में तेज बारिश और आंधी से अस्पताल की दीवार गिरी, 7 लोगों की मौत, सीएम सिद्धरमैया ने जांच के आदेश दिए
i
user

नवजीवन डेस्क

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार को अचानक आई तेज आंधी और भारी बारिश से एक सरकारी अस्पताल परिसर की दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आकर तीन बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई। इस घटना में कुछ लोग घायल भी हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राज्य के सीएम सिद्धरमैया ने बॉरिंग और लेडी कर्जन हॉस्पिटल के पास एक कंपाउंड की दीवार गिरने की घटना के फौरन बाद अस्पताल पहुंचे और घटना में घायलों से मिलकर उनका हाल जाना। वहीं घटना में सात लोगों की मौत पर दुख जताते हुए सीएम सिद्धरमैया ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही सीएम ने मृतकों के परिवार को सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान भी किया।


इसके बाद सीएम सिद्धरमैया खुद घटनास्थल पर पहुंचे जहां दीवार गिरने से कई लोगों की मौत हो गई। उन्होंने भारी बारिश के बीच गिरी हुई दीवार का नीरिक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया। वहीं कर्नाटक के डिप्टी सीएम डी. के. शिवकुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर बॉरिंग और लेडी कर्जन हॉस्पिटल के पास एक कंपाउंड की दीवार गिरने की घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की और उनका हाल जाना।

बेंगलुरू पुलिस ने बताया कि यह हादसा बोरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल में हुआ। पुलिस ने बताया कि भारी बारिश और तेज हवाओं की वजह से सातों पीड़ितों ने दीवार के पास शरण ली हुई थी, तभी वह दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में दबने से सातों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सातों मृतक रेहड़ी-पटरी वाले थे।


घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस और आपातकालीन सेवा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय निवासियों की मदद से मलबे से शवों को बाहर निकाला। सभी पीड़ितों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। सभी मृतकों की पहचान की जा रही है। इस बीच सीएम सिद्धरमैया ने घटना का जांच के आदेश देते हुए पीड़ितों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान कर दिया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia