स्पाइसजेट फ्लाइट का इंजन उड़ान के बीच फेल, टला बड़ा हादसा, फ्लाइट की कराई गई सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग

मुंबई से कोलकाता जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट SG670 में उड़ान के दौरान इंजन फेल होने पर पायलट ने आपात लैंडिंग की। कोलकाता एयरपोर्ट पर विमान सुरक्षित उतारा गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं। जांच में तकनीकी खराबी की पुष्टि हुई है।

फाइल फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

मुंबई से कोलकाता के लिए रवाना हुई स्पाइसजेट की फ्लाइट SG670 को रविवार देर रात उस समय आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी, जब उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन में खराबी की सूचना मिली। कोलकाता एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

इंजन फेल होते ही पायलट ने दिखाई सूझबूझ

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के तुरंत बाद पायलट ने इमरजेंसी की घोषणा की। पूरी सुरक्षा प्रक्रिया के तहत कोलकाता एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई थी। विमान ने रात 11:38 बजे सुरक्षित लैंडिंग की, जिसके बाद आपातकालीन स्थिति को वापस ले लिया गया।


यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता

स्पाइसजेट ने इस घटना पर कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है। कंपनी ने तकनीकी खराबी के कारणों की जांच शुरू कर दी है। विमान को फिलहाल इंजीनियरिंग जांच के लिए रोका गया है।

सितंबर में भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग

इससे पहले 12 सितंबर 2025 को गुजरात के कंडला एयरपोर्ट से मुंबई जा रही स्पाइसजेट की Q400 फ्लाइट को भी तकनीकी खराबी के कारण आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी।

टेकऑफ के बाद विमान का एक बाहरी पहिया रनवे पर गिरा पाया गया था। इसके बावजूद विमान ने सुरक्षित रूप से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर 3:51 बजे रनवे 27 पर लैंडिंग की थी।

स्पाइसजेट प्रवक्ता ने उस समय बताया था, “कंडला से मुंबई जा रही Q400 विमान के टेकऑफ के बाद रनवे पर एक पहिया पाया गया। विमान ने SOP के अनुसार इमरजेंसी लैंडिंग का अनुरोध किया। विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों ने सामान्य रूप से उतरकर टर्मिनल तक पहुंच बनाई।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia